UP MLC Election Voting Live Updates : UP में 11 सीटों पर शिक्षक MLC चुनाव के लिए आज सुबह 8 बजे से वोटिंग होगी.. इसको लेकर सभी चुनाव वाले जिलों में तैयारियां पूरी हैं. बहराइच में 7 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे, जिसके लिए पोलिंग पार्टियां सब तैयारी कर चुकी है. प्रयागराज में 152 बूथों पर मतदान की प्रक्रिया होगी तो वहीं बदायूं में 10 और अमेठी में 9 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं. मथुरा में भी शिक्षक MLC चुनाव की वोटिंग होगी. फिरोजाबाद में मतदान के लिए 33 और बाराबंकी में 54 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. संभल में 7 बूथ पर करीब साढ़े 3 हजार वोटर अपने मताधिकारी का इस्तेमाल करेंगे, जबकि जौनपुर में 90 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. देखिए पल-पल की लाइव रिपोर्ट..
-UP के 72 जिलों में मतदान होगा, केवल कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव को छोड़कर सभी जिलों में वोट डाले जाएंगे.
-वोट डालने के लिए मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) जरूरी. EPIC न होने पर आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट समेत आयोग द्वारा निर्धारित वैकल्पिक दस्तावेजों के साथ कर सकेंगे मतदान.
Agra MLC Election Voting Updates : आगरा खंड स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (BJP) और समाजवादी पार्टी (SP) के उम्मीदवारों के बीच माना जा रहा है. चुनाव मैदान में स्नातक सीट पर 13 और शिक्षक सीट पर 12 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. वोटिंग को सुचारू और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए महिला और पुरुष मतदाताओं के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है.
Varanasi MLC Election SP Allegations : वाराणसी खंड से समाजवादी पार्टी (SP) के शिक्षक प्रत्याशी और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने एमएलसी चुनाव की वोटिंग से ठीक पहले प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. आज सुबह 8 बजे से शुरू होने वाले मतदान से पूर्व उन्होंने प्रेसनोट जारी कर प्रशासनिक अधिकारियों पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एजेंट के रूप में काम करने का दावा किया. बलिया, जौनपुर और गाजीपुर जिलों की घटनाओं का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि बीते एक सप्ताह से वोटरों को डराया और धमकाया जा रहा है.
Hamirpur MLC Voting : हमीरपुर जिले में स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. इस चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले भर में 18 बूथ बनाए गए हैं, जहां आज कुल 15,480 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. चुनाव प्रक्रिया पर पैनी नजर रखने और सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए ज़ोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार क्षेत्रों में गश्त करेंगे.
Prayagraj MLC Polls : इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए आज सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जहां कुल 13 प्रत्याशी मैदान में हैं. इस सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा के अशोक कुमार राठौर और सपा के डॉ. मानसिंह यादव के बीच है. पूरे निर्वाचन क्षेत्र के 10 जिलों में कुल 2,64,233 मतदाता (1,84,166 पुरुष और 80,067 महिला) पंजीकृत हैं. प्रयागराज जिले में सबसे ज्यादा 1,15,019 वोटर हैं और यहां 152 बूथ बनाए गए हैं, जिसके लिए जिले को 50 सेक्टरों में बांटा गया है. अन्य जिलों में झांसी (25,220), जालौन (20,999), कौशांबी (20,140), बांदा (19,794), फतेहपुर (17,596), हमीरपुर (15,480), चित्रकूट (11,622), ललितपुर (11,330) और सबसे कम महोबा में 7,033 वोटर हैं. सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल व माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं और हर बूथ की वीडियोग्राफी कराई जा रही है. मतगणना 29 अक्टूबर को होगी.
Meerut MLC Election Updates : मेरठ में शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए आज सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा. जिले के कुल 107 बूथों पर वोट डाले जाएंगे हैं, जिन्हें सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पूरे जिले को 11 जोन और 31 सेक्टरों में विभाजित किया गया है. इन बूथों की देखरेख 11 जोनल मजिस्ट्रेट और 31 सेक्टर मजिस्ट्रेट कर रहे हैं. इस चुनाव में स्नातक सीट के लिए 1.28 लाख मतदाता और शिक्षक सीट के लिए 54,125 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.
Gonda MLC Voting : गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक एमएलसी चुनाव के तहत गोंडा जिले के 12 मतदान केंद्रों पर आज वोट डाले जाएंगे. 16 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे. चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए मतदान केंद्रों को 12 सेक्टरों में बांटा गया है, जहां जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं. जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) खुद क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए हैं.
Bahraich MLC Election : गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए बहराइच जिले में 1,636 मतदाता इस प्रक्रिया में भाग लेंगे. सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. डीएम और एसपी लगातार क्षेत्रों में गश्त कर रहे हैं. चुनाव प्रक्रिया के मद्देनजर जिले में कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रखे गए हैं.
