नई दिल्ली (Playschool Safety for Toddlers). कलेजे के टुकड़े को पहली बार घर से बाहर प्ले स्कूल में भेजने पर मन में उम्मीदों का पूरा आसमान होता है. हमें लगता है कि बच्चा नई चीजें सीखेगा, दोस्तों के साथ खेलेगा और उसका बचपन खुशहाल होगा. पेरेंट्स अपनी कमाई का एक बड़ा हिस्सा अच्छे से अच्छे स्कूल की फीस में झोंक देते हैं, यह सोचकर कि लाडला सुरक्षित हाथों में है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जिस प्ले स्कूल को आप सुरक्षित मान रहे हैं, वहां बंद दरवाजों के पीछे क्या खेल चल रहा होता है?
प्ले स्कूल में पार हुईं क्रूरता की हदें
पूर्वोत्तर दिल्ली के एक प्ले स्कूल में 3 साल के मासूम के साथ जिस तरह की क्रूरता बरती गई, उसने प्ले स्कूलों की पोल खोल दी. बच्चा स्कूल से लौटते ही गुमसुम हो जाता था, रात में डरकर रोता था और टॉयलेट जाने तक से घबराता था. माता-पिता ने छानबीन की और CCTV फुटेज खंगाली तो सच जानकर कलेजा कांप गया. बच्चे को घंटों एप्रन से कुर्सी पर बांधकर रखा जाता था, उसके कान खींचे जाते थे और डराया-धमकाया जाता था. यह सिर्फ एक बच्चे की कहानी नहीं है, बल्कि देश के कई प्ले स्कूल में चल रहे अघोषित टॉर्चर रूम्स की कड़वी सच्चाई है. प्ले स्कूल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर अपनी आंखें और कान खुले रखना जरूरी है.
अचानक बदला बच्चे का व्यवहार
डॉक्टर के क्लिनिक में खुला राज
डॉक्टर ने बताया कि बच्चे के कान के परदों में गंभीर सूजन है और उसे शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया है. परिजनों ने स्कूल से CCTV फुटेज मांगी तो स्कूल प्रशासन टाल-मटोल करने लगा और फुटेज देने के नाम पर पैसे तक मांगे गए. आखिरकार पुलिस की मदद से फुटेज खंगाली गई. तब सच सामने आया कि स्कूल की एक महिला अटेंडेंट बच्चे को एप्रन से कुर्सी पर बांधकर रखती थी और पीटती थी. इस मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर प्रिंसिपल और आरोपी अटेंडेंट समेत कई लोगों को POCSO एक्ट के तहत गिरफ्तार किया और शिक्षा विभाग ने भी जांच कमेटी बैठा दी.
गुमसुम होता बचपन और नजरअंदाज होते शुरुआती संकेत
यह देश के अनगिनत परिवारों की रोजमर्रा की कहानी है. अक्सर छोटे बच्चे अपनी बात खुलकर कह नहीं पाते. वे स्कूल से आते ही गुमसुम हो जाते हैं, उनका खेलने में मन नहीं लगता या सहमे हुए नजर आते हैं. कई बच्चे स्कूल की यूनिफॉर्म देखकर रोने लगते हैं या पेट दर्द-सिरदर्द का नाटक करने लगते हैं. मां-बाप स्कूल जाने से बचने का बहाना मानकर नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन कई बार इसके पीछे स्कूल के स्टाफ का डर, डांट-डपट या क्रूर व्यवहार होता है. जब तक पेरेंट्स समझ पाते हैं, तब तक बच्चा गहरे ट्रॉमा में जा चुका होता है. इसलिए बच्चे के व्यवहार में छोटे से बदलाव को भी गंभीरता से लेना जरूरी है.
प्ले स्कूल में एडमिशन करवाते वक्त क्या देखें?
किसी भी प्ले स्कूल में अपने बच्चे का एडमिशन कराने से पहले सिर्फ बिल्डिंग की सजावट या विज्ञापनों पर न जाएं, बल्कि इन बातों की भी गहराई से जांच करें:
- लाइव सीसीटीवी एक्सेस: क्या स्कूल प्रशासन माता-पिता को क्लासरूम का लाइव सीसीटीवी एक्सेस देने के लिए तैयार है? जिस स्कूल में ट्रांसपेरेंसी नहीं है, वहां झोल होने की आशंका भी ज्यादा होती है.
- टीचर-स्टूडेंट रेशियो: एक छोटे बच्चे पर कितने शिक्षकों या आया/अटेंडेंट की नजर रहती है, यह जरूर देखें. क्लास में बच्चों की संख्या कम होनी चाहिए.
- स्टाफ का बैकग्राउंड: स्कूल में काम करने वाले शिक्षकों और सपोर्ट स्टाफ का पुलिस वेरिफिकेशन हुआ है या नहीं, इस बारे में लिखित में जानकारी मांगें.
- टॉयलेट और हाइजीन: स्कूल के वॉशरूम कितने साफ-सुथरे हैं और क्या वहां बच्चों की मदद के लिए महिला स्टाफ मौजूद रहता है, यह खुद जाकर देखें.
- ‘सरप्राइज टाइमिंग’ पर विजिट करें: जब आप स्कूल देखने जाएं तो लंच टाइम या छुट्टी से ठीक 15 मिनट पहले जाएं. इस वक्त स्टाफ का असली व्यवहार और अफरा-तफरी का माहौल साफ समझ आता है.
- सपोर्ट स्टाफ का टर्नओवर: स्कूल से पूछें कि उनके आया (Attendants) और ड्राइवर्स कितने पुराने हैं? अगर सपोर्ट स्टाफ हर 2-3 महीने में बदल रहा है तो समझ जाएं कि वहां वर्किंग एनवायरनमेंट और बैकग्राउंड वेरिफिकेशन में बड़ी गड़बड़ है.
- साउंड-प्रूफिंग और आर्किटेक्चर: चेक करें कि प्ले स्कूल के कमरे बहुत ज्यादा बंद या बेसमेंट में तो नहीं हैं? क्लासरूम ऐसे होने चाहिए जहां बाहर से भी पारदर्शिता (Transparent Glass) दिखे.
स्कूल से लौटने के बाद बच्चे से रोजाना क्या पूछें?
बच्चा जब स्कूल से घर लौटे तो उससे कभी यह न पूछें कि ‘आज मैम ने क्या पढ़ाया?’ या ‘होमवर्क किया क्या?’ इसके बजाय प्यार से दिनभर का हालचाल लें:
- आज स्कूल में सबसे अच्छा पल कौन सा रहा और किसके साथ खेला?
- क्या आज किसी ने तुम्हें डांटा या किसी बात पर डर लगा?
- क्या तुम्हारी क्लास में किसी बच्चे को टीचर ने सजा दी?
- स्कूल में तुम्हें किस टीचर या दीदी (आया) से सबसे ज्यादा डर लगता है या कौन अच्छी लगती है?
- ‘टीचर-स्टूडेंट’ रोल प्ले: घर पर बच्चे से कहें- आज तुम मैम बनो और मैं बच्चा बनूंगा या टेडी बियर को स्टूडेंट बनाएं. बच्चा खेलते-खेलते ठीक वही शब्द, डांट का टोन और हरकतें दोहराएगा जो उसके साथ या उसकी क्लास में स्कूल के अंदर हुई हैं. बाल मनोवैज्ञानिक इसे बच्चों के मन का सच जानने का सबसे सटीक तरीका मानते हैं.
इन छोटे-छोटे सवालों से बच्चे के मन का डर बाहर आता है और वे बेझिझक अपनी बातें आपसे शेयर करने लगते हैं.
रेड फ्लैग्स: स्कूल जाने से पहले शरीर और व्यवहार के ‘अदृश्य संकेत’
अक्सर पेरेंट्स सिर्फ यह देखते हैं कि बच्चा रो रहा है या नहीं, लेकिन बच्चों का शरीर मानसिक दबाव और डर पर अलग तरह से रिएक्ट करता है. इन 4 संकेतों पर खास नजर रखें:
- रिग्रेशन (Behavioral Regression): जो बच्चा पॉटी-ट्रेन हो चुका था, वह अचानक बिस्तर में पेशाब करने लगे या अंगूठा चूसने लगे. यह मेंटल स्ट्रेस का सबसे बड़ा लक्षण है.
