Last Updated:
दिल्ली में बारिश क्या हुई, पूरा सिस्टम ही क्रैश हो गया. CP, महिपालपुर, सुब्रतो पार्क और IGI एयरपोर्ट का सीन एकदम रिवर राइड जैसा बन गया. MCD के सारे बड़े-बड़े दावे वाटर-लॉगिंग में बह गए. ऑफिस से घर लौट रहे लोग भीषण ट्रैफिक जाम में घंटों फंसे रहे और गाड़ियां सड़कों पर रेंगती दिखीं. बस थोड़ी सी बारिश में पूरी दिल्ली का ‘मोये मोये’ हो गया.
आज शाम बारिश के बाद दिल्ली की रफ्तार थम गई.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज शाम हुई झमाझम और मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर नगर निगम (MCD) और सरकारी दावों की पोल खोलकर रख दी है. महज चंद घंटों की मूसलाधार बारिश के बाद दिल्ली की प्रमुख सड़कों पर लबालब पानी भर गया, जिससे रफ्तार पर ब्रेक लग गया. कनॉट प्लेस, महिपालपुर, सुब्रतो पार्क, साउथ मोती बाग और इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट समेत दिल्ली के वीआईपी और रिहायशी इलाकों में पानी का भराव इतना जबरदस्त था कि नावें चलने जैसे हालात बन गए. इसके अलावा अकबर रोड और बसंत गांव में भी भारी जलभराव देखने को मिला. शाम के व्यस्त समय में दफ्तरों से घर लौट रहे लोग घंटों तक भीषण ट्रैफिक जाम में फंसे रहे, वहीं जलभराव के बीच गाड़ियां रेंगती और बंद होती नजर आईं.
चंद घंटों की बारिश में रुक गई राजधानी की रफ्तार
दिल्ली-एनसीआर में शाम होते ही बादलों की तेज गर्जना के साथ शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने देखते ही देखते पूरी दिल्ली को जलमग्न कर दिया. लुटियंस दिल्ली के हाई-प्रोफाइल अकबर रोड से लेकर मिंटो रोड और बारखंबा रोड तक, हर तरफ केवल पानी ही पानी नजर आया. कनॉट प्लेस के आउटर और इनर सर्किल में पानी भर जाने से कई वाहन बीच सड़क पर ही बंद हो गए, जिन्हें धक्का मारकर किनारे ले जाते देखा गया. हवाई यात्रियों को भी बेहद परेशानी झेलनी पड़ी क्योंकि इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट टर्मिनल के बाहर और अंदर परिसर में घुटनों तक पानी भर गया था, जिससे यात्री अपनी फ्लाइट पकड़ने के लिए पानी में से पैदल चलने को मजबूर हुए.
MCD और PWD के दावों की खुली पोल
हर साल मानसून और बारिश से पहले एमसीडी और पीडब्ल्यूडी नाला सफाई, ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त करने और पंप सेट लगाने का बड़ा दावा करते हैं. लेकिन आज शाम की बारिश ने यह साफ कर दिया कि ये तमाम दावे कागजी साबित हुए हैं. जगह-जगह नालियां और ड्रेन ओवरफ्लो होने लगे, जिससे नालियों का गंदा पानी सड़कों पर आ गया. शहर के कई प्रमुख अंडरपास और फ्लाईओवर के नीचे पानी भर जाने से वहां आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई. महरौली-महिपालपुर रोड और वसंत कुंज की ओर जाने वाले रास्तों पर कई फीट तक पानी जमा रहा, जिसने पूरी व्यवस्था को बेबस साबित कर दिया.
सड़कों पर घंटों रेंगते रहे वाहन, आम जनता परेशान
शाम के समय जब लोग काम खत्म करके अपने घरों के लिए निकले तो जलभराव के कारण मुख्य मार्गों पर गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं. रिंग रोड, धौला कुआं, साउथ पार्क और एयरपोर्ट रोड पर ट्रैफिक इतना धीमा हो गया कि दो किलोमीटर का सफर पूरा करने में लोगों को घंटों का समय लगा. टू-व्हीलर सवार गाड़ियां बंद होने से परेशान दिखे, तो बसों और ऑटो चालकों को भी लबालब भरी सड़कों से निकलने में खासी मशक्कत करनी पड़ी. यात्री पानी कम होने का घंटों इंतजार करते दिखे.
About the Author
पत्रकारिता में 16 वर्षों से अधिक का सुदीर्घ अनुभव रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर होम पेज पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. जटिल और सामरिक विषयों को बेहद सरल भाषा में पाठकों त…
और पढ़ें