Sonbhadra MLC Voting : वाराणसी खंड स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए सोनभद्र जिले में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर है. जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के अनुसार, स्नातक निर्वाचन के लिए 16,850 और शिक्षक निर्वाचन के लिए 1,741 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
Kasganj MLC Election : आगरा खंड स्नातक और शिक्षक विधान परिषद चुनाव के लिए कासगंज जिले के 20 बूथों पर आज वोट डाले जाएंगे, जहां कुल 25 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा. शिक्षक निर्वाचन के लिए 8 बूथों पर 1,291 मतदाता और स्नातक निर्वाचन के लिए 12 बूथों पर 9,925 वोटर पंजीकृत हैं. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए जिले को 5 जोन और 12 सेक्टरों में बांटा गया है. मतदान केंद्रों पर करीब 100 कार्मिक (प्रति बूथ 4 कार्मिक) तैनात हैं, साथ ही महिला पुलिसकर्मियों समेत भारी पुलिस बल मुस्तैद किया गया है.
Ghaziabad MLC Polls : मेरठ खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत गाजियाबाद जिले में आज बैलेट पेपर के जरिए मतदान हो रहा है. सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक चलने वाली इस वोटिंग में कुल 41,014 मतदाता (स्नातक सीट पर 31,169 और शिक्षक सीट पर 9,845) भाग ले रहे हैं. जिले के 13 मतदान केंद्रों पर 75 बूथ बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा के लिए लगभग 400 पुलिसकर्मियों और पीएसी (PAC) की तैनाती की गई है. एमएलसी चुनाव के कारण जिले में नर्सरी से 12वीं तक के सभी स्कूल और कॉलेज आज बंद हैं, जबकि वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को की जाएगी.
दरअसल, यूपी में कुल 11 सीटों पर चुनाव होने हैं, जिनमें 5 स्नातक, 6 शिक्षक सीट पर चुनाव है. कुल वोटर 14.58 लाख हैं. 27 अक्टूबर को इसको नतीजे आएंगे. खास बात ये है कि इसमें EVM से नहीं, बल्कि बैलेट पेपर से चुनाव होने हैं. कुल 2697 मतदान केंद्रों पर वोटिंग होगी. MLC की कुल 100 सीटे हैं.. जिनमें 90 निर्वाचित होते हैं और 10 मनोनीत.
5 सीट पर स्नातक MLC चुनाव हैं.. जो लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और प्रयागराज-झांसी के लिए चुनाव होंगे.. वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए भी लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद के लिए चुनाव होंगे..
प्रत्याशियों की बात करें तो..
1- गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट से बीजेपी प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी हैं, वहीं उनके खिलाफ एसपी ने डॉ. संजयन त्रिपाठी को उतारा है..
2- लखनऊ शिक्षक सीट से जहां बीजेपी ने उमेश द्विवेदी को अपना प्रत्याशी बनाया है, वहीं एसपी ने सुशील कुमार पटेल पर दांव खेला है.
3-वाराणसी शिक्षक सीट से बीजेपी ने डॉ. प्रमोद मिश्रा को कैंडिडेट बनाया है, वहीं एसपी ने लाल बिहारी यादव को अपना प्रत्याशी बनाया है.
4- मेरठ शिक्षक सीट से बीजेपी ने श्रीचंद शर्मा को प्रत्याशी बनाया है.. वहीं एसपी ने नितिन कुमार तोमर पर दांव खेला है.
5- बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट से बीजेपी के डॉ. हरि सिंह ढिल्लों मैदान में हैं.. वहीं एसपी ने हाजी मोहम्मद दानिश अख्तर को प्रत्याशी बनाया है.
6- आगरा-अलीगढ़ शिक्षक सीट से बीजेपी ने हरि किशोर तिवारी को प्रत्याशी बनाया है, वहीं एसपी ने डॉ. आकाश अग्रवाल पर दांव खेला है.
7- लखनऊ स्नातक सीट से बीजेपी ने अवनीश कुमार सिंह को प्रत्याशी बनाया है, वहीं एसपी से कांति सिंह प्रत्याशी है.
8- आगरा स्नातक सीट से बीजेपी के लिए डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह प्रत्याशी हैं, वहीं एसपी ने शशांक यादव पर दांव खेला है.
9- वाराणसी स्नातक सीट से बीजेपी के केदार नाथ सिंह प्रत्याशी हैं, वहीं एसपी ने आशुतोष सिन्हा को प्रत्याशी बनाया है.
10- इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट से बीजेपी प्रत्याशी हैं, अशोक कुमार राठौर, वहीं एसपी ने मान सिंह को प्रत्याशी बनाया है.
11-मेरठ-सहारनपुर स्नातक सीट से बीजेपी ने जहां दिनेश गोयल को अपना प्रतायशी बनाया है, वहीं एसपी ने प्रमेंद्र सिंह भाटी पर दांव खेला है.
