Last Updated:
दिल्ली के कड़कड़डूमा में सनकी पति ने लखनऊ से दिल्ली आकर अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी. पीड़िता नोएडा में फुल-टाइम घरेलू सहायिका के तौर पर काम करती थी और हाल ही में अपनी जेठानी (भाभी) कौशल के घर रहने आई थी. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली. दिल्ली के कड़कड़डूमा गांव में एक व्यक्ति को अपनी पत्नी की कथित तौर पर चाकू से हमलाकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने सोमवार यह जानकारी दी. पुलिस के अनुसार, रविवार को आनंद विहार थाने को सूचना मिली कि कड़कड़डूमा गांव स्थित एक घर में एक महिला का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा है. सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को उसके शरीर पर चाकू के कई घाव मिले.
शाहदरा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि महिला की पहचान सोनम जोशी (30) के रूप में हुई है जो मूलरूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ की निवासी और नोएडा में घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी. उन्होंने बताया कि हाल में वह अपनी जेठानी के घर रहने आई थी.
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, अपराध शाखा और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंची. घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कर साक्ष्य एकत्र किए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया. उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि महिला की हत्या उसके पति अनुज जोशी (35) ने की थी.
मीणा ने बताया कि वारदात के कुछ ही घंटे के भीतर पुलिस ने परिवार के सदस्यों व पड़ोसियों की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया.
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लखनऊ से दिल्ली बस से आया था और चाकू लखनऊ में ही खरीदा था. रविवार सुबह करीब पौने छह बजे वह कड़कड़डूमा गांव स्थित घर पहुंचा और उस कमरे में घुस गया, जहां सोनम सो रही थी. उसने बताया कि इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी.
पुलिस ने बताया कि लखनऊ में आइसक्रीम की रेहड़ी लगाने वाले अनुज जोशी की पहली शादी ज्योति नामक महिला से हुई थी. ज्योति से तलाक के बाद उसने सोनम जोशी से विवाह किया था. पहली पत्नी से उसके दो और सोनम से तीन बच्चे हैं. सभी बच्चे फिलहाल लखनऊ में रह रहे हैं. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें
