Last Updated:
Uddhav Thackeray likens NDA to Amoeba: एक रैली में शिवसेना (UBT) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने एनडीए की तुलना अमीबा से की. विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन को ‘घमंडिया’ कहने के लिए बीजेपी पर निशाना साधते हुए ठाकरे ने कहा कि एनडीए को ‘घमंडिए’ (ghamaNDA) कहा जाना चाहिए. ठाकरे ने कहा कि उनकी पहले सहयोगी रही बीजेपी आया राम गया राम वाली पार्टी है.
उद्धव ठाकरे ने एनडीए पर जोरदार हमला बोला है. (Image:twitter.com/ShivSenaUBT_)
मुंबई. महाराष्ट्र के हिंगोली में एक रैली में शिवसेना (UBT) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) ने रविवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की तुलना अमीबा से की और कहा कि बीजेपी के नेतृत्व वाले मोर्चे के पास अमीबा की तरह कोई निश्चित आकार और स्वरूप नहीं है. विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन को ‘घमंडिया’ (ghamandia) कहने के लिए बीजेपी पर निशाना साधते हुए ठाकरे ने कहा कि एनडीए को ‘घमंडिए’ (ghamaNDA) कहा जाना चाहिए. ठाकरे ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री और भारत राष्ट्र समिति (BRS) के प्रमुख के चंद्रशेखर राव से अपना रुख साफ करने को कहा. उन्होंने सवाल किया कि आखिर वह किसका समर्थन कर रहे हैं?
उद्धव ठाकरे ने रैली में कहा कि ‘इंडिया गठबंधन में राष्ट्रवादी पार्टियां शामिल हैं, जो देश में लोकतंत्र की रक्षा करना चाहती हैं. लेकिन एनडीए में अधिकांश पार्टियों में वे लोग शामिल हैं जो अन्य पार्टियों को तोड़कर भाजपा में शामिल हो गए हैं.’ उन्होंने कहा कि ‘मौजूदा एनडीए अमीबा की तरह है, जिसका कोई निश्चित आकार और स्वरूप नहीं है…इंडिया गठबंधन बीजेपी को हरा देगा.’ ठाकरे ने बीआरएस प्रमुख से यह तय करने को कहा कि वह देश के लिए लड़ रहे हैं या भाजपा का समर्थन कर रहे हैं. ठाकरे ने कहा कि ‘अगर आप देश के साथ हैं, तो इंडिया गठबंधन में शामिल हों या खुले तौर पर भाजपा के साथ गठबंधन की घोषणा करें. वोट मत बांटिए.’
भारत-पाक क्रिकेट मैच के लिए भी BJP पर निशाना साधा
शिवसेना (यूबीटी) अध्यक्ष ठाकरे ने लोगों से लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए इंडिया गठबंधन में शामिल होने की अपील की. उन्होंने कहा कि ‘विपक्षी गुट पीएम मोदी के खिलाफ नहीं बल्कि देश की खातिर एकजुट हुआ है.’ विपक्षी इंडिया गठबंधन की बैठक 31 अगस्त और 1 सितंबर को मुंबई में होने वाली है. ठाकरे 31 अगस्त को विपक्षी नेताओं के लिए एक डिनर की मेजबानी करेंगे. ठाकरे ने अहमदाबाद में आगामी विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच की अनुमति देने के लिए भी भाजपा सरकार की आलोचना की.
सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधते हुए ठाकरे ने कहा कि उनकी पहले सहयोगी रही ‘बीजेपी आया राम गया राम वाली पार्टी है. मुझे बीजेपी कैडर पर दया आती है, जिन्होंने पार्टी को सत्ता में लाने के लिए अथक परिश्रम किया. ऐसा कहा जा रहा था कि यह डबल इंजन वाली सरकार है और अब अजित पवार का तीसरा इंजन जुड़ गया है. मुझे आश्चर्य है कि और कितने इंजन जोड़े जाएंगे. यह मालगाड़ी है?’ ठाकरे ने कहा कि ‘एनसीपी नेता हसन मुश्रीफ के राज्य सरकार में शामिल होने के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) उनके घर का रास्ता भूल गया है.’
About the Author
Rakesh Singh is a chief sub editor with 14 years of experience in media and publication. International affairs, Politics and agriculture are area of Interest. Many articles written by Rakesh Singh published in …और पढ़ें
