ट्रैफिक एडवाइजरी: 12 की रात से दिल्‍ली में लागू होंगी पाबंदियां… 13 को इन रास्‍तों पर महा-जाम का अलर्ट

नई दिल्‍ली. 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के तहत 13 अगस्त (मंगलवार) को दिल्ली के लाल किले पर फुल ड्रेस रिहर्सल होने जा रही है. अगर आप घर से निकलने की योजना बना रहे हैं तो जरा संभल जाइए. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लाल किले और उसके आसपास के बड़े हिस्से में सुबह 4:00 बजे से 10:00 बजे तक आम यातायात के प्रवेश पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी है. इसके अलावा 12 अगस्त की रात से ही मालवाहक गाड़ियों और बसों पर कई तरह के प्रतिबंध लागू हो जाएंगे. ऐसे में मध्य, पूर्वी और उत्तरी दिल्ली की ओर जाने वाले राहगीरों को भारी ट्रैफिक जाम और दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे एक्स्ट्रा समय लेकर ही घर से निकलें और गूगल मैप्स व पुलिस एडवाइजरी का ध्यान रखें.

कौन-कौन से रास्ते रहेंगे पूरी तरह बंद?
(सुबह 4 बजे से 10 बजे तक)
• नेताजी सुभाष मार्ग (दिल्ली गेट से छत्ता रेल)
• लोथियन रोड (GPO दिल्ली से छत्ता रेल)
• एस.पी. मुखर्जी मार्ग, चांदनी चौक रोड और निशाद राज मार्ग
• एस्प्लेनेड रोड और उससे जुड़ी लिंक रोड
• रिंग रोड का हिस्सा (राजघाट से ISBT कश्मीरी गेट तक)
• ओल्ड आयरन ब्रिज (लोहे का पुल) और गीता कॉलोनी ब्रिज से शांति वन की ओर जाने वाला रास्ता.

जाम से बचना है तो इन वैकल्पिक रूटों का करें इस्तेमाल

1. नॉर्थ से साउथ (उत्तर से दक्षिण दिल्ली):

• रूट 1: अरबिंदो मार्ग – सफदरजंग रोड – कमल अतातुर्क मार्ग – कौटिल्य मार्ग – सरदार पटेल मार्ग – मदर टेरेसा क्रिसेंट – पार्क स्ट्रीट – मंदिर मार्ग – पंचकुइयां रोड.
• रूट 2: मिंटो रोड – भवभूति मार्ग – अजमेरी गेट – श्रद्धानंद मार्ग – लाहौरी गेट – नया बाजार – पीली कोठी होकर निकल सकते हैं.

2. ईस्ट से वेस्ट (पूर्वी से पश्चिमी दिल्ली):

• पूर्वी दिल्ली से आने-जाने के लिए DND, NH-24 (NH-9), निजामुद्दीन ब्रिज, बारापुला रोड, पुश्ता रोड, युधिष्ठिर सेतु, सिग्नेचर ब्रिज और वजीराबाद ब्रिज पूरी तरह खुले रहेंगे.
• कश्मीरी गेट ISBT पहुंचने के लिए निजामुद्दीन ब्रिज से यमुना पार कर पुश्ता रोड, GT रोड और युधिष्ठिर सेतु का इस्तेमाल करें.

कमर्शियल वाहन, बसों और ISBT यात्रियों के लिए जरूरी निर्देश
• मालवाहक वाहन: 12 अगस्त की आधी रात 12 बजे से 13 अगस्त सुबह 11 बजे तक निजामुद्दीन खट्टा से वजीराबाद ब्रिज के बीच भारी मालवाहक गाड़ियों की नो-एंट्री रहेगी.
• इंटरस्टेट बसें: महाराणा प्रताप ISBT (कश्मीरी गेट) और सराय काले खां ISBT के बीच अंतरराज्यीय बसों का संचालन 12 अगस्त रात 12 बजे से 13 अगस्त सुबह 11 बजे तक पूरी तरह बंद रहेगा.
• DTC व स्थानीय बसें: रिंग रोड पर कश्मीरी गेट से निजामुद्दीन खट्टा के बीच 13 अगस्त सुबह 10 बजे तक बसों की आवाजाही बंद रहेगी. कई बसों को मोरी गेट, तुर्कमान गेट और तिस हजारी पर ही शॉर्ट-टर्मिनेट किया जाएगा.

अस्पताल और रेलवे स्टेशन कैसे पहुंचे?
• रेलवे स्टेशन: पुरानी दिल्ली, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री एक्स्ट्रा मार्जिन लेकर निकलें. मेट्रो का इस्तेमाल सबसे सुरक्षित विकल्प रहेगा.
• अस्पताल: LNJPN (जेपीएन) अस्पताल जाने के लिए कोई विशेष प्रतिबंध नहीं है. कस्तूरबा अस्पताल जाने वाले मरीज अजमेरी गेट – चावड़ी बाजार – उर्दू बाजार वाले रास्ते का इस्तेमाल कर सकते हैं.

16 अगस्त तक उड़ने वाली चीजों पर बैन, साथ न लाएं ये सामान
सुरक्षा के कड़े इंतजामों के चलते दिल्ली में 16 अगस्त तक ड्रोन, पैरा-ग्लाइडर, हॉट एयर बैलून और क्वाडकॉप्टर जैसे हवाई उपकरणों की उड़ान पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है. अगर आप रिहर्सल या समारोह देखने जा रहे हैं, तो ध्यान रखें कि सुरक्षा कारणों से कैमरा, दूरबीन, रिमोट चाबी, छाता, हैंडबैग, ब्रीफकेस, टिफिन, पानी की बोतल और सिगरेट/लाइटर ले जाना सख्त मना है. पुलिस ने चेतावनी दी है कि किसी भी लावारिस वस्तु को न छुएं और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत 112 या नजदीकी पुलिसकर्मी को सूचित करें.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *