दिल्ली शराब नीति मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. अब दिल्ली हाईकोर्ट में अरविंद केजरीवाल, आम आदमी पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और वरिष्ठ पत्रकार रवीश कुमार के खिलाफ अदालत की अवमानना की कार्रवाई शुरू करने के लिए एक याचिका दायर की गई है. यह मामला जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा की अदालत की कार्यवाही का वीडियो रिकॉर्ड करने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने से जुड़ा है. याचिकाकर्ता ने इस पूरे मामले की एसआईटी जांच की मांग की है.
क्या है पूरा मामला?
एडवोकेट वैभव सिंह द्वारा दायर इस याचिका में आरोप लगाया गया है कि जब अरविंद केजरीवाल जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा की अदालत में खुद को केस से अलग करने की मांग कर रहे थे, उस दौरान अदालत की कार्यवाही की अनधिकृत वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग की गई. नियमों के मुताबिक, अदालत की कार्यवाही की रिकॉर्डिंग और उसका सार्वजनिक प्रसारण बिना अनुमति के वर्जित है. हालांकि कोर्ट के रजिस्ट्रार के द्वारा कुछ दिनों पहले ही इस मामले में दिशा निर्देश जारी करके वीडियो को सोशल मीडिया से हटाने का आदेश दे चुकी है ,जिसे काफी हद तक हटा भी लिया गया था
इन दिग्गजों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
याचिका में केवल केजरीवाल ही नहीं, बल्कि विपक्ष के कई बड़े चेहरों को भी लपेटे में लिया गया है:
· पत्रकार: रवीश कुमार
· AAP नेता: मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, संजीव झा, जरनैल सिंह और अन्य.
· कांग्रेस नेता: दिग्विजय सिंह
संस्थान की छवि धूमिल करने की साजिश
याचिकाकर्ता का दावा है कि ये वीडियो जानबूझकर और योजनाबद्ध तरीके से एक्स (ट्विटर), फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर साझा किए गए. याचिका में कहा गया है कि यह न्यायपालिका की छवि खराब करने और जनता को यह दिखाने की एक ‘गहरी साजिश’ है कि न्यायपालिका केंद्र सरकार के दबाव में काम कर रही है. याचिका में इन वीडियो को सोशल मीडिया से तुरंत हटाने की भी मांग की गई है.
मुख्य प्वाइंट्स
· अनधिकृत रिकॉर्डिंग: जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा की कोर्ट कार्यवाही का वीडियो रिकॉर्ड कर वायरल करने का आरोप.
· अवमानना याचिका: एडवोकेट वैभव सिंह ने केजरीवाल, रवीश कुमार और अन्य के खिलाफ कोर्ट में याचिका दी.
· सुनवाई की तारीख: मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस कारिया की बेंच 22 अप्रैल को इस मामले की सुनवाई कर सकती है.
· विपक्षी नेताओं पर घेरा: आप नेताओं के अलावा कांग्रेस के दिग्विजय सिंह का नाम भी याचिका में शामिल.
· प्रशासनिक कार्रवाई: इससे पहले हाई कोर्ट प्रशासन ने भी दिल्ली पुलिस को इस मामले में कार्रवाई के लिए पत्र लिखा था.
सवाल-जवाब
अरविंद केजरीवाल और रवीश कुमार के खिलाफ याचिका क्यों दायर की गई है?
यह याचिका जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा की अदालत की कार्यवाही का अनधिकृत वीडियो रिकॉर्ड करने और उसे सोशल मीडिया पर साझा कर अदालत की अवमानना करने के आरोप में दायर की गई है.
याचिकाकर्ता ने इस कृत्य के पीछे क्या उद्देश्य बताया है?
याचिकाकर्ता के अनुसार, यह न्यायपालिका की छवि को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर धूमिल करने और जनता को गुमराह करने की एक सोची-समझी साजिश है.
इस मामले में अगली कानूनी प्रक्रिया क्या होगी?
दिल्ली हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच 22 अप्रैल को इस याचिका पर सुनवाई कर सकती है, जिसमें तय होगा कि आरोपियों को नोटिस जारी किया जाए या नहीं.
क्या पहले भी इस मामले में कोई शिकायत हुई थी?
हाँ, हाई कोर्ट प्रशासन ने पहले ही दिल्ली पुलिस को अनधिकृत रिकॉर्डिंग और प्रकाशन के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए निर्देश जारी किए थे.
