Last Updated:
Delhi Road Accident: सरकार और प्रशासन की तरफ से रोड एक्सीडेंट को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जाता है, इसके बावजूद सड़क हादसे में लोगों की असामयिक मौत हो रही है. देश की राजधानी दिल्ली में हुए एक्सीडेंट में पुलिस हेड कांस्टेबल का निधन हो गया.
दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल अनिल कुमार की सड़क हादसे में मौत हो गई.
नई दिल्ली. राजधानी दिल्ली के कश्मीरी गेट स्थित अंतरराज्यीय बस अड्डा (आईएसबीटी) क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की मौत हो गई. हादसा उस समय हुआ जब वे ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात थे. तेज रफ्तार वाहन की टक्कर के बाद सड़क पर गिरे हेड कांस्टेबल को एक लोडेड वाहन ने कुचल दिया, जिससे उनकी जान चली गई.
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 39 वर्षीय हेड कांस्टेबल अनिल कुमार के रूप में हुई है. अनिल कश्मीरी गेट आईएसबीटी के पास रिंग रोड पर शांति वन से चंदगी राम अखाड़ा जाने वाले मार्ग पर ड्यूटी कर रहे थे. इसी दौरान हनुमान मंदिर की ओर से आ रहे एक वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही अनिल कुमार सड़क पर गिर पड़े.
टक्कर से पहले गिरे, फिर पीछे से आ रही गाड़ी ने कुचला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क पर गिरने के तुरंत बाद पीछे से आ रहे एक लोडेड छोटे हाथी वाहन ने उन्हें कुचल दिया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने तुरंत घायल हेड कांस्टेबल को सिविल लाइंस स्थित सुश्रुत ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.
कुचलने वाला वाहन जब्त
दिल्ली पुलिस ने बताया कि हादसे में शामिल छोटे हाथी वाहन (जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर DL1LN9947 है) को मौके पर ही कब्जे में ले लिया गया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है. हेड कांस्टेबल अनिल कुमार दिल्ली के छतरपुर इलाके में किराए के मकान में रहते थे, जबकि उनका परिवार राजस्थान के कोटपुतली-बहरोड़ जिले के जटगंवारा गांव में रहता है.
हर संभव मदद का भरोसा
दिल्ली पुलिस ने अपने साथी जवान की असामयिक मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है. विभाग की ओर से कहा गया है कि शोक संतप्त परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. वहीं, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.
About the Author
बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…और पढ़ें
