Sabudana Vada Recipe: अगर आप भी सर्दियों के मौसम में गरमा-गरम और कुरकुरे पकवान खाने का मजा लेना चाहते है तो हम आज आपको इसके बनाने के तरीके के बारे में बताएंगे. आप भी शाम की चाय या सुबह के नाश्ते में कुछ नया बनाना चाहते हैं, तो साबूदाने का वड़ा बेहतरीन विकल्प है. बाहर से कुरकुरा और अंदर से मुलायम यह वड़ा हरी धनिया, मिर्च और टमाटर की चटनी के साथ बेहद स्वादिष्ट लगता है. रेसिपी एक्सपर्ट ओम सोनी ने बताया कि इसे बनाने के लिए साबूदाना, उबले आलू, प्याज, हरी मिर्च, लहसुन, हरा धनिया, नींबू का रस, नमक, गरम मसाला, चाट मसाला, लाल मिर्च और किचन किंग मसाले की जरूरत होती है. सबसे पहले साबूदाने को साफ करके कुछ घंटों या जरूरत के अनुसार रातभर पानी में भिगो दें. ध्यान रखें कि साबूदाना अच्छी तरह फूल जाए, लेकिन उसमें अतिरिक्त पानी न रहे. अब उबले आलू छीलकर मैश कर लें. एक बर्तन में साबूदाना और आलू मिलाएं. इसमें नमक, सभी मसाले, बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, लहसुन, हरा धनिया और नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिलाएं. हाथों पर थोड़ा तेल लगाकर मिश्रण की छोटी टिक्कियां बनाएं. गर्म तेल में इन्हें मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. तैयार वड़ों को हरी धनिया, मिर्च और टमाटर की चटनी के साथ गर्मागर्म परोसें.
बाहर से कुरकुरा और अंदर से मुलायम होता है साबूदाना वड़ा, घर पर ऐसे करें तैयार
