IPS Dr Rajeev Narayan Mishra: सफलता की कहानी हमेशा किसी बड़े पद से शुरू नहीं होती. कभी-कभी इसकी शुरुआत एक छोटे से क्लासरूम से होती है, जहां एक शिक्षक विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए घंटों तैयारी करता है. फिर वही व्यक्ति अपनी मेहनत, लगन और साहस के दम पर ऐसी पहचान बनाता है, जिसे लोग लंबे समय तक याद रखते हैं. पूर्व आईपीएस अधिकारी डॉ. राजीव नारायण मिश्र का सफर भी कुछ ऐसा ही रहा.
कॉलेज में लेक्चरर के रूप में करियर शुरू करने वाले राजीव नारायण मिश्र ने पुलिस सेवा में रहते हुए न केवल कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं, बल्कि अयोध्या के राम जन्मभूमि परिसर में हुए आतंकी हमले के दौरान भी अदम्य साहस का परिचय दिया. 31 अक्टूबर 2026 को गौतमबुद्धनगर के अपर पुलिस आयुक्त पद से उनकी सेवानिवृत्ति हुई.
अलग-अलग जिलों में हुई पढ़ाई, कानपुर से शुरू हुआ करियर
उन्होंने बताया कि कानपुर देहात के रहने वाले हैं वहीं उनकी शुरुआती शिक्षा उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हुई. उनके पिता सरकारी अधिकारी थे और नौकरी में स्थानांतरण के कारण परिवार को अलग-अलग जगह रहना पड़ता था. पिता की सेवानिवृत्ति के बाद परिवार कानपुर में बस गया. इसके बाद उन्होंने इंटरमीडिएट, स्नातक और परास्नातक की पढ़ाई कानपुर से पूरी की. उनकी ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन क्राइस्ट चर्च कॉलेज से हुई.
उन्होंने कहा कि पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्हें पीपीएन डिग्री कॉलेज, कानपुर में लेक्चरर के रूप में काम करने का अवसर मिला. यहां उन्होंने बीकॉम के विद्यार्थियों को पढ़ाया. कहा कि जिस कॉलेज से खुद पढ़कर निकले थे, उसी में शिक्षक बनकर जाना उनके लिए अलग अनुभव था. उस समय उनकी उम्र और विद्यार्थियों की उम्र में बहुत ज्यादा अंतर नहीं था. ऐसे में पढ़ाने की जिम्मेदारी चुनौतीपूर्ण थी.
बताया कि 40 से 45 मिनट का लेक्चर तैयार करने में उन्हें पांच से छह घंटे लग जाते थे. एक विषय की तैयारी के लिए चार से पांच किताबों का अध्ययन करते थे. इस अनुभव ने उनकी विषय संबंधी समझ और संवाद कौशल को बेहतर बनाया.
10 से 12 इंटरव्यू के बाद मिली सफलता
उन्होंने बताया कि असफलताओं का भी महत्वपूर्ण दौर रहा. पीपीएन डिग्री कॉलेज में चयन से पहले उन्होंने करीब 10 से 12 स्थानों पर इंटरव्यू दिए, लेकिन शुरुआती प्रयासों में सफलता नहीं मिली. इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी. उनका कहना है कि एक बार में सफलता नहीं मिलने पर निराश होने या अपना उद्देश्य बदलने की जरूरत नहीं है. लगातार प्रयास और धैर्य से मंजिल हासिल की जा सकती है.
बताया कि लेक्चरर के रूप में काम करने के बाद उन्होंने करीब दो साल एडोब में भी सेवाएं दीं. इसके बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की. उन्होंने एमफिल में प्रवेश लिया और नौकरी के दौरान सरकारी अनुमति लेकर पीएचडी भी पूरी की. बाद में मध्य प्रदेश की स्टेट मेन्स सर्विसेज परीक्षा दी और उत्तर प्रदेश पुलिस में सेवा का अवसर मिला.
