थाईलैंड ओपन के फाइनल में सात्विक और चिराग, सेमीफाइनल में मलेशियाई जोड़ी को हराया

Last Updated:

थाईलैंड ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में भारत के सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने कमाल कर दिया. इस भारतीय जोड़ी ने नॉकआउट मैच के कड़ी टक्कर में मलेशिया के गोह जे फेइ और नूर इजुद्दीन को मात दी. इसके साथ ही अब भारत के पास तीसरी बार इस खिताब को जीतने का मौका बन गया है.

थाईलैंड ओपन के फाइनल में सात्विक और चिराग

नई दिल्ली: सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी थाईलैंड ओपन सुपर 500 के फाइनल में पहुंच गई है.भारतीय जोड़ी ने तीन गेम के रोमांचक मुकाबले में मलेशिया के गोह जे फेइ और नूर इजुद्दीन को हराया. दुनिया की चौथे नंबर की जोड़ी सात्विक और चिराग ने नौवीं रैंकिंग वाली मलेशियाई जोड़ी को 82 मिनट में 19-21, 22-20, 21-16 से हराया. भारतीय जोड़ी ने 2019 और 2024 में खिताब जीता था और तीसरी बार फाइनल में पहुंची है. अब उनका सामना इंडोनेशिया के लियो रोली कार्नांडो और डेनियल मार्टिन या चीन के हि जि तिंग और रेन शियांग यू की जोड़ी से होगा.

डेनमार्क में थॉमस कप में कांस्य पदक जीतने के बाद भी बैडमिंटन को भारत में तरजीह और प्रशंसा नहीं मिलने को लेकर अपने बयान से सात्विक और चिराग हाल ही में चर्चा में रहे थे. उन्होंने हालांकि बाहरी शोर से किनारा करते हुए शानदार प्रदर्शन करते फाइनल में प्रवेश किया. मलेशियाई जोड़ी के खिलाफ उनका रिकॉर्ड 7-2 का था लेकिन गोह और इजुद्दीन ने पिछले साल इंडिया ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट में उन्हें हराया था.

मलेशियाई जोड़ी के पास थी मैच में शुरुआती बढ़त

मलेशियाई जोड़ी ने अच्छी शुरूआत करके 3-1 की बढ़त बना ली लेकिन सात्विक और चिराग ने स्कोर 5-5 से बराबर कर लिया. पहले गेम में मलेशियाई जोड़ी ने ब्रेक तक 11-8 की बढ़त बना ली. चिराग की गलती से शटल नेट में चली गई और अंतर बढ गया. पहला गेम मलेशियाई जोड़ी ने 21-19 से जीता. इसके बाद दूसरे गेम में मुकाबला बराबरी का था और स्कोर 3-3 से 6-6 हो गया. भारतीय जोड़ी ने 9-6 की बढत बना ली लेकिन चिराग के एक रिटर्न पर शटल नेट में जाने से बढत 10-9 की रह गई.

ब्रेक के बाद फिर स्कोर 13-13 हो गया. चिराग ने भारत को 16-14 से बढत दिलाई लेकिन फिर रिटर्न नेट में जाने से स्कोर 16-16 हो गया. भारतीय जोड़ी ने फिर 19-16 की बढत बनाई और एक समय स्कोर 20-20 था जब भारतीय जोड़ी ने इजुद्दीन का शॉट वाइड जाने पर यह गेम जीता. निर्णायक गेम में भारतीय जोड़ी हावी रही और मलेशियाई जोड़ी वापसी नहीं कर पाई.

About the Author

Jitendra Kumar

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *