दिल्लीवालों ने आज महसूस की 53.5 डिग्री की खौफनाक तपन, फिर भी मौसम विभाग क्‍यों बोल रहा शहर में नहीं चली लू?

होमताजा खबरDelhi

दिल्लीवालों ने आज महसूस की 53.5 डिग्री की तपन, फिर IMD क्‍यों बोला नहीं चली लू

Last Updated:

Delhi Aaj Ka Mausam: मंगलवार को दिल्ली में भीषण गर्मी के चलते शाम को लोगों को 53.5 डिग्री सेल्सियस जैसी भयानक तपन (हीट इंडेक्स) महसूस हुई. हालांकि आईएमडी के अनुसार तकनीकी कारणों से इसे आधिकारिक तौर पर लू नहीं माना गया. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पाकिस्तान की गर्म हवाओं और अरब सागर की नम हवाओं के आपस में मिलने के कारण तापमान और उमस दोनों में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

आज दिल्‍लीवालों को गर्मी ने खूब परेशान किया. (PTI)

राजधानी दिल्ली में मंगलवार को भीषण गर्मी का टॉर्चर जारी रहा. दिल्लीवाले इस कदर झुलसाने वाली गर्मी से परेशान रहे कि शाम 5:30 बजे लोगों को 53.5 डिग्री सेल्सियस जैसी भयानक तपन (हीट इंडेक्स) महसूस हुई. हालांकि, राहत की बात यह रही कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का कहना है कि तकनीकी तौर पर अभी शहर में लू के हालात नहीं बने हैं. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के अलग-अलग वेदर स्टेशनों पर तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया. दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा है. वहीं पालम में यह 41.0 डिग्री और लोधी रोड पर 40.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.

दिल्ली के रिज इलाके में स्थित मौसम केंद्र पर सबसे ज्यादा गर्मी दर्ज की गई जहां पारा सामान्य से 4.8 डिग्री ऊपर चढ़कर 41.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. इसके अलावा आयानगर में भी तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

कहीं हल्की बारिश तो कहीं सूखा
मौसम विभाग ने बताया कि सुबह के समय सफदरजंग, पालम, लोधी रोड और आयानगर में बेहद हल्की बारिश या बूंदाबांदी हुई, लेकिन रिज इलाका पूरी तरह सूखा रहा. इसके बाद दिनभर में पालम और आयानगर में ही थोड़ी बारिश देखी गई जबकि बाकी इलाकों में उमस भरी गर्मी का दौर जारी रहा. रात के तापमान (न्यूनतम तापमान) ने भी लोगों को खूब रुलाया. सफदरजंग और पालम में रात का पारा 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं लोधी रोड और आयानगर में यह सामान्य से करीब 4 डिग्री तक ज्यादा दर्ज किया गया.

आखिर दिल्ली में लू क्यों नहीं मानी गई?
मौसम विभाग (IMD) के नियमों के अनुसार, दिल्ली में आज आधिकारिक रूप से लू की घोषणा नहीं की गई. विभाग ने साफ किया, “हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली के पूरे सब-डिवीजन में लू की स्थिति मानने के लिए कम से कम दो वेदर स्टेशनों पर तय मापदंड पूरे होने चाहिए. आज दिल्ली में केवल एक ही केंद्र पर ऐसे हालात थे, इसलिए इसे तकनीकी रूप से लू नहीं कहा जा सकता.”

क्यों बढ़ गई है इतनी ज्यादा तपन?
निजी मौसम एजेंसी ‘स्काईमेट’ के एक्सपर्ट महेश पलावत के मुताबिक, इस समय पाकिस्तान की तरफ से आने वाली सूखी और गर्म पश्चिमी हवाएं तापमान को बढ़ा रही हैं. दूसरी तरफ, अरब सागर से आने वाली दक्षिण-पश्चिमी हवाएं दिल्ली में नमी (उमस) ला रही हैं. जब ये दोनों हवाएं मिलती हैं तो बादल तो बनते हैं लेकिन उनमें भारी बारिश कराने जितनी नमी नहीं होती. शाम होते-होते जब तक बादल गहराते हैं तब तक दिन का अधिकतम तापमान दर्ज हो चुका होता है. यही कारण है कि तापमान के साथ-साथ लोगों को महसूस होने वाली तपन (Heat Index) इतनी ज्यादा बढ़ गई है.

About the Author

Sandeep GuptaChief Sub Editor

डिजिटल पत्रकारिता में खबरों की गहरी समझ रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. 16 वर्षों से सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में इन्होंने अपनी कलम से जटिल विषयों को …और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *