कार का AC चलाकर सो गया युवक, दम घुटने से हो गई मौत, देहरादून जा रहा था पत्नी को लेने

Last Updated:

Ghaziabad Latest News: यूपी के गाजियाबाद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां एक युवक की मौत कार के अंदर हो गई. बताया जा रहा है कि युवक कार में AC चलाकर सो रहा था, जिस कारण दम घुटने से उसकी मौत हो गई.

कार में AC चलाने से युवक की दम घुटने से मौत (AI Image)

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के टीला मोड़ इलाके से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को सोचने पर मजबूर कर दिया है. पत्नी को लेने देहरादून के लिए निकला एक युवक कभी अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सका. अगले दिन उसकी लाश घर से कुछ दूरी पर उसी की कार में मिली. पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने जो वजह बताई, वह हर वाहन चालक के लिए बड़ी चेतावनी है.

टीला मोड़ थाना क्षेत्र के निस्तौली गांव निवासी 30 वर्षीय अखिलेश उर्फ सोनू पुरोहित शनिवार शाम अपनी पत्नी को लेने देहरादून के लिए कार से निकले थे. रास्ते में उन्होंने पत्नी को मैसेज कर अपने आने की जानकारी भी दी थी. लेकिन देर रात तक जब वह देहरादून नहीं पहुंचे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई.

रविवार को परिजनों ने तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बाद गाजियाबाद टीला मोड़ क्षेत्र की भारत सिटी सोसायटी के पास एक पेट्रोल पंप के निकट उनकी कार खड़ी मिली. जब कार का दरवाजा खोला गया तो अंदर अखिलेश मृत अवस्था में मिले. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई है. पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया कि अखिलेश शराब के नशे में कार में एसी चलाकर सो गए थे. आशंका है कि गाड़ी का ईंधन खत्म होने के बाद वाहन के भीतर जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण उनका दम घुट गया, जिससे उनकी मौत हो गई.

एसीपी अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मृतक को शराब पीने की आदत थी. प्राथमिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई है. फिलहाल परिजनों की ओर से किसी प्रकार की तहरीर नहीं दी गई है. यह घटना सिर्फ एक परिवार का दुख नहीं, बल्कि हर वाहन चालक के लिए बड़ा सबक है. बंद कार में एसी चलाकर सोना जानलेवा साबित हो सकता है. अगर सफर के दौरान आराम करना जरूरी हो, तो सुरक्षित स्थान पर वाहन रोकें, खिड़की थोड़ी खुली रखें या कार से बाहर निकलकर विश्राम करें. आपकी एक छोटी-सी लापरवाही आपकी जिंदगी छीन सकती है.

About the Author

Abhijeet ChauhanSub-Editor

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *