दिव्यांगजनों की मुश्किलें होंगी आसान, गाजियाबाद में शुरू हुई सिंगल विंडो हेल्प डेस्क, एक जगह हर समस्या का समाधान

Last Updated:

गाजियाबाद में दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने विकास भवन में एकल खिड़की हेल्प डेस्क शुरू की है. अब पेंशन, प्रमाण पत्र, सरकारी योजनाओं और अन्य समस्याओं की शिकायत एक ही जगह दर्ज कराई जा सकेगी। फोन और व्हाट्सएप के जरिए भी सहायता उपलब्ध होगी.

गाजियाबाद. दिव्यांगजनों के लिए अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाना पहले जितना मुश्किल नहीं रहेगा. जिला प्रशासन ने उनकी परेशानियों को कम करने के लिए एक नई पहल शुरू की है. विकास भवन स्थित दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग में एकल खिड़की हेल्प डेस्क बनाई जा रही है, जहां दिव्यांगजन अपनी किसी भी सरकारी समस्या की शिकायत एक ही जगह दर्ज करा सकेंगे.  इस पहल का मकसद दिव्यांगजनों को राहत देना और उनकी समस्याओं का जल्दी समाधान कराना है. अब तक दिव्यांगजनों को किसी प्रमाण पत्र, पेंशन, सरकारी योजना, सहायता उपकरण या अन्य सरकारी काम के लिए अलग-अलग विभागों के चक्कर लगाने पड़ते थे. कई बार उन्हें लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी जिससे शारीरिक परेशानी के साथ समय और पैसे दोनों का नुकसान होता था. कुछ लोग तो अपनी परेशानी के कारण सरकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं ले पाते थे, जिला प्रशासन की इस नई व्यवस्था से अब इन दिक्कतों को काफी हद तक कम करने की कोशिश की जा रही है.

एकल खिड़की हेल्प डेस्क पर दिव्यांगजन अपनी शिकायत या समस्या सीधे दर्ज करा सकेंगे. वहां मौजूद कर्मचारी संबंधित विभाग से संपर्क कर समस्या के समाधान की प्रक्रिया शुरू करेंगे. यानी अब लोगों को हर विभाग में जाकर अधिकारियों से मिलने की जरूरत नहीं पड़ेगी. एक ही जगह से उनकी शिकायत संबंधित विभाग तक पहुंचाई जाएगी और समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा. जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा है कि हर विभाग में एक अधिकारी को दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान के लिए नामित किया जाए. इससे शिकायत आने पर जिम्मेदार अधिकारी सीधे मामले को देख सकेगा और समाधान में देरी नहीं होगी. प्रशासन का मानना है कि इस कदम से दिव्यांगजनों को सरकारी सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा.

जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान ने बताया कि अगर कोई दिव्यांगजन किसी कारणवश हेल्प डेस्क तक नहीं पहुंच पाता है, तो उसके लिए फोन और व्हाट्सएप की सुविधा भी शुरू की गई है. कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक 8189038730 पर फोन कर या 8791491011 नंबर पर व्हाट्सएप के जरिए शिकायत दर्ज कराई जा सकती है. इसके अलावा लोग सरकारी योजनाओं की जानकारी भी इन नंबरों पर प्राप्त कर सकते हैं.
जिला प्रशासन की यह पहल दिव्यांगजनों के लिए काफी राहत भरी मानी जा रही है. इससे न केवल उनकी समस्याओं का समाधान आसान होगा बल्कि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ भी समय पर मिल सकेगा. प्रशासन का उद्देश्य है कि दिव्यांगजन बिना किसी परेशानी के अपनी जरूरतों और अधिकारों से जुड़ी सुविधाएं आसानी से प्राप्त कर सके.

About the Author

Monali Paul

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *