दुल्हन बनकर आई, कैश-जेवर लेकर फरार; दिल्ली पुलिस ने फर्जी मैरिज गैंग का किया पर्दाफाश

होमताजा खबरDelhi

दुल्हन बनकर आई, कैश-जेवर लेकर फरार; DP ने फर्जी मैरिज गैंग का किया पर्दाफाश

Last Updated:

Delhi Police Busted Fake Marriage Gang: दिल्ली पुलिस ने एक फर्जी शादी गैंग का पर्दाफाश किया जो अविवाहित युवकों को ठगता था. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इसमें फर्जी दुल्हन बनने वाली महिला चार बच्चों की मां निकली है.

मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों के साथ दिल्ली पुलिस की टीम.

Delhi Police Busted Fake Marriage Gang: पश्चिमी दिल्ली के ख्याला थाना पुलिस ने फर्जी शादी के नाम पर अविवाहित युवकों को ठगने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह पहले अविवाहित युवकों को शादी का झांसा देता था, फिर लाखों रुपये लेकर शादी कराता और कुछ ही समय बाद दुल्हन नकदी व कीमती सामान लेकर फरार हो जाती थी.

पुलिस के अनुसार इस मामले का खुलासा उस समय हुआ जब एक महिला की गुमशुदगी की जांच शुरू की गई. शुरुआती जांच में मामला सामान्य गुमशुदगी का लग रहा था, लेकिन जैसे-जैसे पुलिस ने तथ्यों की पड़ताल की, एक बड़े फर्जी शादी रैकेट का खुलासा हो गया. जांच में सामने आया कि गिरोह ने राजस्थान के जालोर निवासी एक अविवाहित युवक को अपना शिकार बनाया. युवक को शादी कराने का झांसा देकर उससे करीब 6 लाख रुपये वसूले गए. शादी पूरी होने के बाद योजना के मुताबिक महिला कुछ समय तक उसके साथ रही और फिर नकदी व कीमती सामान लेकर फरार हो गई.

चार बच्चों की मां है फर्जी दुल्हन

पुलिस जांच में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि खुद को कुंवारी बताकर शादी करने वाली महिला लवली उर्फ ललिता पहले से शादीशुदा है. इतना ही नहीं, उसके चार बच्चे भी हैं. पुलिस के मुताबिक ललिता अपने पति कमल लोहरा और अन्य साथियों के साथ मिलकर इस पूरे फर्जीवाड़े को अंजाम देती थी.

गिरोह की कार्यप्रणाली बेहद सुनियोजित थी. आरोपी पहले ऐसे युवकों की तलाश करते थे, जिन्हें शादी के लिए लड़की नहीं मिल रही होती थी. इसके बाद बिचौलियों के जरिए संपर्क कर खुद को गरीब लेकिन अविवाहित लड़की बताकर रिश्ता तय कराया जाता था. शादी के नाम पर मोटी रकम ली जाती थी और विवाह की रस्में भी पूरी कराई जाती थीं, ताकि पीड़ित को किसी तरह का संदेह न हो.

पुलिस के अनुसार, शादी के कुछ दिन बाद ही महिला किसी बहाने से घर से निकल जाती थी और अपने साथ नकदी, जेवर तथा अन्य कीमती सामान भी ले जाती थी. इसके बाद गिरोह के सदस्य पीड़ित से संपर्क तोड़ देते थे और नए शिकार की तलाश शुरू कर देते थे. इस मामले में पुलिस ने लवली उर्फ ललिता, कमल लोहरा और दीपू उर्फ राकेश एक्का को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ के दौरान गिरोह के नेटवर्क और उसकी कार्यप्रणाली से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं.

वहीं, इस मामले में शामिल अन्य आरोपी अंकित वर्मा, दीपिका और गोपाल अभी फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. अधिकारियों का मानना है कि गिरोह ने इसी तरह कई अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया हो सकता है. इसलिए गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पुराने मामलों की भी जांच की जा रही है.

ख्याला थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह का नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है और अब तक कितने लोगों से शादी के नाम पर ठगी की गई है.

About the Author

संतोष कुमार

न्यूज18 हिंदी में बतौर एसोसिएट एडिटर कार्यरत. मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव. दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, आईएएनएस, बीबीसी, अमर उजाला, जी समूह सहित कई अन्य संस्थानों में कार्य करने का मौका मिला. माखनलाल यूनिवर्स…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *