यूपी और उत्तराखंड के कई जिलों में स्कूल बंद, बारिश के लिए मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट

नई दिल्ली (UP Schools Closed Today). इन दिनों बादलों ने पहाड़ों से लेकर मैदानों तक, हर जगह डेरा डाल रखा है. उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन की रफ्तार थाम दी है. सड़कों पर जलभराव और मौसम के बिगड़े मिजाज को देखते हुए प्रशासन मुस्तैद हो गया है. बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड के चमोली, बागेश्वर और यूपी के प्रयागराज समेत कई जिलों में स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं.

उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन विभाग पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है. वहीं उत्तर प्रदेश में बारिश के साथ-साथ कांवड़ यात्रा के चलते भी गाजियाबाद जैसे कई बड़े जिलों में स्कूल बंद रखे गए हैं. लगातार हो रही इस बारिश से जहां एक तरफ लोगों को चिपचिपी गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी तरफ जलभराव और आवाजाही में हो रही दिक्कतों ने आम जनता की परेशानी बढ़ा दी है. जानिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में आज कहां-कहां स्कूल बंद हैं.

उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, सीएम धामी ने दिए निर्देश

उत्तराखंड के कई जिलों में बादलों की तबाही जारी है. मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देहरादून, चमोली और बागेश्वर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में येलो अलर्ट है. आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन के अनुसार, भारी बारिश के खतरे को देखते हुए चमोली और बागेश्वर में 12वीं तक के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी अफसरों को ‘हाई अलर्ट’ पर रहने और जरूरत पड़ने पर लोगों को तुरंत सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं.

प्रयागराज में 3 दिनों से झमाझम बारिश, सड़कें बनीं ताल-तलैया

उत्तर प्रदेश की संगम नगरी प्रयागराज में पिछले 72 घंटों से रुक-रुक कर हो रही तेज बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित किया है. गलियों और मुख्य चौराहों पर पानी भर जाने से लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है. हालात को देखते हुए बीएसए अनिल कुमार ने सरकारी बेसिक स्कूलों में छुट्टी का ऐलान कर दिया है. साथ ही प्रयागराज के कई बड़े प्राइवेट स्कूलों ने भी बच्चों की सुरक्षा के लिए ऑनलाइन कक्षाएं शुरू की हैं या छुट्टियां दे दी हैं.

सचेत ऐप पर अलर्ट: अगले 3 घंटे बेहद भारी

उत्तर प्रदेश प्रशासन ने सचेत ऐप के जरिए नागरिकों को सावधान रहने की चेतावनी दी है. अगले कुछ घंटों में प्रयागराज समेत आस-पास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और मूसलाधार बारिश की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग ने प्रयागराज के अलावा भदोही, कौशांबी, चित्रकूट, जौनपुर, मिर्जापुर और प्रतापगढ़ में भी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

यूपी में कांवड़ यात्रा और बारिश का डबल असर

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में बारिश के साथ-साथ कांवड़ यात्रा के चलते भी स्कूलों में लंबे समय की छुट्टी की गई है. मेरठ में 3 से 10 अगस्त, गाजियाबाद में 4 से 12 अगस्त और मुजफ्फरनगर में 3 से 10 अगस्त तक स्कूल बंद रखे गए हैं. बरेली में सावन के हर सोमवार को छुट्टी का नियम बनाया गया है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम और ट्रैफिक को देखते हुए अनावश्यक यात्राओं से बचें.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *