99 पुलिस टीम, 338 ठिकानों पर छापे, 337 बदमाश गिरफ्तार… दिल्ली में पुलिस ने चलाया 48 घंटे का ऑपरेशन कवच

राजधानी दिल्ली में अपराध और नशे के नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने 48 घंटे तक चला विशेष अभियान ‘ऑपरेशन कवच 14.0’ पूरा किया. इस मेगा ऑपरेशन के दौरान 99 पुलिस टीमों ने एक साथ 338 स्थानों पर छापेमारी कर सैकड़ों अपराधियों और संदिग्धों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की.

पुलिस के मुताबिक, अभियान के दौरान 337 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 374 लोगों को पाबंद किया गया. इसके अलावा 3,511 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, ताकि आपराधिक गतिविधियों और सक्रिय नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा सके.

ड्रग्स और अवैध हथियारों पर बड़ी कार्रवाई

ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ भी बड़ा अभियान चलाया. इस दौरान 36 एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज किए गए. पुलिस ने 5 किलो से अधिक गांजा, 54.76 ग्राम स्मैक, 52 ग्राम एमडीएमए, 150 नशीले इंजेक्शन, 231 सिरिंज और कोडीन युक्त सिरप बरामद किया.

अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए 20 आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज किए गए. पुलिस ने 2 पिस्टल, 3 देसी कट्टे, 16 चाकू और 7 जिंदा कारतूस बरामद किए.

अवैध शराब और जुए के खिलाफ भी कार्रवाई

अभियान के दौरान 22 आबकारी अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए और 1,530 अवैध शराब की बोतलें जब्त की गईं.

वहीं, जुए के अड्डों पर भी छापेमारी की गई. 28 जुआ अधिनियम के मामलों में कार्रवाई करते हुए 59 लोगों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने उनके कब्जे से 87,050 रुपये नकद और 1,092 ताश के पत्ते बरामद किए.

वाहन चोर और घोषित अपराधी भी गिरफ्तार

ऑपरेशन के दौरान वाहन चोरी के मामलों में शामिल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से 10 चोरी के वाहन बरामद किए गए.

इसके अलावा लंबे समय से फरार चल रहे 4 घोषित अपराधियों (Proclaimed Offenders) को भी गिरफ्तार कर लिया गया.

हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन, सैकड़ों वाहन जब्त

दिल्ली पुलिस ने अभियान के दौरान 306 बदमाशों और हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन भी किया. वहीं, यातायात और सार्वजनिक नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए 361 वाहन जब्त किए गए. तंबाकू नियंत्रण कानून (COTPA) के तहत भी सख्ती बरती गई और 1,119 चालान काटे गए.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ‘ऑपरेशन कवच 14.0’ का उद्देश्य राजधानी में सक्रिय अपराधियों, नशा तस्करों, अवैध हथियार रखने वालों और संगठित अपराध से जुड़े नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई करना था. आने वाले दिनों में भी इस तरह के विशेष अभियान जारी रहेंगे, ताकि दिल्ली में कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *