Jammu and Kashmir Vande Bharat Start. कश्मीर घाटी जाने वालों के लिए अच्छी खबर है. जम्मू से कश्मीर तक नौ घंटे का सफर अब केवल पांच घंटे पूरा होगा. भारतीय रेलवे आज से श्रीनगर तक सीधी ट्रेन चलाने जा रहा है. इस ट्रेन को रेल मंत्री हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. यानी आप दिल्ली से जम्मू पहुंचे और वहां से वंदे भारत में बैठकर सीधा कश्मीर जा सकते हैं. यह ट्रेन पर्यटकों के लिए सबसे बेहतर होगी.
जम्मू से कश्मीर की दूरी 267 किलोमीटर है. सड़क से जाने में आमतौर पर 8 से 9 घंटे का समय लगता है. और बर्फबारी, भूस्खलन और खराब मौसम में सड़क यात्रा जोखिम भरी होती है और समय भी अधिक लगता है. पर नई वंदे भारत ट्रेन केवल पांच घंटे में यह दूरी तय करेगी. इस ट्रेन का आज औपचारिक उद्घाटन होगा और रेगुलर 2 मई से चलेगी. इस रूट पर दो ट्रेनें चलाई जाएंगी.
ये होगा इसका शेड्यूल
जम्मू तवी से पहली ट्रेन सुबह 6.20 बजे चलेगी और दूसरी दोपहर 1.02 बजे चलेगी. वहीं श्रीनगर से सुबह 8.00 बजे और दोपहर 2.00 बजे ट्रेन जम्मू के लिए रवाना होगी. ट्रेनें सप्ताह में 6 दिन चलेंगी और एक दिन मेंटीनेंस रुकेंगी. इस ट्रेन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह केवल दो स्टेशनों श्री माता वैष्णो देवी कटरा और बनिहाल में रुकेगी. कम स्टॉपेज के कारण यात्रा समय में काफी बचेगा.
ये होगा किराया
किराया भी आम यात्रियों के हिसाब से रखा गया है. एसी चेयर कार का किराया 715 रुपये और एग्जीक्यूटिव चेयर कार में किराया 1,515 रुपये तक है. सभी टिकटों में खाने की सुविधा भी शामिल है.
सीधा होगा सफर
अब वैष्णो देवी दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं को कटरा स्टेशन पर ट्रेन बदलने का झंझट नहीं होगा. वे सीधे जम्मू तवी से वंदे भारत में बैठकर कटरा और आगे श्रीनगर तक पहुंच सकेंगे. इसमें कुल 20 कोच लगाए गए हैं, जो पहले की तुलना में दोगुनी क्षमता वाले हैं. इससे वेटिंग लिस्ट की समस्या भी काफी हद तक कम हो जाएगी.
ट्रेन की खासियत
ट्रेन में आधुनिक सुविधाएं जैसे ऑटोमैटिक दरवाजे, जीपीएस आधारित ट्रैकिंग सिस्टम, बायो-वैक्यूम टॉयलेट, वाई फाई और सर्दियों में विशेष हीटिंग व्यवस्था दी गई है.
इनको भी होगी राहत
इस ट्रेन के शुरू होने से जम्मू-कश्मीर के छात्रों, मरीजों, सरकारी कर्मचारियों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी. सर्दियों में जब सड़कें बंद हो जाती हैं, तब यह ट्रेन स्थानीय लोगों के लिए लाइफलाइन का काम करेगी. इसके अलावा कश्मीरी हस्तशिल्प, सूखे मेवे और फलों के व्यापार को भी रफ्तार मिलेगी. व्यापारी अब कम समय और कम खर्च में अपने माल को जम्मू और अन्य हिस्सों तक पहुंचा सकेंगे.
