Last Updated:
Noida Aqua Line Extension: नोएडा एक्वा लाइन मेट्रो विस्तार और 6 लेन गौर चौक अंडरपास से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों लोगों को महाजाम से बड़ी राहत मिलेगी. 8.449 किमी लंबे मेट्रो रूट पर 5 नए स्टेशन बनेंगे, जो सेक्टर-61 में दिल्ली मेट्रो ब्लू लाइन से जुड़ेंगे. वहीं 92 करोड़ की लागत से बना 700 मीटर लंबा अंडरपास सिग्नल-फ्री आवाजाही देगा, जिससे नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद का सफर बेहद सुगम और तेज हो जाएगा.
एक्वा लाइन मेट्रो विस्तार और गौर सिटी अंडरपास से मिलेगी सीधी और सुपरफास्ट कनेक्टिविटी (फोटो-AI)
Noida Aqua Line Extension: नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों निवासियों के लिए अच्छी खुशखबरी है. एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के विस्तार को हरी झंडी दे दी है, तो दूसरी तरफ ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सबसे व्यस्त गौर चौक (किसान चौक) अंडरपास का ट्रायल रन भी सफल रहा है. इन दोनों मेगा प्रोजेक्ट्स के धरातल पर उतरने से न केवल रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिलेगी, बल्कि दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के बीच की दूरी भी सिमट जाएगी.
एक्वा लाइन विस्तार से जुड़ेंगे ये प्रमुख सेक्टर, जानिए स्टेशनों की दूरी
केंद्रीय कैबिनेट ने नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-04 तक एक्वा लाइन मेट्रो रेल कॉरिडोर के विस्तार को मंजूरी दी है. करीब 8.449 किलोमीटर लंबे इस नए कॉरिडोर पर कुल 5 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे. 2,390 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाले इस प्रोजेक्ट को 4 साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके शुरू होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सक्रिय मेट्रो नेटवर्क बढ़कर 71.878 किलोमीटर हो जाएगा.
कहां-कहां बनेंगे मेट्रो स्टेशन और कितनी होगी दूरी?
- सेक्टर-61 से सेक्टर-70: 3 से 4 किलोमीटर
- सेक्टर-70 से सेक्टर-122: 2 से 3 किलोमीटर
- सेक्टर-122 से सेक्टर-123: 2 से 3 किलोमीटर
- सेक्टर-123 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 किसान चौक: 4 से 5 किलोमीटर
- कुल कॉरिडोर (सेक्टर-61 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4): 12 से 15 किलोमीटर
गौर सिटी अंडरपास से कैसे मिलेगी जाम से राहत?
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा 92 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 700 मीटर लंबा और 6 लेन का गौर चौक अंडरपास यातायात के लिए वरदान साबित हो रहा है. 5 नवंबर से शुरू हुए ट्रायल रन के शुरुआती चार दिनों में ही करीब ढाई लाख वाहन इससे गुजर चुके हैं. जंक्शन के दोनों ओर 350-350 मीटर बने इस सिग्नल-फ्री अंडरपास के कारण जो चौराहा पार करने में पहले 20 से 30 मिनट लगते थे, अब वह दूरी चंद मिनटों में तय हो रही है.
ताज हाईवे के समानांतर बने इस अंडरपास की दीवारों पर भगवान गौतम बुद्ध और प्रकृति की आकर्षक पेंटिंग उकेरी गई हैं, जबकि बारिश में जलभराव रोकने के लिए दोनों प्रवेश द्वारों पर विशेष शेड और यातायात सुगम रखने के लिए दो नए यू-टर्न बनाए गए हैं. इसका सीधा लाभ गौर सिटी 1 व 2 (1.5 लाख आबादी), चेरी काउंटी, निराला एस्टेट, ऐस सिटी, पंचशील ग्रीन्स, सुपरटेक इकोविलेज के साथ-साथ गाजियाबाद के विजयनगर, क्रॉसिंग रिपब्लिक और सिद्धार्थ विहार के निवासियों को मिल रहा है.
कैसे आपस में जुड़ेंगे एक्वा लाइन और गौर सिटी अंडरपास?
एक्वा लाइन विस्तार और गौर चौक अंडरपास एक-दूसरे के पूरक बनकर पूरे क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था को बदल देंगे. ग्रेटर नोएडा सेक्टर-04 (गौर चौक के समीप) तक एक्वा लाइन मेट्रो पहुंचने से यात्रियों को सीधे नोएडा सेक्टर-61 स्टेशन पर दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन से इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी. इससे नोएडा के सेक्टर-119, 120, 121, 122 और पर्थला सिग्नेचर ब्रिज से आने वाले वाहन चालक गौर चौक अंडरपास के जरिए बिना रेड लाइट पर रुके सीधे ताज हाईवे, सूरजपुर कलेक्ट्रेट और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (NH-9) तक फर्राटा भर सकेंगे.
About the Author
Rahul Goel is a senior journalist with over 15 years of experience in print and digital media. He currently serves as a Coordinator and Publisher at News18 Hindi, managing State and Local18 content operations a…
