Last Updated:
Kanwar yatra Ghaziabad 2026: गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा के लिए नगर निगम सक्रिय है. 68 किमी मार्ग पर गड्ढा मुक्त सड़कें, साफ-सफाई, मोबाइल टॉयलेट, पेयजल और रोशनी की व्यवस्था की जा रही है. सुरक्षा के लिए कंट्रोल रूम और 193 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे. इन कैमरों के जरिए कांवड़ यात्रा की हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके.
गाजियाबादः गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा को लेकर नगर निगम पूरी तरह सक्रिय हो गया है. नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में करीब 68 किलोमीटर लंबा कांवड़ मार्ग पड़ता है. इस पूरे रूट पर सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने, साफ-सफाई कराने और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का काम तेजी से किया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
मार्ग पर होगा मोबाइल टॉयलेट का इंतजाम
नगर निगम की ओर से पूरे कांवड़ मार्ग पर जगह-जगह मोबाइल टॉयलेट और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की जाएगी. जिन स्थानों पर कांवड़ शिविर लगाए जाएंगे वहां भी टॉयलेट और पानी की सुविधा उपलब्ध रहेगी. इसके साथ ही रात के समय रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी. जहां अस्थायी लाइटें लगाई गई हैं, उन्हें पूरी तरह चालू कराया जाएगा ताकि कांवड़ियों को अंधेरे में किसी प्रकार की दिक्कत न हो.
सुरक्षा के लिहाज से भी इस बार विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं नगर आयुक्त के अनुसार मेरठ रोड पर नगर निगम का मुख्य कंट्रोल रूम बनाया जाएगा जहां से पूरे कांवड़ मार्ग की निगरानी की जाएगी इसके अलावा शहर में लगे आईटीएमएस कैमरों के साथ 193 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे. इन कैमरों के जरिए कांवड़ यात्रा की हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके.
प्राचीन दूधेश्वरनाथ मंदिर से विशेष व्यवस्था
शहर के प्राचीन दूधेश्वरनाथ मंदिर में भी इस बार विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं. सावन शिवरात्रि के दौरान यहां लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक करने पहुंचते हैं जिससे मंदिर के बाहर कई किलोमीटर लंबी कतार लग जाती है. इसे देखते हुए नगर निगम बैरिकेडिंग कराएगा खास बात यह है कि पहली बार इन बैरिकेड्स के ऊपर शेड लगाया जाएगा. जिससे लाइन में खड़े श्रद्धालुओं को तेज धूप और गर्मी से राहत मिलेगी.
नगर निगम की ओर से हर वर्ष की तरह इस बार भी साईं उपवन में कांवड़ शिविर लगाया जाएगा साथ ही कांवड़ियों के स्वागत के लिए पुष्प वर्षा की भी तैयारी की जा रही है. पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इस बार कांवड़ शिविरों में प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने के लिए क्रोकरी बैंक की सुविधा भी शुरू की जाएगी. इसके तहत स्टील के बर्तनों का इस्तेमाल किया जाएगा जिन कांवड़ शिविर संचालकों को स्टील के बर्तनों की जरूरत होगी. वह नगर निगम से इन्हें किराये पर भी ले सकेंगे नगर निगम का कहना है कि इस पहल से प्लास्टिक कचरे में कमी आएगी और कांवड़ यात्रा को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने में मदद मिलेगी.
About the Author
मैं रजनीश कुमार यादव, 2019 से पत्रकारिता से जुड़ा हूं. तीन वर्ष अमर उजाला में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया. तीन वर्षों से न्यूज18 डिजिटल (लोकल18) से जुड़ा हूं. ढाई वर्षों तक लोकल18 का रिपोर्टर रहा. महाकुंभ 2025 …
और पढ़ें
