Last Updated:
Delhi Judge Death News: दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट में तैनात 30 वर्षीय जज अमन कुमार शर्मा सफदरजंग एन्क्लेव इलाके में रहते थे. उनकी मौत को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. चलिये जानते हैं इस जज के जान देने की असल वजह…
जज अमन कुमार महज 30 साल के थे.
राजधानी दिल्ली से एक युवा जज के कथित आत्महत्या मामले में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है. 30 साल के इस न्यायिक अधिकारी का शव शनिवार को दक्षिण दिल्ली स्थित उनके घर में बाथरूम के अंदर फंदे से लटका मिला था. इस घटना को लेकर पूरे न्यायिक और प्रशासनिक हलकों में शोक और हैरानी का माहौल है.
जानकारी के मुताबिक, जज अमन कुमार शर्मा कड़कड़डूमा कोर्ट में तैनात थे और ग्रीन पार्क मेन स्थित अपने फ्लैट की दूसरी मंजिल पर रहते थे. वह शनिवार को बाथरूम गए थे. फिर जब काफी देर तक वहां का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों और बिल्डिंग स्टाफ को अनहोनी का शक हुआ और उन्होंने पुलिस को खबर दी. इसके बाद वे यूटिलिटी शाफ्ट के जरिए अंदर पहुंचे और खिड़की तोड़कर बाथरूम में दाखिल हुए. जज को तुरंत सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
फिलहाल पुलिस ने मौत के कारण को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन परिजनों ने घरेलू विवाद को इसकी वजह बताया है. एक रिश्तेदार के मुताबिक, जज पिछले दो महीनों से अपनी पत्नी के साथ तनाव में थे और मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे.
क्या बता रहे परिजन?
जज अमन कुमार शर्मा की बहन के ससुर ने बताया कि ‘कल रात लगभग 10 बजे अमन ने अपने पिता को फोन किया था और कहा कि वह परेशान है और उसके लिए जीना मुश्किल हो गया है. उसके पिता उसी समय अलवर से रवाना हुए और रात लगभग 12 बजे यहां पहुंचे. पहुंचने पर उन्हें पता चला कि अमन का अपनी पत्नी से झगड़ा चल रहा था. उसने अपने पिता को बताया कि पिछले दो महीनों से उसे परेशान किया जा रहा था. अमन का कहना था कि उसकी साली उसके घरेलू जीवन में दखल दे रही थी और उसके घर को कंट्रोल कर रही थी… अमन के पिता ने कहा कि उनकी बहू ने उनसे कहा कि अगर आप यहां से नहीं जाते हैं, तो वह पुलिस को बुला लेगी… अगली सुबह, अमन के पिता ने अपनी बहू के माता-पिता से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने उनका फोन ब्लॉक कर दिया था… तभी घर में झगड़ा शुरू हो गया. इसलिए अमन के पिता दूसरे कमरे में चले गए.’
उनके अनुसार, ‘स्वाति बहुत गुस्से में चिल्ला रही थी, जबकि अमन रो रहा था. थोड़ी देर बाद शोर बंद हो गया. उन्होंने सोचा कि झगड़ा सुलझ गया होगा और कुछ देर इंतजार किया. कुछ देर बाद जब वे उन्हें देखने गए, तो उन्होंने स्वाति से अमन के बारे में पूछा, जिस पर उसने कहा कि उसे नहीं पता. जब उन्होंने अमन के मोबाइल पर कॉल किया, तो उन्हें बाथरूम के अंदर घंटी बजने की आवाज सुनाई दी. उन्होंने बाथरूम के दरवाजे पर दस्तक दी और उसे दरवाजा खोलने के लिए कहा. इसी दौरान अमन के चाचा ससुर और साली भी आ गए. काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर गार्ड खिड़की तोड़कर अंदर घुसा और उसने अमन को लटका हुआ पाया… वह 30 साल का था…’
क्या बता रही पुलिस?
पुलिस के मुताबिक, उन्हें घटना की सूचना परिजनों से मिली थी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे. शुरुआती जांच में किसी तरह की साजिश के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. बताया जा रहा है कि परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए राजस्थान के अलवर ले गए हैं.
अमन शर्मा 19 जून 2021 को दिल्ली न्यायिक सेवा में शामिल हुए थे. उन्होंने पुणे के सिम्बायोसिस लॉ स्कूल से कानून की पढ़ाई की थी और अपने कार्यकाल में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी और सिविल जज के रूप में सेवाएं दी थीं. वह 2025 से कड़कड़डूमा कोर्ट में सेवाएं दे रहे थे. फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस जांच जारी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी.
About the Author
साद बिन उमर को पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 साल से अधिक का अनुभव है, जिनमें से 12 साल उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता को दिए है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने आज तक, एनडीटीवी, पीटीआई और नया इंडिया जैसे प्र…और पढ़ें
