Last Updated:
Catering Business Tips: कम बजट में कैटरिंग बिजनेस शुरू करने के लिए दिल्ली के शेफ अजय भल्ला ने कुछ खास टिप्स दिए हैं. उन्होंने कहा कि घर से टिफिन सर्विस या होममेड फूड से इसकी शुरुआत की जा सकती है. हालांकि खाने की समझ और जुनून होना बहुत जरूरी है.
दिल्ली: अगर आपको खाना बनाने का शौक है और आप अपना खुद का बिजनेस शुरू करना चाहते हैं, लेकिन बजट कम है, तो कैटरिंग बिजनेस आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है. इस बिजनेस को शुरू करने के लिए शुरुआत में बहुत बड़े निवेश की जरूरत नहीं होती. आप घर से ही छोटे स्तर पर शुरुआत कर सकते हैं. इसके बाद धीरे-धीरे अपने काम को बड़ा बना सकते हैं. दिल्ली डेलिकेसीज के फाउंडर और शेफ अजय भल्ला ने कैटरिंग बिजनेस शुरू करने को लेकर कई जरूरी बातें साझा की हैं. आइये जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा.
पैसे से ज्यादा जरूरी है खाने की समझ और जुनून
शेफ अजय भल्ला के मुताबिक कैटरिंग बिजनेस शुरू करने के लिए सबसे जरूरी चीज सिर्फ पैसा नहीं, बल्कि खाने की अच्छी समझ और अपने काम के प्रति जुनून है. अगर बजट कम है तो घर से ही टिफिन सर्विस या होममेड फूड की शुरुआत की जा सकती है. शुरुआत में कुछ ग्राहकों के लिए खाना तैयार करें और उनकी पसंद को समझते हुए धीरे-धीरे सर्विस बढ़ाएं.उनका कहना है कि आज लोगों के पास खाना बनाने का समय कम होता जा रहा है. ऐसे में घर जैसा स्वाद देने वाले पैक्ड फूड और टिफिन की डिमांड बढ़ रही है. इसी मॉडल से शुरुआत करके आगे चलकर कैटरिंग बिजनेस को बड़े स्तर तक ले जाया जा सकता है.
जानें शुरुआत में किन चीजों पर करें निवेश
शेफ अजय बताते हैं कि अगर बहुत छोटे स्तर से शुरुआत करनी है तो शुरुआत में बड़े सेटअप की जरूरत नहीं है. खाने की क्वालिटी के साथ अच्छी रेंज, रेफ्रिजरेटर और जरूरी किचन इक्विपमेंट पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने अपना उदाहरण देते हुए बताया कि उन्होंने Delhi Delicacies की शुरुआत महज 30 हजार रुपये के निवेश से की थी और आज उनका बिजनेस इस मुकाम तक पहुंच चुका है. यानी कम बजट में शुरुआत करना संभव है, बस सही प्लानिंग और मेहनत जरूरी है.
सबसे बड़ी चुनौती है सही ग्राहक तक पहुंचना
कैटरिंग बिजनेस में सबसे बड़ी चुनौती के बारे में शेफ अजय कहते हैं कि सही ग्राहक को ढूंढना और उसकी पसंद को समझना सबसे जरूरी है. हर ग्राहक की पसंद अलग होती है. इसलिए यह समझना जरूरी है कि ग्राहक किस तरह का खाना चाहता है और उसी हिसाब से उसे सर्विस दी जाए.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत, दैनिक भास्कर के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से Hindi.News18.com<…
और पढ़ें
