गैस चैंबर से 'क्लीन सिटी' बनने की राह पर दिल्ली? जहरीली हवा से मिली आजादी! 8 साल का टूटा रिकॉर्ड

होमताजा खबरDelhi

गैस चैंबर से ‘क्लीन सिटी’ बनने की राह पर दिल्ली? 8 साल का टूटा रिकॉर्ड

Last Updated:

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के अनुसार दिल्ली के प्रदूषण में ऐतिहासिक सुधार हुआ है. कोविड काल (2020) को छोड़कर साल 2026 के शुरुआती पांच महीनों (जनवरी से मई) में दिल्ली का औसत AQI (211) पिछले 8 सालों में सबसे कम दर्ज किया गया. इस अवधि में पूरे 75 दिन हवा ‘Good to Moderate’ श्रेणी में रही. वहीं, मई 2026 का औसत AQI भी घटकर 157 पर आ गया.

दिल्‍ली की हवा को लेकर नया डाटा सामने आया है.

नई दिल्‍ली. प्रदूषण और जहरीले स्मॉग को लेकर हमेशा से देश-दुनिया के निशाने पर रहने वाली राजधानी दिल्ली से इस बार पर्यावरण को लेकर एक बेहद सुकून देने वाली खुशखबरी सामने आई है. वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) द्वारा जारी ताजा और आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार साल 2026 के शुरुआती पांच महीनों (जनवरी से मई) में दिल्ली की आबो-हवा ने पिछले आठ सालों का सबसे बेहतरीन और साफ रिकॉर्ड दर्ज किया है. अगर महामारी से प्रभावित कोविड वर्ष 2020 को छोड़ दिया जाए तो पिछले आठ वर्षों में इस अवधि के दौरान दिल्ली की हवा इतनी स्वच्छ कभी नहीं रही. लगातार बढ़ते ‘गुड टू मॉडरेट’ (अच्छी से मध्यम) श्रेणी के दिनों और गिरते औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) ने यह साफ संकेत दे दिया है कि दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए जमीनी स्तर पर किए जा रहे सरकारी प्रयास और जनता की जागरूकता अब रंग लाने लगी है.

8 सालों में सबसे शानदार रहा जनवरी-मई का सफर
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दिल्ली के प्रदूषण से जुड़े बेहद सकारात्मक आंकड़े साझा किए हैं. आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से मई 2026 के बीच दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) घटकर महज 211 पर आ गया है. यह आंकड़ा पिछले 8 सालों (कोविड काल को छोड़कर) में सबसे कम और सबसे बेहतर है. तुलनात्मक रूप से देखें तो साल 2025 में इसी अवधि में औसत AQI 214 था जबकि 2024 में 231, 2022 में 238 और साल 2018 में यह 243 के खतरनाक स्तर पर दर्ज हुआ था. साफ है कि दिल्ली की हवा में अब लगातार और क्रमिक सुधार हो रहा है.

मई के महीने में भी मिली भारी राहत
आमतौर पर मई के महीने में तेज धूप, धूल भरी आंधियों और गर्मी के चलते प्रदूषण का स्तर बढ़ता है, लेकिन मई 2026 में दिल्लीवालों ने अपेक्षाकृत काफी साफ हवा में सांस ली. इस साल मई का औसत AQI मात्र 157 रिकॉर्ड किया गया. कोविड वर्षों (2020 और 2021) को अगर अलग रख दें, तो पिछले आठ सालों में यह मई महीने का दूसरा सबसे कम और सबसे शानदार औसत AQI स्तर है. इससे पहले मई 2024 में यह 223 और मई 2018 में 217 तक पहुंच गया था.

75 दिन रही गुड टू मॉडरेट हवा
इस साल के शुरुआती 151 दिनों में से आधे से अधिक यानी पूरे 75 दिन ऐसे रहे जब दिल्ली की एयर क्वालिटी ‘Good to Moderate’ (अच्छी से मध्यम) श्रेणी के बीच दर्ज की गई. यह संख्या पिछले साल 2025 (70 दिन) से बेहतर है और 2024 के रिकॉर्ड के बराबर है. अगर साल 2022 से इसकी तुलना की जाए, तो उस समय शुरुआती पांच महीनों में सिर्फ 37 दिन ही दिल्ली की हवा सांस लेने लायक अच्छी श्रेणी में थी. इन बदलते आंकड़ों से पर्यावरण विशेषज्ञों को उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में प्रदूषण पर स्थायी नियंत्रण पाया जा सकता है.

About the Author

Sandeep GuptaChief Sub Editor

डिजिटल पत्रकारिता में खबरों की गहरी समझ रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. 16 वर्षों से सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में इन्होंने अपनी कलम से जटिल विषयों को …और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *