गाजियाबाद में चोरी करने घुसा चोर खुद ही फंसा,शटर में गर्दन हुई जाम, फायर टीम ने बचाई जान

Last Updated:

गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में चोरी की कोशिश उस समय अजीब मोड़ ले गई, जब एक युवक क्लीनिक में घुसने के बाद खुद ही शटर और कंक्रीट की दीवार के बीच फंस गया. देर रात छत के रास्ते अंदर पहुंचे युवक की गर्दन जाम हो गई और वह बाहर निकलने में असमर्थ हो गया. सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू टूल्स की मदद से सावधानीपूर्वक उसे सुरक्षित बाहर निकाला. रेस्क्यू के बाद युवक को आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस के हवाले कर दिया.

चोरी करने गए चोर की शटर में फंसी गर्दन

गाजियाबाद. इंदिरापुरम इलाके से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां चोरी की नीयत से एक क्लीनिक में घुसा युवक खुद ही फंस गया. युवक छत के रास्ते अंदर तो पहुंच गया, लेकिन नीचे उतरते समय शटर और कंक्रीट की दीवार के बीच बुरी तरह अटक गया. उसकी गर्दन जाम हो गई और वह लंबे समय तक वहीं लटका रहा. समय रहते सूचना मिलने पर फायर विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला.

फायर स्टेशन को मिली सूचना, टीम रवाना

जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अभय खंड का है, फायर स्टेशन वैशाली को सूचना मिली कि एक क्लीनिक के अंदर एक व्यक्ति फंसा हुआ है. सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गई. मौके पर पहुंचने पर टीम ने देखा कि एक युवक शटर और दीवार के बीच फंसा हुआ है और बाहर निकलने में असमर्थ है. प्रारंभिक जांच में युवक की पहचान अभिषेक पुत्र गणेश, निवासी बिहार के रूप में हुई. बताया जा रहा है कि वह देर रात चोरी के इरादे से क्लीनिक की छत के रास्ते अंदर घुसा था. अंदर पहुंचने के बाद जब वह नीचे उतरने लगा, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह शटर और कंक्रीट की दीवार के बीच फंस गया. इस दौरान उसकी गर्दन जाम हो गई और वह लटक गया, जिससे उसकी जान को खतरा पैदा हो गया.

फायर टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

फायर सर्विस की टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, टीम ने विशेष रेस्क्यू टूल्स की मदद से शटर को सावधानीपूर्वक हटाया और धीरे-धीरे युवक को बाहर निकालने का प्रयास किया. पूरी प्रक्रिया के दौरान इस बात का खास ध्यान रखा गया कि युवक को किसी प्रकार की गंभीर चोट न लगे. काफी मशक्कत के बाद टीम ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया. रेस्क्यू पूरा होने के बाद युवक को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग इसे चोरी की कोशिश का अनोखा मामला बता रहे हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

About the Author

Monali Paul

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *