'ऐसे खिलाड़ी सदी में एक बार आते हैं', वैभव सूर्यवंशी की सचिन, गावस्कर, कपिल देव से हुई तुलना, बैटिंग के कायल पूर्व कोच

होमखेलक्रिकेट

‘ऐसे खिलाड़ी सदी में एक बार आते हैं’, वैभव की सचिन, गावस्कर, कपिल देव से तुलना

Last Updated:

madan lal praised vaibhav sooryavanshi: भारतीय क्रिकेट टीम के कोच रह चुके पूर्व क्रिकेटर मदन लाल वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी के कायल हो चुके हैं. आईपीएल 2026 में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से सबसे ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप जीतने वाले इस युवा स्टार को लेकर मदन लाल ने कहा है कि उन्हें जल्द से जल्द टीम इंडिया में मौका मिलना चाहिए. इस पूर्व ऑलराउंडर का कहना है कि वैभव को बाहर बैठाने का कोई फायदा नहीं है.

मदन लाल ने की वैभव सूर्यवंशी को नेशनल टीम में डेब्यू कराने की मांग.

नई दिल्ली. 1983 विश्व कप विजेता मदन लाल का कहना है कि युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी के पास सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और सुनील गावस्कर जैसी प्रतिभा और सोच है और वह चाहते हैं कि इस 15 साल के खिलाड़ी को जल्दी से जल्दी राष्ट्रीय टीम में शामिल किया जाए. हालांकि, मदन लाल ने कहा कि अगर सूर्यवंशी को तेंदुलकर जैसे दिग्गजों की श्रेणी में आना है तो उसे टेस्ट क्रिकेट में भी खुद को साबित करना होगा.

मदन लाल ने कहा, ‘वह (सूर्यवंशी) बहुत प्रतिभाशाली है. सच में उसके पास सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, कपिल देव और सुनील गावस्कर जैसी भगवान की दी हुई प्रतिभा और सोच है.’ इस पूर्व ऑलराउंडर ने कहा, ‘ऐसे खिलाड़ी सदी में एक बार आते हैं. लेकिन उनकी तरह महान बनने के लिए, उसे टेस्ट क्रिकेट में भी खुद को साबित करना होगा. आयरलैंड के खिलाफ, भारत ए और तीन दिवसीय मैचों में खेलने से वह भारतीय क्रिकेट के मुख्य ढांचे में अच्छी तरह से ढल जाएगा.’

आईपीएल में वैभव ने मचाई तबाही
सूर्यवंशी को अभी-अभी खत्म हुए आईपीएल में ‘मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर’ चुना गया. वह बल्लेबाजी सूची में सबसे ऊपर रहे, उन्होंने 16 पारियों में 48.50 की औसत और 237.30 के शानदार स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए. उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतक लगाकर ‘ऑरेंज कैप’ जीती. उन्होंने वेस्टइंडीज के क्रिस गेल के एक सत्र में सबसे ज्यादा छक्के (59) लगाने के पिछले आईपीएल रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया क्योंकि उन्होंने आईपीएल 2026 में 72 छक्के जड़े.

मदन लाल ने कहा कि टी20 अंतरराष्ट्रीय में सूर्यवंशी भारत के मौजूदा शीर्ष तीन बल्लेबाजों की तरह ही बेहतरीन हैं. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें डर है कि ‘सूर्यवंशी की वजह से कुछ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को टीम से बाहर किया जा सकता है.’ उन्होंने कहा, ‘सूर्यवंशी भी अभिषेक, संजू और ईशान जितने ही बेहतरीन हैं. लेकिन ये खिलाड़ी खुद को साबित कर चुके हैं जबकि सूर्यवंशी को अभी उस स्तर पर खुद को साबित करना बाकी है.’

‘उसे बाहर नहीं बैठना चाहिए’
भारत के पूर्व कोच रह चुके लाल ने कहा, ‘कोई भी सूर्यवंशी जैसी बल्लेबाजी नहीं कर सकता. जिस तरह का खेल उन्होंने दुनिया को दिखाया है, वह अविश्वसनीय है. हर कोच चाहेगा कि वह खेले, लेकिन टीम का संतुलन भी देखना पड़ता है. उसे बाहर नहीं बैठना चाहिए, वरना उसका आत्मविश्वास कम हो जाएगा. उसे किसी भी चीज से बचाने का तो कोई सवाल ही नहीं है.’

About the Author

Shivam Upadhyay

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *