गाजियाबाद के इस अवैध मजार पर चला बुलडोजर, नोटिस के बाद प्रशासन का एक्शन, 70 लाख की सरकारी जमीन कराई गई खाली

Last Updated:

Ghaziabad News: यूपी के गाजियाबाद में एक अवैध मजार पर पुलिस और प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की. प्रशासन के मुताबिक, साल 2001 में यहां सबसे पहले एक चबूतरे का निर्माण किया गया था, जिसके बाद धीरे-धीरे इसे गुंबदनुमा ढांचे का रूप दे दिया गया.

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश में लगातार अवैध ईमारतों पर बुलडोजर कार्रवाई जारी है. इसी क्रम में गाजियाबाद जिला प्रशासन की अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान रविवार के दिन लोनी ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र में यूपीएसआईडीसी की ग्रीन बेल्ट की जमीन पर बनी करीब 20 से 25 साल पुरानी एक अवैध मजार को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया.

लोनी ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र में पीर बाबा के नाम से बनी इस मजार पर जिला प्रशासन ने बुलडोजर चलाया. प्रशासन के मुताबिक, साल 2001 में यहां सबसे पहले एक चबूतरे का निर्माण किया गया था, जिसके बाद धीरे-धीरे इसे गुंबदनुमा ढांचे का रूप दे दिया गया. कार्रवाई से पहले प्रशासन ने नोटिस चस्पा कर संबंधित पक्ष को जगह खाली करने का निर्देश दिया था.

नोटिस के बाद बुलडोजर एक्शन
बता दें गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र में यूपीएसआईडीसी की ग्रीन बेल्ट की जमीन पर यह अवैध मजार बनाया गया था, जिसे जिला प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया है. प्रशासन का कहना है कि यह सरकारी भूमि है और पहले नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की गई. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहे, ताकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह बनी रहे.

जमीन की अनुमानित कीमत इतनी
एडीएम सिटी विकास कश्यप ने बताया कि पहले यहां एक छोटा स्ट्रक्चर बनाया गया था, जिसे धीरे-धीरे स्थायी निर्माण का रूप दे दिया गया. प्रशासन के अनुसार, जिस सरकारी जमीन पर यह निर्माण था, उसकी अनुमानित कीमत 62 से 70 लाख रुपये है. डीसीपी देहात सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए. मौके पर दो कंपनी पुलिस बल, कई थानों की फोर्स और एसीपी स्तर के अधिकारी तैनात रहे, जिससे पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई. जिला प्रशासन का कहना है कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा या निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.

About the Author

आर्यन सेठ

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *