Last Updated:
दिग्गज एक्टर नाना पाटेकर के निधन से उनके करीबी दोस्त और फिल्ममेकर महेश मांजरेकर को गहरा सदमा लगा है. दोनों के बीच सालों पुरानी दोस्ती थी. हालांकि, नाना के निधन के वक्त महेश भारत में नहीं थे. इस वजह से वह अपने दोस्त को आखिरी बार भी नहीं देख पाए. अब एक इंटरव्यू में उन्होंने नाना के आखिरी पलों को याद किया है. उन्होंने बताया कि निधन से कुछ घंटे पहले नाना की तबीयत बिगड़ने लगी थी, लेकिन वह अस्पताल जाने के लिए तैयार नहीं थे. महेश ने इस दौरान तनुश्री दत्ता से जुड़े पुराने विवाद पर भी बात की. उन्होंने कहा कि इस मामले की वजह से नाना को काफी कुछ सहना पड़ा था.
महेश मांजरेकर और नाना पाटेकर अच्छे दोस्त थे.
नई दिल्ली. नाना पाटेकर के साथ फिल्ममेकर महेश मांजरेकर की दोस्ती सिर्फ फिल्मी पर्दे तक सीमित नहीं थी. दोनों के बीच ऐसा रिश्ता था, जिसमें दोस्ती के साथ खूब हंसी-मजाक और बेबाकी भी थी. लेकिन अब इस रिश्ते में एक ऐसा खालीपन आ गया है, जिसे भर पाना महेश के लिए आसान नहीं है. नाना के निधन के वक्त वह देश से बाहर थे और अपने दोस्त को आखिरी बार देख भी नहीं पाए. अब महेश ने एक इंटरव्यू में इस बात का दर्द बयां किया है. उन्होंने नाना की जिंदगी के आखिरी घंटों से जुड़ी जानकारी भी शेयर की. इसके अलावा उन्होंने तनुश्री दत्ता से जुड़े पुराने विवाद पर भी अपनी बात रखी और कहा कि इस मामले में नाना को काफी कुछ झेलना पड़ा था.
नाना को आखिरी बार महेश मांजरेकर नहीं देख पाए. हमारे सहयोगी न्यूज18 मराठी को दिए इंटरव्यू में बताया कि नाना के निधन के समय वह भारत में नहीं थे. काम के सिलसिले में उन्हें देश से बाहर जाना पड़ा था. इस वजह से वह अपने दोस्त से आखिरी बार नहीं मिल सके. इस बात का उन्हें आज भी अफसोस है.
खास थी ये दोस्ती
महेश ने बताया कि उनकी और नाना की दोस्ती काफी अलग थी. दोनों एक-दूसरे के साथ मजाक करते थे और गालियां भी देते थे. उनके बीच इस तरह की बातचीत को लेकर कभी कोई गलतफहमी नहीं हुई. महेश ने कहा कि अगर नाना आज उनके सामने होते तो वह उन्हें डांटते. वह उनसे कहते कि उन्हें इस तरह अचानक जाने का कोई हक नहीं था. कम से कम अपनी तबीयत खराब होने की जानकारी तो देनी चाहिए थी, ताकि दोस्त उनके पास पहुंच पाते. इस दौरान महेश काफी भावुक हो गए. उन्होंने कहा, ‘अगर मौत के बाद भी कोई जिंदगी होती है तो अपने परिवार से मिलने के बाद मैं सबसे पहले नाना से मिलना चाहूंगा.’
रात ढाई बजे बिगड़ने लगी थी नाना की तबीयत
बातचीत में महेश ने नाना के निधन से पहले के कुछ घंटों के बारे में भी बताया. उन्हें उस रात के बारे में बताया, जो जानकारी उन्हें मिली. दरअसल, 8 अक्टूबर को नाना को रात करीब 2:30 बजे बेचैनी महसूस हुई थी. इसके बाद उन्होंने अपने परिवार को अपनी तबीयत के बारे में बताया. रात करीब 3:30 बजे नाना ने अपने बड़े भाई को दोबारा फोन किया. उन्होंने कहा कि उनकी तबीयत अभी भी ठीक नहीं है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर परेशानी बढ़ी तो वह फिर फोन करेंगे.
हार्ट अटैक को समझते रहे गैस का दर्द
इसके बाद नाना के बड़े भाई उनके घर पहुंचे. उन्होंने नाना को अस्पताल चलने के लिए कहा. महेश के मुताबिक, नाना के घर से गोवा के एक अच्छे अस्पताल की दूरी महज चार मिनट थी. इसके बावजूद नाना अस्पताल जाने के लिए तैयार नहीं हुए. उन्हें लग रहा था कि शायद गैस की वजह से बेचैनी हो रही है. इसी दौरान नाना को अचानक दिल का दौरा पड़ा. इस घटना को याद करते हुए उन्होंने सवाल किया कि जब अस्पताल घर के इतने करीब था तो नाना समय रहते वहां क्यों नहीं गए. उन्होंने कहा कि वह आज भी इस बारे में सोचते रहते हैं कि अगर नाना समय पर अस्पताल पहुंच जाते तो शायद हालात अलग होते.
तनुश्री दत्ता विवाद पर क्या बोले महेश?
महेश मांजरेकर ने बातचीत के दौरान तनुश्री दत्ता और नाना पाटेकर से जुड़े विवाद पर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि इस मामले को बेवजह ज्यादा तूल दिया गया था. महेश ने दावा किया कि वह फिल्म के सेट पर मौजूद कई लोगों को जानते थे और उन्हें उस दिन हुई घटनाओं की जानकारी थी. उन्होंने कहा कि सेट पर मौजूद जिन लोगों से उनकी बात हुई थी, उन्होंने बताया था कि वहां कुछ भी गलत नहीं हुआ था. महेश के मुताबिक, इस पूरे विवाद की वजह से नाना को काफी कुछ सहना पड़ा. उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया के दौर में हर व्यक्ति की अपनी राय है और ऐसी चर्चाओं को रोकना आसान नहीं है.
क्या था तनुश्री दत्ता और नाना पाटेकर का विवाद?
यह मामला साल 2008 में आई फिल्म ‘हॉर्न ओके प्लीज’ की शूटिंग से जुड़ा था. तनुश्री दत्ता ने आरोप लगाया था कि फिल्म के सेट पर नाना पाटेकर ने उनके साथ गलत व्यवहार किया था. उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि विरोध करने के बाद उन्हें परेशान किया गया. नाना पाटेकर ने इन आरोपों को खारिज किया था. साल 2018 में मीटू अभियान के दौरान तनुश्री ने इस मामले को दोबारा उठाया था. इसके बाद यह विवाद देशभर में चर्चा का विषय बन गया था. अब नाना के निधन के बाद महेश मांजरेकर के बयान से यह पुराना मामला एक बार फिर सुर्खियों में है. हालांकि, विवाद को लेकर महेश ने जो बातें कही हैं, वे उनका निजी पक्ष हैं.
About the Author
15 साल पहले पत्रकारिता से शुरू हुआ शिखा पाण्डेय का सफर आज भी उसी जुनून के साथ जारी है. दिसंबर 2019 में न्यूज18 हिंदी से जुड़ने के बाद वह चीफ सब एडिटर के रूप मे…
