Delhi-NCR Weather: दिल्ली एनसीआर में सुलगती गर्मी का सितम जारी है. मिडसमर की ये आग शरीरों का पसीना सुखा रही है. आधी मई गुजरते ही तापमान तेजी से चढ़ रहा है. रविवार को दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में भीषण गर्मी और लू का कहर रहा. तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया. वहीं अब मौसम विभाग ने दिल्लीवालों को सावधान किया है. अगले दो दिनों में भीषण गर्मी का कहर देखने को मिलेगा. आईएमडी ने राजधानी में येलो अलर्ट जारी किया है.
रविवार को दिल्ली के सफदरजंग स्टेशन पर अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा था. दोपहर ढलते-ढलते गर्मी इतनी बढ़ गई कि लोगों को महसूस होने वाला तापमान 44.5 डिग्री तक पहुंच गया. इस दौरान देखा गया कि दिल्ली की सड़कों पर सन्नाटा छा गया और लोग घरों के अंदर दुबक गए.
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार आयानगर दक्षिण-पश्चिम दिल्ली का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 43 डिग्री पहुंच गया, जबकि रिज क्षेत्र में 42.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार और बुधवार के लिए राजधानी में येलो अलर्ट जारी कर दिया है. इन दो दिनों में दिल्ली के कुछ इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है. इस सुलगती गर्मी से हीट स्ट्रोक का खतरा पैदा हो सकता है.
मौसम विभाग की मानें तो उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में 21 मई तक तापमान में 3-5 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है. राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, विदर्भ और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में लू की स्थिति बनी रहेगी. मौसम विभाग ने साफ कहा है कि 18 से 23 मई तक दिल्ली-एनसीआर में हीटवेव और हीटस्ट्रेस के हालात रह सकते हैं.
टीओआई की खबर के मुताबिक जब अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री ज्यादा या 40 डिग्री से ऊपर पहुंच जाता है तो उसे हीटवेव घोषित कर दिया जाता है. ऐसे में दोपहर में भीषण गर्म हवाएं यानि लू चलती हैं. 45 डिग्री या उससे ऊपर पहुंचने पर भी हीटवेव माना जाता है जो और भी खतरनाक स्थिति में पहुंच जाता है. इस बार अप्रैल के आखिरी हफ्ते में दिल्ली ने तीन लगातार हीटवेव वाले दिन देखे थे, जब 25 अप्रैल को सफदरजंग पर पारा 42.8 डिग्री तक चढ़ गया था.
हालांकि देखा जा रहा है कि न्यूनतम तापमान भी बढ़ रहा है. रविवार को यह 25.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम था, लेकिन 19 मई तक यह 29 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है. रातें भी अब तेज गर्म होने लगी हैं, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही और बिना एसी के रात में लोगों का सोना भी मुश्किल हो रहा है.
इस बार सिर्फ गर्मी ही मुसीबत नहीं बनी है, बल्कि दिल्ली का वायु प्रदूषण मध्यम श्रेणी में बना हुआ है. AQI 174 दर्ज किया गया. हालांकि, इस समय गर्मी ही सबसे बड़ी चुनौती है. डॉक्टरों की सलाह है कि दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें, खूब पानी पिएं, हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें और बच्चों व बुजुर्गों का खास ध्यान रखें.
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण ऐसे तीव्र गर्मी के दौर बढ़ रहे हैं. मई अभी शुरू ही हुआ है और अगर यही स्थिति रही तो पूरे महीने गर्मी का सितम झेलना पड़ेगा. फिलहाल दिल्ली को दो दिन की भयंकर लू से गुजरना है. सावधानी ही इस ‘मिडसमर मॅडनेस’ से बचने का एकमात्र उपाय है.
