दिल्ली-एनसीआर और नोएडा के निवासियों के लिए मंगलवार की रात बड़ी राहत लेकर आई. पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी और उमस के बीच मौसम ने अचानक करवट ली और आसमान में काले बादलों ने डेरा डाल दिया. दिल्ली और नोएडा के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हुई मूसलाधार बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है. इस बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे पारा लुढ़क गया और लोगों को चिलचिलाती गर्मी से निजात मिली. इस झमाझम बारिश के बाद ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली.
राहत और आफत की दोहरी मार
उत्तर और मध्य भारत इस समय हीटवेव’ की चपेट में है. राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश के कई जिलों में पारा 45 डिग्री के पार जा चुका है. बाड़मेर में तापमान 48.3 डिग्री दर्ज किया गया, जिसने पिछले कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. लेकिन भीषण तपिश के इस दौर में प्रकृति ने एक नया मोड़ लिया है. पिछले 24 घंटों के दौरान देश के बड़े हिस्से में धूल भरी आंधी और गरज के साथ बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग (IMD) द्वारा जारी वेदर रिपोर्ट के अनुसार:
· उत्तर भारत: हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने मौसम को ठंडा किया है.
· पूर्वोत्तर: असम और अरुणाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है.
· मध्य व पश्चिम भारत: गुजरात के सौराष्ट्र-कच्छ, छत्तीसगढ़, विदर्भ और मराठवाड़ा में भी तेज हवाओं के साथ छींटे पड़े हैं, जिससे तापमान में आंशिक गिरावट आई है.
· दक्षिण भारत: कोंकण और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी बारिश ने दस्तक दी है.
भीषण गर्मी बनाम राहत की फुहारें
जहां दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान34 से 42 डिग्री के बीच बना हुआ है, वहीं राजस्थान के जैसलमेर और बीकानेर जैसे शहरों में लू का कहर जारी है. विशेषज्ञों का मानना है कि अरब सागर से उठने वाली नमी और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण ही इस भीषण गर्मी के बीच अचानक बारिश का माहौल बना है.
13 मई काको कैसा रहेगा मौसम
IMD के ताजा वेदर चार्ट (13-05-2026) के अनुसार, कल का दिन देश के कई हिस्सों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट वाला रहने वाला है:
1. लू का कहर: राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों (रेड अलर्ट जोन) में कल भी प्रचंड लू चलने की संभावना है. यहां तापमान में विशेष कमी के आसार नहीं हैं.
2. तेज आंधी और बारिश: पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कल धूल भरी आँधी चलने और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है.
3. पहाड़ों पर हलचल: हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बिजली कड़कने के साथ बारिश हो सकती है, जिससे मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं आएंगी.
4. पूर्वोत्तर में भारी वर्षा: असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में कल भारी बारिश का अनुमान है, जिसके लिए विभाग ने चेतावनी जारी की है.
5. मध्य भारत: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश से तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है.
