Last Updated:
पूर्वी और उत्तरी दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए खुशखबरी है. शास्त्री पार्क से मयूर विहार फेज-3 तक दिल्ली मेट्रो का नया कॉरिडोर बनने को मंजूरी मिल गई है. इससे शास्त्री पार्क, सीमापुरी, आनंद विहार, लक्ष्मी नगर, पश्चिम विहार, मयूर विहार और आस-पास के इलाकों में रहने वाले हजारों लोगों को अब मेट्रो ट्रेनों की सुविधा मिल सकेगी. इतना ही नहीं अभी तक बस, ऑटो और अपनी गाड़ियों से सफर करने वाले लोगों को एसी मेट्रो ट्रेनों में सफर का मौका मिलेगा. इस कॉरिडोर पर कुल 8 स्टेशन बनने जा रहे हैं, आइए जानते हैं विस्तार से पूरी जानकारी..
दिल्ली मेट्रो ने पूर्वी और उत्तरी-पूर्वी दिल्ली के लोगों को बड़ी खुशखबरी दी है. डीएमआरसी जल्द इन दोनों इलाकों को जोड़ते हुए नया मेट्रो कॉरिडोर बनाने जा रही है. यह कॉरिडोर शास्त्री पार्क से मयूर विहार फेज-3 तक बनाया जाएगा. इस कॉरिडोर में कुल 8 मेट्रो स्टेशन होंगे जो दिल्ली के कई इलाकों को बेहतरीन कनेक्टिविटी देंगे.
(AI फोटो )
शास्त्री पार्क से मयूर विहार फेज-3 तक बन रहा यह नया कॉरिडोर 13.197 किलोमीटर लंबा होगा. यह नया कॉरिडोर दिल्ली मेट्रो का ही विस्तार है, जिसका मकसद पूर्वी दिल्ली के घनी आबादी वाले इलाकों में यातायात की सुविधा बढ़ाना और सड़क जाम से राहत दिलाना है. इस रूट से शास्त्री पार्क, सीमापुरी, आनंद विहार, लक्ष्मी नगर, पश्चिम विहार, मयूर विहार और आस-पास के इलाकों में रहने वाले लोगों को मेट्रो की सुविधा मिलेगी.
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के अधिकारियों की मानें तो इस प्रोजेक्ट से रोजाना हजारों यात्रियों को फायदा पहुंचेगा. खासकर वे लोग जो रोजाना आनंद विहार, भजनपुरा, यमुना विहार, करावल नगर, यमुना पुस्ता रोड, खजूरी खास और मयूर विहार की तरफ आते-जाते हैं, उन्हें अब मेट्रो से आरामदायक सफर की फेसिलिटी मिल पाएगी.
Add News18 as
Preferred Source on Google
शास्त्री पार्क-मयूर विहार कॉरिडोर की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) पूरा करके जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी है. बता दें कि यह नया कॉरिडोर दिल्ली मेट्रो फेज-5 (B) के तहत मंजूर 7 नई लाइनों में से एक है. इन 7 लाइनों की कुल लंबाई करीब 97 किलोमीटर होगी, जिसमें 65 नए स्टेशन बनेंगे. पूरा प्रोजेक्ट करीब 48,204 करोड़ रुपये का है.
शास्त्री पार्क-मयूर विहार फेज-3 कॉरिडोर की बात करें तो इस 13.197 किमी लंबे कॉरिडोर का करीब 9 किलोमीटर का हिस्सा अंडरग्राउंड (भूमिगत) रहेगा और 4.2 किलोमीटर ऊंचा यानि ऐलिवेटेड होगा. यह भले ही ब्लू लाइन से जुड़े इलाकों को भी कवर करेगा लेकिन यह कॉरिडोर एक स्वतंत्र मेट्रो लाइन के रूप में काम करेगा.
फोटो-AI
दिल्ली मेट्रो की इस नई लाइन से गीता कॉलोनी, गांधी नगर मार्केट, कैलाश नगर, पटपड़गंज, न्यू कोंडली और मयूर विहार फेज-3 जैसे इलाके जुड़ेंगे. इस कॉरिडोर पर तीन महत्वपूर्ण इंटरचेंज स्टेशन बनाए जाएंगे. से स्टेशन होंगे शास्त्री पार्क (रेड लाइन), निर्माण विहार (ब्लू लाइन) और त्रिलोकपुरी (पिंक लाइन). इससे पूर्व-पश्चिम और उत्तर-दक्षिण दिल्ली की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी.
अभी तक पूर्वी दिल्ली के गांधी नगर, गीता कॉलोनी, पटपड़गंज और मयूर विहार जैसे इलाकों में रहने वाले लोग बस, ऑटो और निजी गाड़ियों से सफर करते हैं. ऐसे में इस इलाके में पहली बार नई मेट्रो लाइन आने से लोगों को आरामदायक सफर की सौगात मिलेगी. साथ ही राजीव चौक और यमुना बैंक जैसे व्यस्त इंटरचेंज पर भी भीड़ का दबाव कुछ कम हो जाएगा.
बता दें कि शास्त्री पार्क और मयूर विहार फेज-3 के अलावा धांसा बस स्टैंड-नांगलोई, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट-किशनगढ़ समेत 6 और नई लाइनें मंजूर हुई हैं. फेज-5 (B) के 4 कॉरिडोर प्राथमिकता वाले हैं, जिन्हें 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य है. पूरी फेज-5 परियोजना NCR में मेट्रो को और आगे बढ़ाएगी और दिल्ली के ट्रैफिक पर बोझ कम करेगी.