- फिजिकल टिक्स और टच-सेंसिटिविटी: सिर या कान छूने पर बच्चे का अचानक सहम जाना या झटके से दूर हटना.
- नींद का पैटर्न और नाइट टेरर्स: सोते समय अचानक जोर-जोर से हाथ-पैर मारना या पसीने से तर-बतर होकर जाग जाना.
- खाने की आदतों में बदलाव: अचानक से खाना बिल्कुल छोड़ देना या खाना देखते ही उल्टी जैसा महसूस करना.
टीचर्स और स्कूल मैनेजमेंट से संवाद कैसे बनाए रखें?
सिर्फ फीस जमा कर देने और बच्चे को स्कूल छोड़ आने से जिम्मेदारी खत्म नहीं होती. स्कूल और टीचर्स के साथ एक्टिव कम्युनिकेशन रखना बेहद जरूरी है:
- हफ्ते में या महीने में एक बार टीचर से अकेले में मिलकर बच्चे के व्यवहार के बारे में फीडबैक लें.
- स्कूल में बिना बताए अचानक सरप्राइज विजिट करें और देखें कि क्लासरूम के अंदर बच्चों के साथ कैसा बर्ताव किया जा रहा है.
- स्कूल के दूसरे बच्चों के पेरेंट्स से संपर्क में रहें और ग्रुप में चर्चा करें कि क्या उनके बच्चों में भी कोई असामान्य बदलाव दिख रहा है.
Legal & Safety Rights for Parents: पेरेंट्स के कानूनी अधिकार
अक्सर स्कूल सीसीटीवी फुटेज देने से मना कर देते हैं या बहाने बनाते हैं. पेरेंट्स को अपने इन अधिकारों का पता होना चाहिए:
- POCSO और JJ एक्ट की सख्ती: प्ले स्कूल भले ही किसी भी बोर्ड से संबंध न रखते हों, लेकिन ‘जुवेनाइल जस्टिस एक्ट’ और ‘पॉक्सो एक्ट’ उन पर सीधे लागू होता है.
- CCTV फुटेज पर कानूनी हक: अगर आपको बच्चे पर किसी प्रताड़ना का शक है तो स्कूल प्रशासन सीसीटीवी फुटेज छिपा नहीं सकता. मना करने पर आप तुरंत लोकल पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाकर 24 घंटे के अंदर फुटेज सीज करवा सकते हैं.
- बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे प्लेस्कूल: सरकार के नियमानुसार हर प्लेस्कूल को स्थानीय निकाय (MCD/शिक्षा विभाग) से मान्यता और एनओसी (NOC) लेना अनिवार्य है. आप स्कूल से उनकी मान्यता का सर्टिफिकेट मांगने का पूरा हक रखते हैं.
WhatsApp पेरेंट्स ग्रुप का ‘पॉजिटिव इस्तेमाल’
सिर्फ बर्थडे विश करने के बजाय, पेरेंट्स ग्रुप में महीने में एक बार बच्चों के बिहेवियर पर पोल या चर्चा करें. अगर 2-3 बच्चों में एक जैसा बदलाव (जैसे किसी खास टीचर या अटेंडेंट का डर) दिख रहा है तो तुरंत सामूहिक रूप से मैनेजमेंट से बात करें.
समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी हैं बच्चे
बचपन जीवन का सबसे खूबसूरत और मासूम दौर होता है. इसे सुरक्षित रखना हर मां-बाप की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. प्ले स्कूल बच्चे की फॉर्मल एजुकेशन की पहली सीढ़ी जरूर है, लेकिन यह उसकी मानसिक और शारीरिक सुरक्षा की कीमत पर नहीं होनी चाहिए. अगर आप थोड़ी सी सतर्कता बरतेंगे, बच्चे की हर छोटी बात को गौर से सुनेंगे और स्कूल प्रशासन पर नजर रखेंगे तो अपने नौनिहाल को किसी भी अनहोनी से बचा सकते हैं. याद रखिए, आपका बच्चा बोल भले ही नहीं पाता, हो सकता है कि अपने साथ हो रही गलत बातों को समझ भी न पा रहा हो लेकिन उसका डर और उसका व्यवहार सब कुछ कह देता है- जरूरत है तो बस उसे महसूस करने की.
