'जिंदा जल जाते लोग अगर मैं खून देखकर रुक जाता', गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में कैसे लगी आग, जानें पूरी कहानी चश्मदीद की जुबानी

गाजियाबाद: आज जो हुआ वो बेहद खतरनाक था. जब मैंने देखा कि मेरे हाथ से खून निकल रहा है, तो उसकी वजह यही थी कि वहां सोचने का बिल्कुल भी समय नहीं था. आग तेजी से फैल रही थी और हालात काबू से बाहर होते जा रहे थे. नौंवे फ्लोर पर आग लगी थी और उसे बुझाने के लिए फायरफाइटिंग इक्विपमेंट तक तुरंत पहुंचना जरूरी था. लेकिन हाइड्रेंट निकालने का वक्त नहीं था, इसलिए मैंने बिना देर किए उसे तोड़ दिया. इसी दौरान मेरे हाथ में चोट लग गई और खून बहने लगा, लेकिन उस समय अपनी चोट की परवाह करने का मौका नहीं था.

मैंने फटाफट हाइड्रेंट निकाला और ऊपर की तरफ भागा. तब तक आग चार फ्लोर तक फैल चुकी थी. हम लोगों ने मिलकर तुरंत पानी चालू किया और आग बुझाने में जुट गए. वहां पहले से भी कुछ लोग कोशिश कर रहे थे, लेकिन आग बहुत तेजी से फैल रही थी. असल में, वहां पिछले 4-5 साल से काम चल रहा था और कई बार कहने बावजूद सुरक्षा के इंतजामों पर ध्यान नहीं दिया गया. काफी सामान पड़ा था- जैसे लकड़ी वगैरह… इससे आग और भड़क गई. इस वजह से काफी नुकसान हुआ.

भगवान का शुक्र है कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई. जहां तक मेरी बात है, मैं सिक्योरिटी और सेफ्टी इक्विपमेंट्स के बिजनेस में हूं और ज्यादातर गवर्नमेंट डिपार्टमेंट्स के साथ काम करता हूं, इसलिए मुझे पता था कि ऐसी इमरजेंसी में क्या करना चाहिए. आग बहुत तेजी से फैल रही थी, इसलिए मैंने तुरंत फैसला लिया, हाइड्रेंट तोड़ा और बिना समय गंवाए उसे चालू करके आग बुझाने में जुट गया… लोगों को बचाने वाले ‘अजय शर्मा’ ने आंखों देखी पूरी घटना बताई.

यह है मामला

गौरतलब है, दिल्ली से सटे गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके के गौर ग्रीन सोसाइटी में बुधवार की सुबह फ्लैट में भीषण आग लग गई. आग लगने से अफरा-तफरी मच गई.9वीं मंजिल स्थित एक फ्लैट में लोगों ने धुंआ उठते देखा. तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई. फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंचकर आग बुझने के काम में जुटी है. बताया जा रहा है कि आग फैलते हुए 9 फ्लैट तक पहुंच गई है. आग का धुंआ दिल्‍ली-मेरठ एक्‍सप्रेसवे तक से देखा जा सकता है.

आग कब लगी?
गाजियाबाद में बुधवार सुबह 8.30 बजे गौर ग्रीन एवेन्यू सोसायटी की बिल्डिंग में भीषण आग लग गई. आग 15 मंजिला बिल्डिंग के 9वें फ्लोर पर लगी. देखते ही देखते आग ने ऊपर की 3-4 मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया. आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं. आग इतनी भीषण है कि धुएं का गुबार करीब 2 किमी दूर से दिखाई दे रहा है.

आग क्यों लगी?
गाजियाबाद के पॉश इलाके इंदिरापुरम में उस समय हड़कंप मच गया, जब गौर ग्रीन सोसाइटी में आग लग गई. शॉर्ट सर्किट की वजह से बहुमंजिला इमारत के आठवें फ्लोर के फ्लैट में आग लगी, जो कि फैलते हुए तीन माले तक पहुंच गई.

किसने लोगों को बचाया?
आग लगने के तुरंत बाद सहायता करने वाले अजय शर्मा ने लोगों को बचाया और दमकल उपकरणों को चालू किया. इस दौरान वो घायल भी हो गए. बताया जा रहा है कि करीब 25 लोगों का रेस्क्यू किया गया है. राहत-बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है. सोसाइटी में रहने वाले लोगों का कहना है कि सभी को समय रहते निकाल दिया गया था. कोई फंसा नहीं है.

क्या कह रहे लोग?
लोगों का कहना है कि हाइड्रोलिक दो घंटे बाद आई है और उसकी बौछार भी ढंग से नहीं पहुंच रही है. आग पर लगभग काबू पा लिया गया है. तीन तरफ से दमकलकर्मी आग बुझाने में लगे हैं. लोगों का कहना है कि बिल्डर के अवैध कब्जे कर रखे हैं. कोई फायर सेफ्टी और डिजास्टर प्लान नहीं है.

कितना नुकसान हुआ?
गनीमत इस बात रही कि इस दौरान कोई जानमाल की हानि नहीं हुई. इस दौरान फ्लैटों में रखा हुआ लाखों का घरेलू सामान जलकर खाक हो गया.

फायर ब्रिगेड की कितनी गाड़िया मौजूद?
आग की खबर मिलते ही दमकल की एक दर्जन से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंची हुई हैं और लगातार आग बुझाने का काम किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि 10.45 तक आग पर करीब करीब काबू पा लिया गया.

टावर का रास्ता कैसा?
सोसायटी के अंदर से इस टावर तक पहुंचने वाला रास्ता बेहद ही संकरा है. आग फैलने का एक कारण ये भी था कि फायर टेंडर पहुंच तो गए लेकिन वो टावर के नीचे तक पहुंच नहीं पाए. पास की ही सोसायटी के प्रेसिडेंट पद्माकर झा ने बताया कि जब हम यहां पहुंचे तो गाड़ी यहां तक पहुंच ही नहीं पाई. बास्केटबॉल कोर्ट बना हुआ है. टावर के नीचे तक कोई गाड़ी जा ही नहीं सकती है. साथ हाइड्रोलिक का पानी भी नहीं पहुंच पा रहा था.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *