Last Updated:
क्या आपने भी ये बात नोटिस की है कि रात में सोते वक्त पैर अपने आप कंबल से बाहर निकल जाता है? यहां आप इसके पीछे का कारण जान सकते हैं.
हर व्यक्ति की सोने की आदतें अलग-अलग होती हैं. कुछ लोगों को बिना तकिए के नींद नहीं आती, तो कुछ लोग हल्की रोशनी में सोना पसंद करते हैं. वहीं कई लोगों की एक आम आदत होती है कि वे सोते समय अपना एक पैर कंबल के बाहर निकाल लेते हैं. यह देखने में भले ही सामान्य लगे, लेकिन इसके पीछे शरीर और दिमाग से जुड़ी वैज्ञानिक वजहें होती हैं.
विशेषज्ञों के अनुसार, अच्छी और आरामदायक नींद के लिए शरीर का तापमान संतुलित होना बहुत जरूरी है. जब हम पूरे दिन काम करने के बाद सोने जाते हैं, तब शरीर धीरे-धीरे रिलैक्स होने लगता है. इसी दौरान दिमाग शरीर को आराम की स्थिति में ले जाने के लिए शरीर का तापमान थोड़ा कम करता है. यही वजह है कि कई लोग सोते समय खुद-ब-खुद एक पैर कंबल से बाहर निकाल लेते हैं.
दरअसल, हमारे पैर शरीर की गर्मी को बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. पैरों के तलवों में बहुत सारी छोटी-छोटी रक्त नलिकाएं होती हैं, जो शरीर की अतिरिक्त गर्मी को बाहर की हवा तक पहुंचाने में मदद करती हैं. जब कंबल के अंदर ज्यादा गर्मी महसूस होने लगती है, तो शरीर तापमान को संतुलित करने के लिए स्वाभाविक रूप से कोई रास्ता ढूंढता है. ऐसे में पैर को बाहर निकालने से शरीर को हल्की ठंडक मिलती है और व्यक्ति ज्यादा आराम महसूस करता है.
कई बार यह प्रक्रिया इतनी प्राकृतिक होती है कि लोगों को खुद भी पता नहीं चलता और नींद में ही उनका एक पैर कंबल से बाहर आ जाता है. इससे दिमाग को संकेत मिलता है कि शरीर अब आराम की स्थिति में है, जिससे नींद जल्दी और गहरी आने लगती है.
नींद का संबंध सिर्फ शरीर से ही नहीं, बल्कि मानसिक स्थिति से भी होता है. जब शरीर को ठंडक और आराम मिलता है, तो दिमाग का तनाव कम होने लगता है. इससे व्यक्ति शांत महसूस करता है और उसे बेहतर नींद आती है.
मनोवैज्ञानिकों का भी मानना है कि कुछ लोगों को पूरी तरह कंबल में ढककर सोने पर घुटन या बेचैनी महसूस होती है. ऐसे में शरीर का थोड़ा हिस्सा बाहर रखने से उन्हें खुलापन और आराम का एहसास होता है. यही कारण है कि एक पैर बाहर निकालकर सोना कई लोगों की आदत बन जाती है.
About the Author
शारदा सिंह मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना सफर शुरू किया. उनके पास डिजिटल मीडिया और लाइफस्टाइल पत्रक…और पढ़ें
