Last Updated:
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अनंत मित्तल ने घटना के बारे में बताया कि रिटायर्ड ब्यूरोक्रेट और उनके बेटे को घर में आग लगने के बाद वहां से सुरक्षित निकाल लिया गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया. अधिकारियों ने बताया कि इलाज के दौरान धनेंद्र कुमार की मौत हो गई, जबकि उनके बेटे की हालत ‘खतरे से बाहर’ है और उनका इलाज जारी है.
अस्पताल में इलाज के दौरान पूर्व आईएएस अधिकारी धनेंद्र कुमार की मौत हो गई. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली. दक्षिण दिल्ली के हौज खास इलाके में एक घर में आग लगने से 80 वर्षीय सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा झुलस गया. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अनंत मित्तल ने बताया कि मृतक की पहचान भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के सेवानिवृत्त अधिकारी धनेंद्र कुमार के रूप में हुई है. धुएं के कारण दम घुटने से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 11:10 बजे हौज खास स्थित एक घर में आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के लिए दमकल के दो वाहनों को लगाया गया. एक अधिकारी ने बताया कि घर से सुरक्षित बाहर निकालने के बाद कुमार और उनके बेटे को अस्पताल ले जाया गया. जहां कुमार की जान नहीं बचाई जा सकी, वहीं उनके बेटे का इलाज जारी है, जिसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि घर में लगे एसी के कमरे के अंदर वाले हिस्से में विस्फोट होने के कारण यह आग लगी होगी. उन्होंने बताया कि घटना के समय घर के अंदर परिवार के सदस्यों और घरेलू सहायकों समेत पांच लोग मौजूद थे. जांच टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए शॉर्ट-सर्किट या बिजली की गड़बड़ी की जांच की जा रही है. पुलिस ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और इस स्तर पर किसी भी तरह की साजिश की आशंका नहीं है. मामले की जांच जारी है.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें
