Noida Traffic Challan: क्या आपको लगता है कि सड़कों पर सिर्फ गाड़ियां दौड़ती हैं? अगर आप नोएडा की सड़कों पर हैं, तो शायद आपको लगेगा कि यहां गाड़ियों के साथ-साथ ‘लापरवाही’ भी सरपट दौड़ रही है. नोएडा ट्रैफिक पुलिस दिन-रात चालान काट रही है, सड़कों पर खड़े होकर लोगों को समझा रही है, लेकिन हकीकत यह है कि नियमों को तोड़ना यहां एक आम बात हो गई है. आंकड़ों की मानें तो हर महीने 2 से 3 लाख रुपये के चालान काटे जा रहे हैं, लेकिन फिर भी नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों की कमी नहीं है. आखिर क्यों नोएडा के वाहन चालक भारी जुर्माने के बाद भी सुधरने को तैयार नहीं हैं?
युवाओं के कंधों पर जिम्मेदारी, लेकिन वही सबसे आगे!
ट्रैफिक पुलिस की रिपोर्ट में एक चौंकाने वाला और चिंताजनक खुलासा हुआ है. नियमों का उल्लंघन करने वालों में सबसे बड़ी संख्या ‘युवा वर्ग’ की है. कॉलेज जाने वाले छात्र हों या दफ्तर भागते युवा, रफ्तार का जुनून और नियमों की अनदेखी इनके लिए जैसे ‘कूल’ दिखने का जरिया बन गई है. बिना हेलमेट के बाइक दौड़ाना, रॉन्ग साइड (गलत दिशा) में गाड़ी चलाना और स्टंट करना जैसे आम हो गया है. पुलिस का कहना है कि यह युवा न केवल अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं, बल्कि सही दिशा से आने वाले निर्दोष लोगों की जान के साथ भी खिलवाड़ कर रहे हैं.
एक दिन में 6180 चालान: पुलिस का ‘मंगलवार’ वाला महा-अभियान
हाल ही में ट्रैफिक पुलिस ने जिले भर में एक विशेष अभियान चलाया. इस अभियान के नतीजे चौंकाने वाले थे. सिर्फ एक मंगलवार को पुलिस ने कुल 6180 ई-चालान काटे.
- मैनुअल चालान: 2598 चालान पुलिसकर्मियों ने मौके पर खुद काटे.
- कैमरा चालान: 3582 चालान आईएमएस (ISTMS) कैमरों के जरिए किए गए.
- सीज गाड़ियां: गंभीर नियमों के उल्लंघन पर 10 वाहनों को तुरंत सीज कर दिया गया.
यह आंकड़े गवाही दे रहे हैं कि पुलिस की नजर हर कोने पर है, फिर भी लोग बच निकलने की कोशिश में अपनी जान की बाजी लगा देते हैं.
गलत दिशा और बिना हेलमेट का जानलेवा खेल
अभियान के दौरान पुलिस ने पाया कि सबसे ज्यादा चालान उन लोगों के कटे जो बिना हेलमेट के गाड़ी चला रहे थे. कुल 2604 चालान सिर्फ बिना हेलमेट के लिए किए गए. इसके अलावा:
- रॉन्ग साइड ड्राइविंग: 459 चालान गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के हुए.
- नो-पार्किंग: सड़कों पर जाम का कारण बनने वाली अवैध पार्किंग के लिए 542 चालान किए गए.
- ओवर स्पीड: 388 लोगों को तेज रफ्तार की वजह से जुर्माना भरना पड़ा.
- सीट बेल्ट: 111 चालान कार चलाते समय सीट बेल्ट न लगाने पर हुए.
स्कूल और अस्पताल भी सुरक्षित नहीं
सबसे दुखद पहलू यह है कि वाहन चालक स्कूल और अस्पताल जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में भी अपनी रफ्तार कम नहीं करते. इन क्षेत्रों में बच्चे और मरीज होते हैं, जहां सावधानी की सबसे ज्यादा जरूरत होती है. ट्रैफिक पुलिस लगातार स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता शिविर लगाती है, लोगों को समझाती है कि सड़क सुरक्षा ही जीवन की रक्षा है, लेकिन शिविर से निकलते ही लोग फिर उसी पुरानी ढर्रे पर लौट आते हैं.
एडीसीपी ट्रैफिक का कड़ा संदेश: ‘सिर्फ चालान समाधान नहीं’
इस गंभीर स्थिति पर संतोष कुमार, एडीसीपी ट्रैफिक ने साफ शब्दों में कहा है, ‘हम नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहे हैं और सख्त चालान काट रहे हैं. लेकिन असली बदलाव तब आएगा जब लोगों के भीतर खुद जिम्मेदारी का भाव पैदा होगा. केवल डर या चालान से सड़क दुर्घटनाओं को नहीं रोका जा सकता. इसके लिए जनता की भागीदारी जरूरी है. ट्रैफिक नियमों का पालन करना कानून का डर नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा से जुड़ा विषय है.’
जागरूकता बनाम लापरवाही: कब सुधरेंगे हालात?
नोएडा में तकनीक का भरपूर इस्तेमाल किया जा रहा है. कैमरों के जरिए हर चौक-चौराहे पर नजर रखी जा रही है. लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या हम सिर्फ जुर्माने के डर से ही नियम मानेंगे? सड़क सुरक्षा का मतलब सिर्फ पुलिस से बचना नहीं है, बल्कि सुरक्षित घर पहुंचना है. गलत दिशा में गाड़ी चलाना थोड़े समय की बचत तो दे सकता है, लेकिन यह उम्र भर का दुख भी दे सकता है.
