बिजली कड़केगी, बादल गरजेंगे, फिर 50 किलोमीटर की रफ्तार वाली आफत, सोमवार से दिखेगा असर, IMD का येलो अलर्ट

होमताजा खबरDelhi

बिजली कड़केगी, बादल गरजेंगे, फिर 50 किलोमीटर की रफ्तार वाली आफत

Last Updated:

IMD Rain-Thunderstorm Alert: देशभर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. कभी तेज धूप ताक कभी चक्रवाती प्रभाव के चलते तेज हवा के साथ बारिश हो रही है. बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्‍तर के राज्‍यों में मौसम के बदलते मिजाज की मार कुछ ज्‍यादा ही पड़ रही है. दिल्‍ली में भी पिछले दिनों पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते तूफानी हवा के साथ बारिश हुई है. अब एक बार फिर से राष्‍ट्रीय राजधानी में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है.

IMD यानी भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने एक बार फिर से दिल्‍ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. (फाइल फोटो/Reuters)

IMD Rain-Thunderstorm Alert: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लोगों को कभी गर्मी तो भी बारिश का सामना करना पड़ रहा है. मौसमी दशाओं में परिवर्तन और पर्वतीय राज्‍यों के मौसम में बदलाव का असर पंजाब, हरियाणा, राजस्‍थान के साथ ही दिल्‍ली-एनसीआर पर भी देखने को मिल रहा है. खासकर एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने की वजह से मौसम में नियमित बदलाव देखने को मिल रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक बार फिर से दिल्‍ली और आसपास के इलाकों में तेज हवा के साथ हल्‍की बारिश का पूर्वानुमान जताया है.

दरअसल, दिल्‍ली में शनिवार को तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार और मंगलवार के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए बारिश, आंधी और गरज-चमक की संभावना जताई है. IMD के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण अगले दो दिनों में दिल्ली-एनसीआर के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शुक्रवार की तुलना में 0.5 डिग्री अधिक रहा. हालांकि यह सामान्य से 2.4 डिग्री कम है. वहीं न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो एक दिन पहले के मुकाबले 1.2 डिग्री अधिक, लेकिन सामान्य से 1.3 डिग्री कम रहा.

दिल्‍ली के तकरीबन हर इलाके के तापमान में वृद्धि

राजधानी के अन्य मौसम केंद्रों पर भी तापमान में वृद्धि देखी गई. पालम केंद्र में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो शुक्रवार से 1.1 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में 2.7 डिग्री ज्यादा है. लोधी रोड केंद्र में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले दिन से 1.6 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रिज क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री और आयानगर में 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना

IMD के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. इसके प्रभाव से दिल्ली में सोमवार और मंगलवार को हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति झोंकों के दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार तक अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है.

AQI में गिरावट

उधर, दिल्ली की वायु गुणवत्ता यानी AQI में भी मामूली गिरावट दर्ज की गई है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार शनिवार शाम चार बजे दिल्ली का 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 116 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है. शुक्रवार को इसी समय AQI 100 था, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में दर्ज किया गया था. CPCB के मानकों के अनुसार 0 से 50 तक AQI ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है. एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम (AQEWS) ने अगले कुछ दिनों तक दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में बने रहने का अनुमान जताया है.

About the Author

Manish Kumar

बिहार, उत्‍तर प्रदेश और दिल्‍ली से प्रारंभिक के साथ उच्‍च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्‍ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्‍लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *