Last Updated:
Delhi Weather Today: दिल्ली एनसीआर में मई के पहले हफ्ते तक हल्की बारिश और ठंडी हवाओं से गर्मी से राहत मिलने वाली है लेकिन अल नीनो से कमजोर मॉनसून और किसानों के लिए पानी के संकट की आशंका बढ़ती जा रही है.
मई के पहले हफ्ते में दिल्ली से सटे इलाकों में बारिश होने से हीट वेव से राहत मिलने वाली है.(PTI)
Delhi Mausam Aaj: दिल्ली में बारिश की फुहारों से मई की चिलचिलाती गर्मी से राहत मिल गई है. पिछले दो दिनों से बारिश, ओले और आंधी-तूफान ने भीषण गर्मी के कहर को तो शांत कर दिया है लेकिन इसके पीछे एक बड़ी मुसीबत धीरे-धीरे चली आ रही है. अल नीनो के चलते मॉनसून के मौसम में आफत झेलनी पड़ सकती है. हालांकि मई के पहले हफ्ते में लोग सुहावने मौसम का मजा ले पाएंगे.
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मई के पहले हफ्ते में मौसम सुहावना रहने वाला है. हर बार की तरह इस बार मई की शुरुआत बदन जलाती गर्मी से नहीं होगी बल्कि हल्की बारिश, तेज ठंडी हवाएं प्री मॉनसून का अहसास कराएंगी और हीट वेव से राहत देंगी.
स्काईमेट के मौसम वैज्ञानिक महेश पहलावत ने बताया कि उत्तर भारत में मौसम में लगातार बदलाव देखे जा रहे हैं. हीटवेव (heatwave) की स्थिति के बाद अब हल्की-फुल्की बारिश से लोगों को थोड़ी सी राहत मिल गई है.
पहलावत आगे कहते हैं, ‘मई के पहले सप्ताह में गर्मी से राहत रहेगी. इस हफ्ते में हीट वेव की कोई स्थिति बनती नजर नहीं आ रही है. दिल्ली-एनसीआर में हल्की-फुल्की बारिश के आसार हैं. इससे तापमान में भी गिरावट आएगी और अधिकतम तापमान जो कि 40-42 सेल्सियस तक पहुंच गया था वह अब इस हफ्ते में 38 से 39 के बीच रहने का अनुमान है.’
हालांकि यह राहत पूरे महीने नहीं रहनी, उसके बाद एक बार फिर से तापमान में बढ़ोतरी देखी जाएगी और गर्मी पड़ेगी. चूंकि मई में प्री मानसून आ जाता है ऐसे में इस एक्टिविटी के चलते कभी बारिश कभी आंधी कभी तेज धूप की स्थिति देखने के लिए मिलेगी.
मॉनसून में आ रही आफत
हालांकि वैज्ञानिकों का कहना है कि जो बारिश अभी गर्म तापमान से राहत दे रही है, जब मॉनसून का मौसम आएगा तो उसकी कमी परेशानी पैदा कर सकती है. अल नीनो (El Nino) का असर इस बार मानसून पर देखने को मिलेगा और इसके चलते मानसून सामान्य से काम रहने के आसार हैं.
विज्ञानियों ने कहा कि इस बार किसानों को ऐसी फसल उगाने की सलाह दी जा रही है, जिसमें पानी का इस्तेमाल ज्यादा ना हो.
About the Author
Priya Gautam is an accomplished journalist currently working with Hindi.News18.com with over 14 years of extensive field reporting experience. Previously worked with Hindustan times group (Hindustan Hindi) and …और पढ़ें
