Last Updated:
Greater Noida News: यूपी के ग्रेटर नोएडा में परिवहन सुविधाओं का विस्तार करते हुए अब 45 नए बस स्टैंड बनाए जाएंगे. इससे आम जनता को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी. सिटी बस सेवा के विस्तार को लेकर यह पहल लोगों के लिए खास सुविधा लेकर आने वाली है.
ग्रेटर नोएडा में बनेंगे 45 नए बस स्टैंड
ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के इंडस्ट्रियल शहर ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. शहर के सार्वजनिक परिवहन के बुनियादी ढांचे को और मजबूत किया जा रहा है. परिवहन सुविधाओं का विस्तार करते हुए अब ग्रेटर नोएडा में 45 नए बस स्टैंड बनाए जाने का फैसला लिया गया है, जिससे आम जनता को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी.
सिटी बस सेवा के विस्तार को लेकर यह पहल लोगों के लिए खास सुविधा लेकर आने वाली है. जानकारी के मुताबिक, इन बस स्टैंडों का निर्माण गौर चौक, परी चौक, कलेक्ट्रेट, स्वर्ण नगरी, एक मूर्ति, बिसरख और सूरजपुर जैसे प्रमुख स्थानों पर किया जाएगा. इसके अलावा भी कई प्रमुख स्थानों को शामिल किया जा सकता है.
इस मॉडल पर तैयार होंगे बस स्टैंड
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) के निर्माण के बाद सिटी बस सेवा का विस्तार करते हुए 100 बसें बढ़ाई गई हैं. इनमें ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण को 25-25 बसें और नोएडा प्राधिकरण को 50 बसें आवंटित की गई हैं. प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर (BOT) मॉडल के आधार पर इन बस स्टैंडों का निर्माण किया जाएगा और इसके लिए निजी एजेंसी को संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी दी जाएगी.
जानकारी के मुताबिक, प्राधिकरण ने इसके लिए टेंडर भी जारी कर दिया है और अगले एक सप्ताह में एजेंसी का चयन कर उसे काम सौंप दिया जाएगा. इन बस शेल्टरों में यात्रियों को मोबाइल चार्जिंग, सीसीटीवी समेत कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
इस तारीख से बढ़ेंगी इंडिगों की उड़ानें
देखा जाए तो 1 जुलाई से नोएडा एयरपोर्ट के लिए इंडिगो (IndiGo) की उड़ानों की संख्या बढ़ाई जा रही है, जिसके बाद बस सेवाओं का समय सुबह 4 बजे से शाम 6 बजे तक सीमित न रहकर देर रात तक किया जाएगा. हालांकि, प्राधिकरण ने जनता से इस संबंध में सुझाव भी मांगे हैं. जानकारी के मुताबिक, ये बस स्टैंड बॉटेनिकल गार्डन और ग्रेटर नोएडा के प्रमुख बस अड्डों को आपस में जोड़ेंगे.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.
