Last Updated:
सरहदी बाड़मेर व बालोतरा जिले की 7 विधानसभाओं में होने वाले चुनावों में मतदान प्रतिशत बढाने, आचार संहिता की पालना करवाने के लिए इस बार 6 मोबाइल एप जारी किए गए है. इनमें वोटर हेल्पलाइन, सी विजिल, केवाईसी, सक्षम, सुविधा केंडिडेट, वोटर टर्न आउट एप शामिल है. इन एप के जरिए मतदाताओं को चुनाव संबंधी जानकारी ऑनलाइन हो सकेगी.(मनमोहन सेजू/बाड़मेर)
सी विजिल एप की मदद से मतदाता मतदान केंद्र पर किसी भी संदिग्ध व्यक्ति और गड़बड़ी की शिकायत कर सकता है. उम्मीदवार अगर किसी को प्रलोभन दे रहा है तो इसकी भी सूचना दी जा सकती हैं. इसमें फोटो, वीडियो और ऑडियो अपलोड करते ही शिकायत दर्ज होने की सुविधा है. इसमें शिकायत प्राप्त होने के बाद उसका 100 मिनट के अंदर निस्तारण करने की प्रक्रिया है.
निर्वाचन आयोग की ‘नो योर कैंडिडेट’ (केवाईसी) नाम की मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए आम नागरिक उम्मीदवार के बारे में तमाम जानकारियां प्राप्त कर सकेगा. इस मोबाइल एप्लीकेशन में उम्मीदवार द्वारा रिटर्निंग अधिकारी को दिए गए प्रपत्रों को अपलोड किया जाएगा. जिसे कोई भी आम नागरिक अपने मोबाइल पर देख सकेगा. इस ऐप के माध्यम से मतदाता अपने उम्मीदवार की सारी जानकारी प्राप्त कर सकता है. उम्मीदवार के आपराधिक रिकॉर्ड, संपत्ति और शिक्षा को लेकर जानकारी हासिल की जा सकती हैं.
दिव्यांग मतदाता अब बेहद आसान तरीके से अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे. इस काम में सक्षम एप उनकी मदद करेगा. सक्षम एप विशेष योग्यजन नागरिकों की सुविधा के लिए है. इसके माध्यम से दिव्यांग पंजीकरण और संशोधन कर सकते हैं. इसके तहत व्हीलचेयर के लिए आवेदन, मतदाता सूची में नाम खोजने और बूथ की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. इसके अलावा दिव्यांग को घर बैठे वोट देने की भी इस ऐप से सुविधा मिलेगी.
Add News18 as
Preferred Source on Google
निर्वाचन आयोग ने ‘सुविधा कैंडिडेट एप ’ लांच किया है. इस एप के माध्यम से प्रत्याशी को ऑनलाइन नामांकन की सुविधा प्रदान की गई है. एप पर लॉगिन करने के बाद प्रत्याशी शपथपत्र, प्रस्तावक की सूचना और नामांकन की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. सुविधा कैंडिडेट एप उम्मीदवारों को उनके नामांकन और चुनाव प्रचार से संबंधित चाही गई अनुमति की स्थिति की जांच करने की सुविधा देता है.
इस ऐप के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम पता संशोधन करने, नाम हटाने, वोटर आईडी को आधार से लिंक करने, मतदाता सूची में नाम खोजने, मतदान केंद्र विवरण, ई-एपिक कार्ड डाउनलोड करने की सुविधा मिलेगी. इससे व्यक्ति अपनी वोटर आईडी घर बैठे प्राप्त कर सकता है.
इस ऐप के माध्यम से आमजन मतदान दिवस के दिन मतदान प्रतिशत देख सकते हैं. बाड़मेर जिले में इस बार 75 प्रतिशत से अधिक मतदान करने का लक्ष्य रखकर स्वीप गतिविधियों के माध्यम से आमजन को मतदान के लिए प्रेरित किया जाता है.
