Last Updated:
Noida Zudio Fight Viral Video Truth: नोएडा के सेक्टर-49 स्थित जूडियो (Zudio) शोरूम के बाहर हुए पति-पत्नी और कथित प्रेमी के हाई-वोल्टेज ड्रामा अलग मोड़ ले चुका है. सरेआम हुई मारपीट के वीडियो वायरल होने के बाद, अब पीड़ित महिला ने खुद सामने आकर एक वीडियो जारी किया है. चोटिल और लहूलुहान हालत में दिख रही महिला ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला का दावा है कि वह अपने बच्चों के लिए शॉपिंग करने गई थी, जहां उसके पति ने उसका पीछा कर उन पर हमला किया. महिला ने कथित ‘प्रेमी’ वाले एंगल को पूरी तरह खारिज करते हुए इस विवाद के पीछे की पूरी इनसाइड स्टोरी बयां की है.
नोएडा में जूडियो मॉल के बाहर पति-पत्नी और बॉयफ्रेंड की लड़ाई की सच क्या है?
Noida Zudio Mall Husband-Wife Fight Viral Video: नोएडा के सेक्टर-49 स्थित जूडियो शोरूम के बाहर सड़क पर हुए पति, पत्नी और वो के हाई-वोल्टेज ड्रामे ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं. लेकिन अब इस वायरल तमाशे में एक ऐसा मोड़ आ गया है, जिसने पूरी कहानी को पलट कर रख दिया है. सरेआम हुई मारपीट और हंगामे के बाद, अब पीड़ित लड़की का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उसके चेहरे पर गंभीर चोटें और पट्टी बंधी साफ देखी जा सकती है. इस वीडियो में युवती ने रोते हुए अपनी सफाई दी है और अपने पति की काली करतूतों का कच्चा चिट्ठा खोल दिया है.
लड़की ने वीडियो जारी कर सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर विराम लगाया है. उसने कहा, ‘जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, मैं उसी के बारे में सच बताना चाहती हूं. मैं जूडियो मॉल में अपने और अपने बच्चों के लिए शॉपिंग करने गई थी. अगर मुझे वहां कोई जान-पहचान का बंदा मिल जाता है और मैं उससे बात कर लेती हूँ, तो इसका मतलब यह तो नहीं कि मैं गलत हो जाऊंगी? लोग बिना सच जाने कुछ भी बातें बना रहे हैं.’
2 साल से चल रहा है तलाक का केस
विवाद की असल वजह बताते हुए पीड़ित महिला ने खुलासा किया कि उसका अपने पति के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा है. महिला ने बताया, ‘मैं अपने पति से पिछले 2 साल से अलग रह रही हूँ. हमारा कोर्ट में डिवोर्स (तलाक) का केस चल रहा है, जो कि बिल्कुल फाइनल स्टेज में है. मेरा पति न जाने कब से मेरा पीछा करवा रहा था और पीछा करते-करते वह जूडियो शोरूम तक आ पहुँचा. वह लगातार मुझे परेशान कर रहा है.’
चेहरा खराब करने और जान से मारने की धमकी
महिला ने अपने पति पर बेहद गंभीर और डरावने आरोप लगाए हैं. वीडियो में साफ दिख रही अपनी चोटों की तरफ इशारा करते हुए उसने कहा, ‘मेरा पति मेरे पीछे पड़ा हुआ है. वह हमेशा मुझे धमकियां देता है कि वह मुझे जान से मार देगा. उसने मुझसे कहा था कि वह मेरा चेहरा खराब कर देगा और मुझे कहीं का नहीं छोड़ेगा. उसने मुझ पर जानलेवा हमला किया, जिससे मेरी यह हालत हुई है.’
बॉयफ्रेंड वाले दावे को बताया पूरी तरह झूठा
सड़क पर जिस युवक की पिटाई हुई थी, उसे लेकर महिला ने बड़ा दावा किया है. उसने कथित ‘प्रेमी’ वाले एंगल को खारिज करते हुए कहा, ‘जब मेरे पति ने मुझ पर हमला किया, तो वहां मौजूद उस शख्स ने आगे आकर मेरी जान बचाई और मेरी मदद की. लेकिन मेरे पति और वहां खड़े लोगों ने उस मददगार इंसान को ही मेरा बॉयफ्रेंड बता दिया और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जो कि बिल्कुल गलत और आधारहीन है.’
एकतरफा वीडियो दिखाने वालों पर बरसी
महिला ने सोशल मीडिया यूजर्स और वीडियो वायरल करने वालों को भी आड़े हाथों लिया. उसने गुस्से और दर्द में कहा, ‘लोग सिर्फ एकतरफा बात सुनकर, अपने लाइक्स, व्यूज और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए कुछ भी वीडियो डाल देते हैं. किसी को पूरी सच्चाई का पता नहीं होता कि असल में क्या हुआ है. मेरी आप सभी से अपील है कि बिना सच जाने किसी को बदनाम न करें.’
About the Author
Deep Raj Deepak working with News18 Hindi (hindi.news18.com/) Central Desk since 2022. He has strong command over national and international political news, current affairs and science and research-based news. …और पढ़ें
