Last Updated:
Delhi Police News: दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने इंटर स्टेट आर्म्स सप्लायर मोहम्मद इसरार को दिल्ली लोनी बॉर्डर से पकड़ लिया. उसका तीन राज्यों में फैला अवैध हथियार नेटवर्क ध्वस्त हो गया है.
दिल्ली पुलिस ने इंटर-स्टेट आर्म्स सप्लायर मोहम्मद इसरार गिरफ्तार किया है.
Delhi Police News: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने संगठित अपराधियों के नेटवर्क को बड़ा झटका देते हुए इंटर-स्टेट आर्म्स सप्लायर मोहम्मद इसरार (52 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में सक्रिय आपराधिक गिरोहों से जुड़ा हुआ था. वह 2024 से फरार चल रहा था और उस पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था. क्राइम ब्रांच के मुताबिक, आरोपी को आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मामले में गिरफ्तार किया गया. इसरार कुल छह आपराधिक मामलों में वांछित था, जिनमें हत्या, डकैती और आर्म्स एक्ट के उल्लंघन शामिल हैं.
हरियाणा के एक मामले में उसके सिर पर अतिरिक्त 5,000 रुपये का इनाम भी था. पुलिस के मुताबिक अगस्त 2024 में दिल्ली में 24 वर्षीय शूटर अंकित को तीन सोफिस्टिकेटेड पिस्तौल, एक सिंगल-शॉट पिस्तौल, 13 जिंदा कारतूस, दो मैगजीन और एक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया था. जांच में पता चला कि ये हथियार मोहम्मद इसरार ने ही सप्लाई किए थे. आरोपी ने उत्तर प्रदेश के कैराना में अवैध आर्म्स मैन्युफैक्चरिंग यूनिट चलाई थी, जिसे पुलिस ने लगभग दो महीने पहले ध्वस्त कर दिया था. इसरार ने लंबे समय से हार्डकोर अपराधियों को अवैध हथियार उपलब्ध कराए. उसने जुलाई 2024 में हरियाणा के गोहाना में जयपाल दूधिया की हत्या में इस्तेमाल हुई पिस्तौल भी सप्लाई की थी.
गिरफ्तारी की प्रक्रिया
क्राइम ब्रांच की एंटी-गैंगस्टर स्क्वॉड (AGS) ने इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार के नेतृत्व में और एसीपी भगवती प्रसाद के पर्यवेक्षण में गुप्त सूचना पर कार्रवाई की. 25 मार्च को दिल्ली-लोनी बॉर्डर के पास ट्रैप लगाकर इसरार को पकड़ा गया. उसके कब्जे से एक सिंगल-शॉट पिस्तौल भी बरामद हुई. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण इसरार आपराधिक तत्वों के संपर्क में आया और धीरे-धीरे अवैध हथियार बनाने व सप्लाई करने लगा. वह मूल रूप से बढ़ई का काम करता था. उसकी दो शादियां हुई हैं और कुल दस बच्चे हैं. इसरार को पहली बार 2016 में जेल हुई थी. जेल से छूटने के बाद वह बैंक डकैतियों, हत्याओं और अन्य हिंसक अपराधों में इस्तेमाल होने वाले हथियारों की सप्लाई करने लगा.
दिल्ली पुलिस ने इस गिरफ्तारी को दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में संगठित अपराध और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण कदम बताया है. अधिकारियों का कहना है कि इसरार की गतिविधियां तीन राज्यों तक फैली हुई थीं और उसके नेटवर्क से कई गंभीर अपराध जुड़े थे.
About the Author
न्यूज18 हिंदी में बतौर एसोसिएट एडिटर कार्यरत. मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव. दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, आईएएनएस, बीबीसी, अमर उजाला, जी समूह सहित कई अन्य संस्थानों में कार्य करने का मौका मिला. माखनलाल यूनिवर्स…और पढ़ें