राम जन्मभूमि हमले में दिखाया अदम्य साहस
कहा कि उनके पुलिस करियर का सबसे महत्वपूर्ण अध्याय 5 जुलाई 2005 को अयोध्या स्थित राम जन्मभूमि परिसर में हुए आतंकी हमले से जुड़ा है. उस समय उनकी तैनाती अयोध्या में थी. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, आतंकी हमले के दौरान उन्होंने सीआरपीएफ के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और पांच आतंकियों को मार गिराने में भूमिका निभाई. इस वीरता के लिए उन्हें प्रतिष्ठित राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित किया गया.
यह घटना उनके पुलिस सेवा के सफर में साहस और कर्तव्यनिष्ठा का महत्वपूर्ण उदाहरण बनी. एक ऐसे अधिकारी, जिन्होंने अपने करियर की शुरुआत शिक्षा के क्षेत्र से की थी, उन्होंने आगे चलकर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पुलिस की जिम्मेदारी निभाई.
कोरोना काल में ओपीडी को बनवाया कोविड अस्पताल
राजीव नारायण मिश्र की पहचान केवल एक सख्त पुलिस अधिकारी के रूप में ही नहीं रही, बल्कि उन्होंने संवेदनशीलता का भी परिचय दिया. कोरोना काल में प्रयागराज में तैनाती के दौरान उन्होंने अपनी पीएसी यूनिट की ओपीडी को सक्रिय कोविड अस्पताल में परिवर्तित करवाने की पहल की. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस व्यवस्था से हजारों लोगों को मदद मिली और उनकी जान बचाने में योगदान हुआ.
इसके अलावा उन्होंने वाराणसी में 34वीं वाहिनी पीएसी के कमांडेंट, प्रयागराज में माघ मेला के एसएसपी/डीआईजी और प्रयागराज पूर्वी जोन पीएसी के प्रभारी आईजी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभाई. माघ मेले में उन्हें लगातार पांच वर्षों तक काम करने का अवसर मिला. बताया कि इतने बड़े आयोजन में विभिन्न विभागों और संगठनों के बीच समन्वय स्थापित करना एक बड़ी चुनौती होती है.
कई जिलों में निभाई जिम्मेदारी, अब सेवा से विदाई
उन्होंने बताया कि अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने वाराणसी, फैजाबाद (अब अयोध्या), बरेली, मेरठ, मिर्जापुर और कुशीनगर समेत कई स्थानों पर सेवाएं दीं. लखनऊ में एसपी एसटीएफ के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली. मई 2025 से वह गौतमबुद्धनगर में अपर पुलिस आयुक्त के पद पर तैनात थे. नोएडा में रहते हुए उन्होंने साइबर अपराध के मामलों में बड़ी रिकवरी कराने और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए ऑटोमेटेड चालान प्रणाली को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया.
कहा कि वह 1994 बैच के पीपीएस अधिकारी रहे और वर्ष 2010 में उनका आईपीएस कैडर में प्रमोशन हुआ. सेवाकाल में उन्हें प्लैटिनम डीजीपी कमेंडेशन डिस्क 2022 और अति उत्कृष्ट सेवा पदक 2025 से भी सम्मानित किया गया. 31 अक्टूबर 2026 को पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त होने पर पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने उन्हें पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंटकर विदाई दी.
युवाओं को दिया खुद पर भरोसा रखने का संदेश
राजीव नारायण मिश्र युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों के माध्यम से सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि आइडेंटिफाई योरसेल्फ, बिलीव इन योरसेल्फ यानी खुद को पहचानिए और खुद पर विश्वास रखिए. उनके मुताबिक, युवाओं को अपनी योग्यता और क्षमता पहचानकर उसी के अनुरूप तैयारी करनी चाहिए. लगातार प्रयास, आत्मविश्वास और समर्पण से सफलता जरूर मिलती है.
