Last Updated:
Ghaziabd News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां रील बनाने के शौक ने एक 17 वर्षीय किशोर की जान ले ली. साहिबाबाद थाना क्षेत्र के अर्थला स्थित निर्माणाधीन पार्श्वनाथ बिल्डिंग में समीर नाम के किशोर को सिक्योरिटी गार्ड ने गोली मार दी. परिजनों का आरोप है कि समीर वहां रील बनाने गया था, लेकिन गार्ड ने उसे चोर समझकर मारपीट की और गोली मार दी. वहीं, पुलिस हिरासत में आए गार्ड का दावा है कि कुछ युवक लोहे की सरिया चुरा रहे थे, जिन्हें डराने के लिए उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग की थी.
गाजियाबाद में नाबालिग की गार्ड की गोली लगने से मौत.
रिपोर्ट- दीपक बिष्ट
गाजियाबाद/साहिबाबाद: गाजियाबाद जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. साहिबाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत हिंडन पुल चौकी के अर्थला इलाके में स्थित एक अर्ध-निर्मित पार्श्वनाथ बिल्डिंग में एक 17 वर्षीय किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. मृतक की पहचान समीर (पुत्र नबी अहमद) के रूप में हुई है. इस गोलीकांड के बाद से मृतक के परिवार सदमे में है.
रविवार दोपहर एक युवक की गोली मार कर हत्या की खबर आई. मौके पर जब पुलिस पहुंची तो परिजनों ने बताया कि 17 वर्षीय समीर अपने कुछ दोस्तों के साथ खाली पड़ी पार्श्वनाथ बिल्डिंग में इंस्टाग्राम रील बनाने गया था. परिजनों का कहना है कि वहां तैनात सिक्योरिटी गार्ड और उसके साथियों ने समीर को चोर समझ लिया. आरोप है कि पहले गार्ड और उसके साथियों ने किशोर के साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर उसे गोली मार दी.
रील बनाने गया था या चोरी करने?
घटना साहिबाबाद के अर्थला क्षेत्र स्थित हिंडन पुल चौकी के अंतर्गत आने वाले अर्धनिर्मित पार्श्वनाथ बिल्डिंग परिसर की है. इस मामले में दो अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं. परिजनों का गंभीर आरोप है कि समीर वहां अपने दोस्तों के साथ इंस्टाग्राम रील बनाने के लिए गया था. उनका कहना है कि गार्ड और उसके साथियों ने उसे चोर समझकर पहले उसके साथ बुरी तरह मारपीट की और फिर उसे जान से मारने की नीयत से गोली मार दी.
गार्ड का दावा- सरिया चुरा रहे थे युवक
इस पूरे मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी सिक्योरिटी गार्ड विवेक यादव को हिरासत में ले लिया है. पुलिस पूछताछ में गार्ड विवेक यादव ने अपनी सफाई पेश करते हुए एक अलग ही कहानी बताई है. गार्ड का दावा है कि कुछ युवक निर्माणाधीन बिल्डिंग से लोहे की सरिया और अन्य सामान चुरा रहे थे. गार्ड के मुताबिक, उसने उन युवकों को महज डराने के उद्देश्य से अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग की थी, लेकिन दुर्भाग्यवश गोली समीर को जा लगी. समीर की इलाज के दौरान एमएमजी अस्पताल में मौत हो गई.
पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी
घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए एसीपी अमित ने बताया कि पुलिस को पार्श्वनाथ बिल्डिंग परिसर में गोली चलने की सूचना प्राप्त हुई थी. पुलिस द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके पर जाकर जांच की गई. आरोपी सिक्योरिटी गार्ड विवेक यादव को हिरासत में लेकर उसका लाइसेंसी हथियार भी बरामद कर लिया गया है जिससे गोली चली थी.
About the Author
सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें
