नई दिल्ली: दिल्ली के चांदनी चौक में पराठे वाली गली के बेहद अंदर जाने पर एक करीब 100 साल पुराना घर नजर आता है. इसका पता 1180 है. बाहर लगा बड़ा सा लकड़ी का दरवाजा और गेट की डिज़ाइन देखकर ऐसा लगता है जैसे मानो यह घर किसी हवेली जैसा हो. इस घर को देखकर आपको लगेगा कि शायद अब यहां कोई नहीं रहता है. इन सबके बावजूद इस घर के आगे फोटो खींचने के लिए, सेल्फी लेने के लिए और वीडियो बनाने के लिए लोगों की ठीक-ठाक लाइन आपको नजर आ जाएगी.
यह सब देखकर आप सोच में पड़ जाएंगे कि आखिर इस घर में ऐसी क्या खासियत है. आपको बता दें कि यह घर मामूली घर नहीं है. बल्कि बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार का घर है. जहां पर उन्होंने अपना बचपन बिताया. बचपन में उनकी नानी इसी घर में रहती थी. राजीव हरिओम भाटिया से अक्षय कुमार बनने तक की कहानी यहीं से शुरू होती है. यह घर आज भी लोगों के लिए सेंटर ऑफ अट्रैक्शन बना हुआ है. दूर-दूर से लोग आते हैं. इस घर के सामने फोटो खिंचवाते हैं. सेल्फी लेते हैं और आसपास के लोगों से अक्षय कुमार के यहां आने का समय पूछते हैं.
आज भी रात के समय यहां आते हैं अक्षय कुमार
2024 में अक्षय कुमार ने एक इंटरव्यू में खुद बताया कि चांदनी चौक में उनका घर अभी भी है. वह वहां अक्सर आते जाते हैं. यहां के एक व्यापारी जिनकी दुकान अक्षय कुमार के घर के ठीक सामने ही है. उनका नाम सचिन है. उन्होंने बताया कि अक्षय कुमार के घर के ठीक सामने उनकी कपड़ों की दुकान है. इसीलिए जो भी यहां आता है, सबसे पहले उनसे ही पूछता है कि आखिर अक्षय कुमार का घर कहां है.
उन्होंने बताया कि एक दिन में कम से कम 150 से 200 लोग, जिसमें पर्यटक भी शामिल होते हैं. वह यहां आते हैं और इस घर के सामने फोटो लेते हैं. वीडियो बनाते हैं और चले जाते हैं. उन्होंने यह भी बताया कि चांदनी चौक का बाजार रात 1:00 बजे तक खुला रहता है. इसीलिए अक्षय कुमार दिन में यहां ज्यादा भीड़ होने की वजह से दिल्ली में होते हुए भी नहीं आते हैं.
अक्षय कुमार दिल्ली में जब भी होते हैं तो रात के समय यहां पर आते हैं. जब दिल्ली में चांदनी चौक टू चाइना जो कि अक्षय कुमार की 2009 में फिल्म आई थी, उसकी शूटिंग चल रही थी. तब उन्होंने खुद रात में अक्षय कुमार को इस घर के अंदर आते जाते हुए देखा था. कई इंटरव्यू में खिलाड़ी अक्षय कुमार खुद इस बात का जिक्र कर चुके हैं की रात के वक्त जब भी उन्हें मौका मिलता है और अगर वह दिल्ली में हैं तो इस घर में जाते जरूर हैं.
अब यहां रहता है कोई और
अक्षय कुमार की चांदनी चौक टू चाइना के अलावा चांदनी चौक में ही उनकी तीन और फिल्मों की शूटिंग हुई है, जिसमें स्पेशल 26, बॉस और रक्षा बंधन जैसी फिल्में शामिल हैं. अक्षय कुमार के घर के पास लहंगे की दुकान चलाने वाले रविंद्र जैन ने बताया कि अक्षय कुमार की जितनी भी फिल्मों की शूटिंग चांदनी चौक में हुई. इस दौरान अक्सर अक्षय कुमार इस घर में आते थे. एक और व्यापारी राजकुमार ने बताया कि इस घर में अब कौन रहता है, यह कह पाना मुश्किल है, क्योंकि जो इस घर में रहता है वह आसपास के लोगों से अब कम ही बात करता है.
शायद अक्षय कुमार का कोई रिश्तेदार है, लेकिन कुछ लोग यह भी बताते हैं कि मकान मालिक अब इस घर में रहते हैं. क्योंकि अब अक्षय कुमार करोड़ों की संपत्ति के मालिक हो चुके हैं, लेकिन इन सबके बावजूद अपने बचपन वाले घर को कभी उन्होंने नहीं भूला और जब भी चांदनी चौक आते हैं या दिल्ली में होते हैं तो इस घर में वह जरूर आते हैं. अपने बचपन को दोबारा जीते हैं.
