Last Updated:
प्रोफेसर वैद्य प्रदीप कुमार प्रजापति ने यह भी कहा कि गर्मियों में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बेहद जरूरी है. अक्सर लोग पानी पीना कम कर देते हैं, जिससे शरीर में मौजूद विषैले तत्व बाहर नहीं निकल पाते. इसलिए रोजाना कम से कम डेढ़ से दो लीटर पानी जरूर पीना चाहिए.
नई दिल्ली: राजधानी में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. बीते 24 घंटों के दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. बढ़ती गर्मी के साथ ही बीमारियों का खतरा भी बढ़ने लगता है. पसीना, धूल, मिट्टी और गंदगी के कारण जहां त्वचा संबंधी समस्याएं बढ़ती हैं, वहीं पेट से जुड़ी बीमारियां और वायरल इंफेक्शन भी आम हो जाते हैं. ऐसे में इस मौसम में खुद को स्वस्थ और सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है.
साफ सफाई का ध्यान रखना जरूरी
इस विषय पर अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान के निदेशक प्रोफेसर वैद्य प्रदीप कुमार प्रजापति ने विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि गर्मियों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए. जिस तरह कोविड-19 के दौरान लोग हाथों की सफाई और सामाजिक दूरी का पालन करते थे, उसी तरह की सावधानी इस मौसम में भी जरूरी है. गर्मी बढ़ते ही सर्दी, जुकाम, खांसी और बुखार जैसे वायरल संक्रमण तेजी से फैलते हैं, इसलिए भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्क रहना और दूरी बनाए रखना आवश्यक है.
इतना पानी पीना है जरूरी
प्रोफेसर वैद्य प्रदीप कुमार प्रजापति ने यह भी कहा कि गर्मियों में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बेहद जरूरी है. अक्सर लोग पानी पीना कम कर देते हैं, जिससे शरीर में मौजूद विषैले तत्व बाहर नहीं निकल पाते. इसलिए रोजाना कम से कम डेढ़ से दो लीटर पानी जरूर पीना चाहिए. इसके साथ ही हल्की-फुल्की एक्सरसाइज भी करनी चाहिए, जिससे पसीना निकलता रहे. पसीना शरीर को अंदर से साफ रखने में मदद करता है और त्वचा संबंधी समस्याओं जैसे घमौरियां या फोड़े-फुंसियों से बचाव करता है.
जल्दी उठें और सूर्य नमस्कार करें
प्रोफेसर प्रजापति ने सुबह जल्दी उठने और सूर्य नमस्कार करने की भी सलाह दी. उनके अनुसार, सूर्य नमस्कार एक संपूर्ण योग क्रिया है, जो शरीर को ऊर्जा प्रदान करती है और पूरे सिस्टम को बेहतर बनाती है. इससे व्यक्ति दिनभर तरोताजा और सक्रिय महसूस करता है.
लंबे समय तक वायरल संक्रमण
वहीं, उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर सर्दी, जुकाम, खांसी या बुखार जैसे लक्षण महसूस हों तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए और किसी भी तरह की लापरवाही से बचना चाहिए, क्योंकि गर्मियों में वायरल संक्रमण लंबे समय तक बने रह सकते हैं.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें
