Last Updated:
iPhone 18 Pro First Sale: Apple iPhone 18 Pro की पहली सेल शुरू होते ही दिल्ली के साकेत स्थित सिटी वॉक मॉल में खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी. लोग नए आईफोन को खरीदने के लिए 3 से 4 घंटे तक लाइन में खड़े रहे. दिल्ली के अलावा पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से भी लोग फोन खरीदने पहुंचे. कई खरीदार अपने साथ परिवार और दोस्तों के लिए भी आईफोन लेकर गए. खरीदारों ने फोन की कैमरा क्वालिटी, डाटा सिक्योरिटी और सुरक्षा को पसंद करने की वजह बताया.
नई दिल्ली: Apple iPhone 18 Pro की पहली सेल आज से शुरू हो गई है. नए आईफोन को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. दिल्ली के साकेत स्थित सिटी वॉक मॉल में सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं. लोग नए मॉडल को खरीदने के लिए लंबी कतार में खड़े हैं. कई लोग 3 से 4 घंटे तक लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं. आईफोन खरीदने के लिए सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि पंजाब और हरियाणा से भी लोग पहुंचे हैं. दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से भी लोग मॉल पहुंच रहे हैं. खास बात यह है कि कुछ लोग सिर्फ अपने लिए फोन खरीदने नहीं आए हैं. कई लोग अपने परिवार के सदस्यों के लिए भी नए आईफोन खरीदकर ले जा रहे हैं. लोगों में आईफोन को लेकर इतना क्रेज दिख रहा है कि कई लोग अपना काम छोड़कर घंटों लाइन में खड़े हैं.
बताया आईफोन पसंद किए जाने के पीछे का कारण
नया आईफोन लोगों के लिए इतना खास क्यों है, यह जानने के लिए लोकल18 ने मॉल में कुछ खरीदारों से बातचीत की. iPhone 18 Pro खरीदने वाले रितिक चौधरी ने बताया कि उन्हें यह फोन करीब 2 लाख रुपये का पड़ा है. उन्होंने अपने लिए फोन खरीदा है. इसके अलावा अपनी पत्नी और दोस्त के लिए भी आईफोन लिया है. रितिक ने बताया कि वह शुरुआत से ही आईफोन इस्तेमाल करते आ रहे हैं. जब iPhone 7 लॉन्च हुआ था, तब से उनके पास आईफोन है. वह हर साल नए मॉडल के लॉन्च होने पर पहले दिन ही फोन खरीदने की कोशिश करते हैं. इस बार भी वह पहले दिन आईफोन लेने के लिए लाइन में पहुंचे.
iPhone Duo लेने आए थे, नहीं मिला तो खरीदा 18 Pro Max
हरियाणा से दिल्ली पहुंचे विकास ने बताया कि वह कई सालों से आईफोन इस्तेमाल कर रहे हैं. वह थोक व्यापारी हैं. वह हमेशा अपने पैसे से आईफोन खरीदते हैं. इसके लिए वह क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं. विकास ने बताया कि वह आज iPhone Duo खरीदने के लिए आए थे. इसकी कीमत करीब ढाई लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही थी. हालांकि, उन्हें पता चला कि यह मॉडल अभी लॉन्च नहीं हुआ है. इसके बाद उन्होंने अपनी बहन के लिए iPhone 18 Pro Max खरीद लिया.
आईफोन की कैमरा क्वालिटी काफी पसंद
विकास के मुताबिक, उन्हें आईफोन की कैमरा क्वालिटी काफी पसंद है. इससे अच्छी क्वालिटी में वीडियो शूट किया जा सकता है. इसके अलावा वह फोन की सुरक्षा को भी अहम मानते हैं. थोक कारोबार से जुड़े होने के कारण उनके लिए बैंक और दूसरे अकाउंट की सुरक्षा जरूरी है. उनका कहना है कि आईफोन में डाटा और अकाउंट को सुरक्षित रखना आसान होता है. उनके मुताबिक, आईफोन को हैक करना भी आसान नहीं है.
सुबह 6 बजे ही मॉल पहुंच गए थे
उत्तर प्रदेश से दिल्ली पहुंचे तुषार ने बताया कि जब आईफोन का पहला मॉडल लॉन्च हुआ था, तभी से वह आईफोन इस्तेमाल कर रहे हैं. इस साल वह सुबह 6 बजे ही साकेत के सिटी वॉक मॉल पहुंच गए थे. उन्होंने बताया कि उन्हें लंबे समय से आईफोन पसंद है. तुषार भी व्यापारी हैं और अपने पैसे से ही आईफोन खरीदते हैं. उन्होंने करीब डेढ़ लाख रुपये में iPhone 18 Pro Max खरीदा है. उन्होंने बताया कि फोन खरीदने की एक बड़ी वजह सुरक्षा है.
एप्लीकेशन डाउनलोड करने की सुविधा
तुषार के मुताबिक, आईफोन में डाटा सुरक्षित रहता है. साथ ही, बाहर से एप्लीकेशन डाउनलोड करने की सुविधा सीमित होने के कारण उन्हें फोन की सुरक्षा बेहतर लगती है. वह कैमरा क्वालिटी को भी आईफोन की खासियत मानते हैं. साकेत के सिटी वॉक मॉल में सुबह से लगी लंबी कतारें दिखाती हैं कि नए आईफोन को लेकर खरीदारों में काफी उत्साह है. कई लोग घंटों इंतजार के बाद फोन लेकर वापस लौट रहे हैं. कुछ खरीदार अपने साथ परिवार के लिए भी नए मॉडल लेकर जा रहे हैं.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…
और पढ़ें
