दिल्ली लक्ष्मी योजना: कैसे बनवाएं आय प्रमाण पत्र, कौन सी महिलाएं कर सकेंगी अप्लाई, समझ लें प्रोसेस

Delhi Laxmi Yojana: रक्षाबंधन पर दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार महिलाओं को बड़ा तोहफा देने जा रही है. दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए सरकार ने सोमवार को पात्रता मानदंड जारी किए हैं. इसे लेकर लोग सवाल भी उठा रहे हैं क्योंकि इसमें शर्तें थोड़ी सख्त हैं ऐसे में इस योजना का लाभ दिल्ली की सभी महिलाओं को नहीं मिलने वाला, बल्कि सिर्फ उन महिलाओं को ही मिलेगा जो इन मानदंडों पर खरी उतरती हैं और सरकार की सभी शर्तों को पूरा करती हैं. इसके साथ ही इस योजना के लिए खासतौर पर आय प्रमाण पत्र की जरूरत होगी, तो आइए आज इस खबर में आपको इस योजना से जुड़ी सभी अपडेट बताने के साथ ही आय प्रमाण पत्र कैसे बनवाएं, इसके प्रोसेस को लेकर भी सरल भाषा में पूरी जानकारी दी जाएगी.

दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत वैसे तो 21 से 60 वर्ष की महिलाएं पात्र होंगी, लेकिन इनमें सिर्फ उन्हीं महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये का आर्थिक लाभ मिलेगा जो खुद या जिनके परिवार परिवार दिल्ली में कम से कम 10 साल से रह रहे हों. इसके अलावा भी कई बड़ी शर्तें हैं, आइए जानते हैं..

क्या हैं सरकार की योजना की शर्तें

  1. . महिला कम से कम 10 साल से दिल्ली की निवासी हो.
  2. . महिला ही नहीं बल्कि उसके परिवार में से भी कोई व्यक्ति किसी भी आपराधिक मामले में शामिल न हो.
  3. . एक परिवार से सिर्फ एक महिला को ही इस योजना का लाभ मिल सकेगा. फिर चाहे परिवार में कितनी भी जरूरतमंद महिलाएं हों.
  4. . परिवार की सबसे बड़ी या बुजुर्ग महिला को ही इस योजना का पात्र माना जाएगा और 2500 रुपये महीने की राशि मिलेगी.
  5. . परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए.
  6. . पहले से विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन या अन्य सरकारी नियमित वित्तीय सहायता पाने वाली महिलाएं इस योजना का लाभ नहीं उठा सकेंगी.
  7. . अगर किसी परिवार में चार पहिया गाड़ी है जो उस परिवार की महिला को भी इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा.
  8. . सरकारी या सेवानिवृत्त कर्मचारी, इनकम टैक्स भरने वाले या अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थी भी इस योजना से बाहर रहेंगे.
  9. . महिला को दिल्ली में 10 साल रहने का सबूत भी देना होगा, इसके लिए सरकार आधार कार्ड, वोटर आईडी, जन्म प्रमाण पत्र और स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट को 10 साल के निवास प्रमाण के रूप में स्वीकार करेगी.

हाल ही में बदला गया योजना का नाम
बता दें कि पहले इस योजना को ‘मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना’ नाम से शुरू किया गया था लेकिन बाद में इसे बदलकर ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ कर दिया गया.सरकार ने 2026-27 के बजट में इसके लिए 5,110 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं.

पिछले साल से इंतजार कर रहीं महिलाएं
बता दें कि इस योजना को सबसे पहले दिसंबर 2024 में कैबिनेट ने मंजूरी दी थी लेकिन तब सिर्फ 1000 मासिक सहायता की बात कही गई थी, हालांकि यह लाग नहीं हुई और फिर 2025 में भाजपा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में इसे बड़ा करके 2500 रुपये कर दिया. हालांकि तभी से महिलाएं इसके लागू होने की उम्मीद पाले हुई थीं, अब रक्षा बंधन (28 अगस्त) के आसपास इसके लांच होने की संभावना है.

इस योजना के लिए कई दस्तावेजों की जरूरत है, लेकिन इनमें से अधिकांश तो लोगों के पास होते हैं और बस महिलाओं को आय प्रमाण पत्र बनवाना होगा, तो आइए जानते हैं कि आय प्रमाण पत्र कहां बनवाएं और कैसे बनवाएं?

आय प्रमाणपत्र कहां बनवाएं

दिल्ली में आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए, ई-डिस्ट्रिक्ट दिल्ली पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करें। आधार कार्ड, पते का प्रमाण, आय के दस्तावेज, और स्व-घोषणा पत्र की स्कैन कॉपी अपलोड करें। आवेदन शुल्क ₹20-₹50 है। इसे बनने में सामान्यतः 14-15 दिन लगते हैं

आय प्रमाण पत्र (Income Certificate) बनवाने की आसान प्रक्रिया
आय प्रमाण पत्र दिल्ली सरकार द्वारा जारी किया जाता है. यह किसी भी आर्थिक योजना, स्कॉलरशिप, सब्सिडी आदि के लिए जरूरी होता है.

कौन बनवा सकता है आय प्रमाण पत्र?
जो व्यक्ति भारत का नागरिक है और वह खुद और उसका परिवार दिल्ली का स्थायी निवासी है, वह आय प्रमाण पत्र दिल्ली में बनवा सकता है.

किन दस्तावेजों की पड़ती है जरूरत?

सबसे पहले एक पहचान प्रमाण पत्र चाहिए, इसके लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, राशन कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस में से कुछ भी एक लिया जा सकता है. इसके बाद एक एड्रेस प्रूफ, यानि स्थाई और वर्तमान पता प्रमाण पत्र चाहिए, वह भी आधार कार्ड, बिजली बिल, पानी का बिल, गैस बिल, बैंक पासबुक, वोटर आईडी, राशन कार्ड आदि में से कुछ भी हो सकता है. एक पासपोर्ट साइज कलर फोटो और स्व-घोषणा (Self Declaration) पर हस्ताक्षर. परिवार की आय का प्रमाण पत्र, सैलरी स्लिप, किराया रसीद, बिजली का बिल या स्कूल की फीस की पर्ची आदि ले सकते हैं. अगर कभी पहले आय प्रमाण पत्र बनवाया है तो उसकी कॉपी.

आवेदन कैसे करें?

ऑनलाइन आवेदन के लिए सबसे पहले दिल्ली सरकार की e-District पोर्टल (edistrict.delhigovt.nic.in) पर जाएं.
Income Certificate चुनें.
सभी दस्तावेज स्कैन करके अपलोड करें.
फॉर्म भरें और सबमिट करें.

ऑफलाइन आवेदन कैसे करें
सबसे पहले अपने नजदीकी Common Service Centre (CSC) पर जाएं.
मूल दस्तावेज साथ ले जाएं.
वहां ऑपरेटर फॉर्म भर देगा और दस्तावेज जमा करेगा.

आवेदन के बाद क्या होगा?
आपको आवेदन नंबर (Acknowledgement Number) मिलेगा.
स्व-घोषणा की मूल कॉपी और अन्य दस्तावेज SDM/तहसीलदार कार्यालय या CSC में जमा करें.
कुछ मामलों में सत्यापन (Verification) के लिए बुलाया जा सकता है.

कितने दिनों में बन जाता है आय प्रमाण पत्र
आवेदन के बाद आय प्रमाण पत्र आमतौर पर 15-30 दिनों में बन जाता है. इसके अलावा आप CSC या ऑनलाइन पोर्टल पर स्टेटस चेक कर सकते हैं.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *