तेज धूप ने बिगाड़ी त्वचा? टैनिंग और रैशेज से बचने के लिए अपनाएं ये असरदार स्किन केयर टिप्स

Last Updated:

Summer Skincare Tips: अप्रैल की शुरुआत के साथ ही सूरज के तेवर तल्ख हो गए हैं. प्रदूषण और ओजोन लेयर के कमजोर होने के कारण अब सुबह की धूप भी त्वचा के लिए खतरनाक साबित हो रही है. गाजियाबाद जिले के एमएमजी अस्पताल की त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉक्टर दिव्या द्विवेदी के अनुसार, एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण ने धूप को और भी घातक बना दिया है, जिससे टैनिंग, जलन और खुजली के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं. आखिर क्यों अब सुबह की धूप भी सुरक्षित नहीं रही और धूप से झुलसी स्किन को तुरंत राहत देने के लिए डॉक्टर ने क्या उपाय बताए हैं. आइए जानते हैं.

गाजियाबाद: तेज गर्मी और चिलचिलाती धूप ने लोगों की दिनचर्या के साथ-साथ उनकी त्वचा पर भी गहरा असर डालना शुरू कर दिया है. अप्रैल की तपती धूप अब सिर्फ गर्मी का एहसास नहीं करा रही बल्कि स्किन से जुड़ी कई समस्याओं को भी जन्म दे रही है. सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग बाहर निकलने से बच रहे हैं. वहीं जो लोग मजबूरी में घर से बाहर निकलते हैं, उनकी त्वचा पर टैनिंग, जलन और खुजली जैसी परेशानियां तेजी से बढ़ रही हैं. ऐसे में डॉक्टरों ने लोगों को सतर्क रहने और सही तरीके से त्वचा की देखभाल करने की सलाह दी है.

गाजियाबाद के जिला एमएमजी सरकारी अस्पताल की त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉक्टर दिव्या द्विवेदी ने बताया कि मार्च और अप्रैल के महीनों की धूप त्वचा के लिए बेहद नुकसानदायक होती है. उन्होंने एक चिंताजनक बात यह बताई कि बढ़ते प्रदूषण के कारण एनसीआर क्षेत्र में ओजोन लेयर कमजोर हो गई है, जिससे सूरज की हानिकारक किरणें सीधे त्वचा पर असर डालती हैं. यही वजह है कि अब सुबह के समय भी धूप उतनी ही तेज और नुकसानदायक हो गई है, जितनी पहले दोपहर में होती थी. लोग अक्सर यह सोचकर सुबह की धूप में बिना किसी सुरक्षा के निकल जाते हैं कि इससे कोई नुकसान नहीं होगा, लेकिन यह सोच अब गलत साबित हो रही है.

यह भी पढ़ें: घर पर बना ये देसी साबुन, महंगे फेसवॉश की कर देगा छुट्टी, दाग-धब्बे होंगे दूर, चेहरे पर आएगा पार्लर जैसा निखार

धूप से बचने के लिए फिजिकल और केमिकल कवच जरूरी
डॉक्टर के मुताबिक त्वचा को सुरक्षित रखने के लिए दो तरह की सुरक्षा बेहद जरूरी है. पहली है फिजिकल प्रोटेक्शन, जिसमें सनग्लासेस, कैप, दुपट्टा, छाता और फुल स्लीव के कपड़े पहनना शामिल है. ये चीजें धूप के सीधे संपर्क को काफी हद तक कम कर देती हैं. खासकर दोपहिया वाहन चलाने वालों के लिए हेलमेट पहनना और शरीर को पूरी तरह ढककर रखना बहुत जरूरी है. इसके साथ ही केमिकल प्रोटेक्शन के तहत सनस्क्रीन का नियमित इस्तेमाल करना चाहिए. डॉक्टर की सलाह है कि चाहे आप सुबह जल्दी ही घर से क्यों न निकल रहे हों, सनस्क्रीन लगाना कभी न भूलें.

त्वचा में जलन होने पर तुरंत अपनाएं यह घरेलू उपाय
तेज धूप के कारण इन दिनों लोगों को टैनिंग के साथ-साथ स्किन पर छोटे-छोटे दाने और जलन की समस्या भी देखने को मिल रही है. कई बार ऐसा महसूस होता है जैसे त्वचा जल रही हो. ऐसी स्थिति में तुरंत ठंडे पानी से चेहरा या प्रभावित हिस्से को धोना चाहिए और उसके बाद मॉइश्चराइजर लगाना चाहिए. आमतौर पर 24 घंटे के भीतर राहत मिल जाती है लेकिन अगर समस्या तीन से चार दिनों तक बनी रहती है या बढ़ने लगती है, तो डॉक्टर से संपर्क करना बेहद जरूरी हो जाता है.

खानपान और बाहर निकलने के समय का रखें विशेष ध्यान
डॉक्टर दिव्या द्विवेदी ने यह भी सलाह दी कि लोग अपने बाहर निकलने का समय इस तरह तय करें कि सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे के बीच धूप में कम से कम निकलना पड़े. इसके साथ ही शरीर को हाइड्रेट रखना भी बहुत जरूरी है. इसके लिए दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए और खानपान में नारियल पानी, मौसमी फल और हरी सब्जियां शामिल करनी चाहिए. सही देखभाल और थोड़ी सी सावधानी से इस भीषण गर्मी में भी त्वचा को सुरक्षित रखा जा सकता है.

About the Author

Seema Nath

सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *