Last Updated:
Petrol Diesel Price Hike Public Opinion : गाजियाबाद के रहने वाले नीरज ने इस पर कहा कि पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों का सीधा असर नौकरीपेशा लोगों पर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि वह रोज बाइक से ऑफिस जाते हैं और हफ्ते में दो दिन छुट्टी होने के बावजूद अब हर महीने करीब ₹100 तक अतिरिक्त खर्च बढ़ जाएगा. बाकी जनता इस बारे में क्या कह रही है, लोकल18 ने उनसे बात कर जाना. आइये जानते हैं इस बारे में…
Petrol Diesel Price Hike Public Opinion : देशभर में 15 मई से पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी कर दी गई है, जिसका असर अब आम लोगों की जेब पर साफ दिखाई देने लगा है. गाजियाबाद में पेट्रोल की कीमत 94.89 रुपए प्रति लीटर से बढ़कर 97.77 रुपए हो गई है, जबकि डीजल 88.03 रुपए से बढ़कर 91.04 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है. जानकारों के मुताबिक, खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण ईंधन महंगा हुआ है. पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से अब ट्रांसपोर्ट से लेकर रोजमर्रा की चीजों तक महंगाई बढ़ने की आशंका है. पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों पर गाजियाबाद की जनता ने कहा है कि इसका सीधा असर मिडिल क्लास परिवारों के बजट पर पड़ेगा.
गाजियाबाद निवासी ताहिर सैफी ने बताया कि पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने का अंदेशा लोगों को पहले से ही होने लगा था. बीते कुछ दिनों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार ईंधन बचाने की अपील कर रहे थे, जिससे साफ लग रहा था कि आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल महंगा हो सकता है. ताहिर ने कहा कि खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध का असर अब भारत पर भी दिखाई देने लगा है. उन्होंने बताया कि पहले वह और उनकी बेटी अलग-अलग वाहनों से ऑफिस जाया करते थे, लेकिन अब बढ़ते खर्च को देखते हुए एक ही वाहन से जाना पड़ रहा है. उनका कहना है कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के बाद अब हर महीने का बजट बिगड़ जाएगा. साथ ही इसका असर अन्य जरूरी सामानों पर भी पड़ेगा और महंगाई और बढ़ेगी जिसका सीधा बोझ आम आदमी को उठाना पड़ेगा.
‘सबसे ज्यादा असर आम लोगों के बजट पर पड़ेगा’
गाजियाबाद के रहने वाले अरविंद ने बताया कि विदेशों में चल रहे युद्ध के कारण देश में पेट्रोल और डीजल संकट बढ़ रहा है. इसी वजह से ईंधन के दामों में बढ़ोतरी हुई है. उन्होंने कहा कि इसका सबसे ज्यादा असर आम लोगों के बजट पर पड़ेगा. अरविंद के मुताबिक पेट्रोल-डीजल महंगा होने के बाद ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ेगा और इसके कारण रोजमर्रा की चीजें भी महंगी हो जाएंगी. उन्होंने कहा कि भारत का फॉरेक्स रिजर्व भी लगातार प्रभावित हो रहा है और देश को पेट्रोल-डीजल बाहर से खरीदना पड़ता है, जिससे खर्च बढ़ रहा है. उनका कहना है कि सरकार ने सोने पर इंपोर्ट ड्यूटी भी बढ़ा दी है ताकि लोग कम खरीदारी करें.
वहीं, नीरज ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों का सीधा असर नौकरीपेशा लोगों पर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि वह रोज बाइक से ऑफिस जाते हैं और हफ्ते में दो दिन छुट्टी होने के बावजूद अब हर महीने करीब ₹100 तक अतिरिक्त खर्च बढ़ जाएगा. नीरज ने कहा कि नौकरी तो करनी ही है, इसलिए मजबूरी में यह खर्च उठाना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि अब पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल बढ़ाना पड़ सकता है. पेट्रोल-डीजल महंगा होने के बाद बाकी सामानों पर भी महंगाई बढ़ेगी और आम आदमी सबसे ज्यादा परेशान होगा.
‘महंगाई का सबसे ज्यादा असर मिडिल क्लास परिवारों पर पड़ रहा’
गाजियाबाद निवासी कंचन पांडे ने बताया कि लगातार बढ़ रही महंगाई का सबसे ज्यादा असर मिडिल क्लास परिवारों पर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि पहले रसोई गैस आसानी से मिल जाती थी, लेकिन अब ज्यादा पैसे खर्च करने के बाद भी दिक्कत हो रही है. दूध कंपनियों ने भी दाम बढ़ा दिए हैं और अब पेट्रोल-डीजल भी महंगा हो गया है. कंचन ने कहा कि पहले जो घरेलू सामान ₹10 से ₹20 हजार में आ जाता था, अब उसी के लिए ₹50 हजार तक खर्च करने पड़ रहे हैं. उनका कहना है कि आने वाले दिनों में लोगों को गाड़ी छोड़कर स्कूटी या पब्लिक ट्रांसपोर्ट का सहारा लेना पड़ेगा. उन्होंने सरकार से लोगों को राहत देने की मांग की.
दीपिका शर्मा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने की संभावना लग रही थी, लेकिन अब इसका सबसे ज्यादा असर मिडिल क्लास परिवारों पर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि किसी भी चीज में ₹1 की बढ़ोतरी भी पूरे महीने का बजट बिगाड़ देती है. पहले गैस सिलेंडर महंगा हुआ, फिर दूध के दाम बढ़े और अब पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी हो गई है. दीपिका ने कहा कि बच्चों के स्कूल आने-जाने और ऑफिस के खर्च पर इसका सीधा असर पड़ेगा. उनका कहना है कि अब बहुत सोच-समझकर घर से बाहर निकलना पड़ेगा. उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले समय में अन्य जरूरी सामान भी महंगे होंगे. साथ ही सरकार से जल्द राहत देने की अपील की.
About the Author
I currently serve as a Senior Assistant Editor at News18 Hindi, leading State & Local18 operations across Uttar Pradesh, Uttarakhand, Delhi, Himachal Pradesh and Haryana. With over 17 years of experience in jou…और पढ़ें
