CCTV में कैद : ढाई साल बाद लौटी बेटी, तोड़ा घर का गेट, फिर पिता-भाभी पर तान दी पिस्टल

Last Updated:

Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश से कभी एक कलियुगी बाप की कहानी सामने आ जाती है तो कभी एक बेटी की. आजकल रिश्तों को तार-तार करके रख दिया है. अब एक बेटी ने अपने पिता और भाभी के साथ ही बदसलूकी कर डाली. गाली-गलौज और पिस्टल तानने तक बात पहुंच गई. 

गाजियाबाद में बेटी का हड़कंप

गाजियाबाद : गाजियाबाद के साहिबाबाद से हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां कार लोन के वेरिफिकेशन से इनकार करने पर एक बेटी ने अपने ही पिता और भाभी पर पिस्टल तान दी. आरोप है कि पहले गाली-गलौज और हाथापाई हुई, फिर युवती वहां से चली गई. मगर, करीब 25 मिनट बाद वह अपनी सहेली के साथ दोबारा पहुंची और घर का मेन गेट तोड़कर अंदर घुस गई. इसके बाद पिता और भाभी पर पिस्टल तानकर गोली मारने की धमकी देने का आरोप है. पूरी वारदात घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई.

मामला थाना साहिबाबाद क्षेत्र की वृंदावन गार्डन कॉलोनी का है. पीड़ित पिता हितेश तोमर के मुताबिक, उनकी बेटी प्रियंका तोमर करीब ढाई साल पहले घर छोड़कर चली गई थी. आरोप है कि 8 सितंबर 2026 की शाम करीब पांच बजे प्रियंका अपनी सहेली के साथ घर पहुंची और कार लोन के वेरिफिकेशन को लेकर पिता से बातचीत की. इस पर हितेश ने वेरिफिकेशन कराने से इनकार कर दिया.

आरोप है कि इसी बात को लेकर प्रियंका ने पिता के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. बीच-बचाव करने पहुंची भाभी के साथ भी हाथापाई की गई. हंगामा बढ़ा तो पड़ोसी मौके पर पहुंच गए. इसके बाद युवती वहां से चली गई. करीब 25 मिनट बाद प्रियंका अपनी सहेली के साथ दोबारा घर पहुंची. आरोप है कि इस बार उसने घर का मेन गेट तोड़ दिया और जबरन अंदर घुस गई.

CCTV कैमरों में रिकॉर्ड

इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे परिवार को दहला दिया. युवती ने पिता और भाभी पर पिस्टल तान दी और गोली मारने की धमकी दी. अपनी जान बचाने के लिए दोनों किसी तरह घर की पहली मंजिल पर पहुंचे. पिस्टल लहराने, धमकी देने और हाथापाई की पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई. CCTV फुटेज में युवती कथित तौर पर पिस्टल लहराती नजर आ रही है.

बेटी और उसकी सहेली पर केस दर्ज

मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 9 सितंबर 2026 को थाना साहिबाबाद में मुकदमा दर्ज किया. पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी बेटी प्रियंका तोमर और उसकी सहेली के खिलाफ मामला दर्ज किया है. सहायक पुलिस आयुक्त साहिबाबाद अमित सक्सेना के मुताबिक, आरोपी बेटी की तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

About the Author

काव्‍या मिश्राSenior Sub Editor

Kavya Mishra is a Senior Sub Editor at News18 Hindi with over seven years of experience in digital and print journalism. She is part of the regional editorial team, covering Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana …

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *